राज्य शासन ने 9 IAS के तबादले किए हैं। 2007 बैच के IAS स्वतंत्र कुमार सिंह को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में सचिव बनाया गया है। जेल विभाग के अपर सचिव ललित कुमार दाहिया को कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। उमा माहेश्वरी आर को राज्य शिक्षा केंद्र की अपर मिशन संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह नगरीय प्रशासन एवं विकास का अपर आयुक्त शिवम वर्मा को बनाया गया है। कैलाश वानखेड़े भी नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में अपर आयुक्त बनाए गए हैं। लोकेश कुमार जांगिड़ को पर्यावरण विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई। काजल जावला को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा अपर मुख्य कार्यपाल अधिकारी, रोजगार गारंटी परिषद की जिम्मेदारी दी गई।
आकाश सिंह को उप सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग बनाया गया है। अभय सिंह ओहरिया को गृह विभाग का उप सचिव बनाया गया।
सांची जनपद अध्यक्ष ने कांग्रेस की सदस्यता ली
सोमवार को सांची (रायसेन) जनपद अध्यक्ष अर्चना पोर्ते सहित अन्य जनपद सदस्य कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने भोपाल में मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के पास पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता ली। अर्चना पोर्ते के अलावा जनपद सदस्यों में हरनाम सिंह जाट, जनपद सदस्य विनोद कुमार, जनपद सदस्य हरिनारायण लोधी, जनपद सदस्य गजराज सिंह, जनपद सदस्य फिरोज खान ने कांग्रेस जॉइन की है।

सांची (रायसेन) जनपद अध्यक्ष अर्चना पोर्ते सहित अन्य जनपद सदस्य कांग्रेस में शामिल हो गए। सभी ने भोपाल में सदस्यता ली।
कांग्रेस अध्यक्ष का ट्वीट BJP का ‘सबका साथ’ दिखावटी नारा
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने छतरपुर में दलित के चेहरे और शरीर पर मानव मल मलने की घटना पर मध्यप्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, मध्यप्रदेश में एक महीने में ही दलित-आदिवासी अत्याचार की दूसरी बेहद निंदनीय व पीड़ादायक वारदात हुई है, जो मानवता को शर्मसार कर देने वाली है।
NCRB रिपोर्ट (2021) का हवाला देते हुए उन्होंने लिखा- ‘भाजपा शासित मध्यप्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराधों का रेट सबसे ज्यादा है। आदिवासियों के खिलाफ सबसे अधिक अपराध हुए हैं। हर दिन 7 से ज्यादा अपराध हुए। मध्यप्रदेश के हमारे दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के नागरिक दशकों से भाजपाई कुशासन में अपमान का घूंट पी रहे हैं।’
आगे लिखा, ‘भाजपा का ‘सबका साथ’ केवल विज्ञापनों में सिमटकर एक दिखावटी नारा और PR स्टंट बनकर रह गया है। भाजपा हर दिन बाबासाहेब अंबेडकर जी के सामाजिक न्याय के सपने को चूर-चूर कर रही है। हम मांग करते हैं कि छतरपुर जिले की इस घटना पर कठोर से कठोर कार्रवाई हो।’
मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मामले में घेरा
घटना 21 जुलाई की दोपहर की है। महाराजपुर थाना इलाके के डिकौरा गांव में ग्राम पंचायत का काम चल रहा था। पीड़ित देशराज अहिरवार यहां मजदूरी कर रहा था। उसका आरोप है कि काम के दौरान सीमेंट उड़कर रामकृपाल पटेल पर चला गया। इससे नाराज होकर उसने मारपीट की। बाद में लौटे में मल लाकर चेहरे और शरीर पर मल दिया। शनिवार को महाराजपुर थाने की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट कर लिखा, ‘भाजपा हर दिन बाबासाहेब अंबेडकर जी के सामाजिक न्याय के सपने को चूर-चूर कर रही है।’
सिवनी में तालाब में नहा रहे चार बच्चों की डूबने से मौत
सिवनी में तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। घटना कुरई की है। रविवार शाम चारों बच्चों नहाने के लिए तालाब पर गए थे। परिजन खेत पर थे। वापस लौटे तो बच्चे नहीं मिले। तलाश शुरू की, साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। देर रात तालाब के पास बच्चों के कपड़े दिखाई दिए।
बाद में ऋषभ (5) पुत्र प्यारे लाल विश्वकर्मा, आरव (6) पुत्र यशवंत तुमराम, ऋतिक (10) पुत्र सुनील चक्रवर्ती और आयुष (8) पुत्र सोनू बाम्हने के शव बरामद हुए। कुरई थाना प्रभारी मदन लाल मरावी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद रात करीब 1 बजे बच्चों के शव परिजन को सौंपे गए।

चारों बच्चों की उम्र 5 से 10 साल के बीच है।





