महाराष्ट्र सरकार ने बृहस्पतिवार को ‘आपले सरकार सेवा केंद्रों’ के विस्तार की घोषणा की। ये केंद्र विभिन्न नागरिक सेवाओं के लिए वन-स्टॉप सेंटर के रूप में काम करेंगे। यह कदम केंद्र सरकार की सीएससी 2.0 पहल के तहत राज्य के डिजिटल गवर्नेंस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए उठाया गया है। राज्य सूचना और प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हर ग्राम पंचायत में ‘आपले सरकार सेवा केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे। 5,000 से अधिक आबादी वाले गांवों में कम से कम दो ऐसे केंद्र होंगे। शहरी क्षेत्रों में केंद्रों की संख्या जनसंख्या घनत्व के आधार पर निर्धारित की जाएगी, ताकि सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। महा ई-सेवा केंद्र, जिला और तालुका स्तर के सेतु केंद्र, और नगरपालिका नागरिक सेवा केंद्रों को एकरूपता बनाए रखने के लिए ‘आपले सरकार’ ब्रांड के तहत लाया जाएगा। महाराष्ट्र सूचना प्रौद्योगिकी निगम (MITC) को इन केंद्रों के कार्यान्वयन और पर्यवेक्षण का प्रबंधन सौंपा गया है। ये केंद्र आधार से संबंधित सुविधाएं, बैंकिंग, बीमा, उपयोगिता बिल भुगतान, भूमि रिकॉर्ड, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी ऑनलाइन सेवाएं प्रदान करेंगे।
पुणे बस दुष्कर्म का आरोपी शिरुर से हिरासत में लिया
पुणे के स्वारगेट बस स्टेशन पर बस के अंदर 26 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने शुक्रवार को शिरुर तहसील से हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान दत्तात्रेय गाडे के रूप में हुई है। महिला के साथ कथित तौर पर हिस्ट्रीशीटर गाडे (37) ने मंगलवार की सुबह एसटी बस के अंदर दुष्कर्म किया था। पुणे और अहिल्यानगर जिले में चोरी, डकैती और चेन-स्नेचिंग के आधा दर्जन मामलों में गाडे का नाम है। वह इनमें से एक अपराध में 2019 से जमानत पर बाहर है।
सीएसएमटी पर प्लेटफॉर्म का विस्तार करने के लिए लगेगा दो दिन का ब्लॉक, कई ट्रेनें प्रभावित होंगी
मध्य रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर 24 कोच वाली ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म का विस्तार करने के लिए शुक्रवार रात से दो दिन का विशेष ब्लॉक लगाने की घोषणा की है। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला के अनुसार, इस काम के कारण कई उपनगरीय और लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित होंगी। नीला ने बताया कि यह विशेष ब्लॉक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों से पहले और बाद में किया जाएगा। पहले चरण का काम शुक्रवार रात 11:30 बजे शुरू होगा और सुबह 4:30 बजे खत्म होगा। दूसरा चरण शनिवार रात 11:15 बजे शुरू होकर रविवार सुबह 9:15 बजे तक चलेगा।





