रीवा । समाजवादी जन परिषद के नेता अजय खरे ने कहा है कि स्कूली और कॉलेजी परीक्षाएं हों या प्रतियोगी परीक्षाएं , परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के दौरान समय की जानकारी मिलना बेहद जरूरी है। परीक्षा प्रबंधक को इस संबंध में प्रत्येक परीक्षा हाल में उचित व्यवस्था बनानी चाहिए । श्री खरे ने कहा कि सामान्यतः सभी स्कूलों में कक्षा लगने और छूटने के समय घंटी बजाने की व्यवस्था अभी भी चल रही है लेकिन परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र हल करते समय परीक्षार्थियों को समय जानने की सुविधा खत्म कर दिए जाने से उन्हें काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है । परीक्षा के दौरान समय जानने के लिए पहले हाथ घड़ी ले जाने की छूट होती थी लेकिन इधर डिजिटल घड़ियों के दौर में अनुचित साधनों के दुरुपयोग की संभावना को ध्यान में रखते हुए , अब उस पर रोक है । परीक्षा कैसी भी हो , प्रश्न पत्र हल करने के लिए बीच-बीच में समय जानने की जरूरत होती है लेकिन परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी नहीं होने से परीक्षार्थियों को भारी असुविधा होती है । इस मुद्दे को उठाते हुए सजप नेता अजय खरे ने कहा है कि परीक्षा में प्रश्न पत्र हल करने के दौरान परीक्षार्थियों को समय जानने का अधिकार है । प्रश्न पत्र हल करने के लिए परीक्षार्थियों को एक निश्चित समय मिला करता है जिसमें उन्हें मिली उत्तर पुस्तिका पर कई प्रश्नों का उत्तर लिखना होता है ।
छोटे बड़े कई तरह के प्रश्न होते हैं , उनको किस तरीके से हल करना , यह परीक्षार्थी तय करता है लेकिन प्रश्नों का उत्तर देते हुए उसका समय निर्धारण घड़ी देखकर ही सही तरीके से किया जा सकता है । श्री खरे ने कहा कि विभिन्न स्कूलों में इधर परीक्षाएं चल रही हैं लेकिन कहीं भी परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी देखने को नहीं मिल रही है । परीक्षार्थी का एक एक सेकंड कीमती होता है यदि उसने किसी प्रश्न को हल करने में अधिक समय लगा दिया तो शेष समय में दूसरे प्रश्न सही तरीके से पूरे नहीं हो पाएंगे या छूट जाएंगे । देखने को मिल रहा है कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थी इस असुविधा का खामियाजा भुगत रहे हैं । उन्होंने कहा कि हाथ घड़ी पहनने की अनुमति न देने की स्थिति में परीक्षा कक्ष में बड़ी दीवार घड़ी लगाई जाए जिसे वहां बैठा प्रत्येक परीक्षार्थी घंटे , मिनट और सेकंड के कांटे आसानी से देखकर समय जान सके।





