टोंको-रोको-ठोंको क्रांतिकारी मोर्चा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर सीधी को ज्ञापन पत्र सौंप कर सूचित किया गया है कि रेत ठेकेदार सैनिक इंडस्ट्रीज कंपनी द्वारा जारी लूट एवं अनियमितता के खिलाफ ग्राम टिकरी (तेंदूपत्ता गोदाम के पास) में दिनांक 8 नाबम्बर 2021 से अनिश्चितकालीन धरना आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन पत्र सौंपते वक्त टोंको-रोको-ठोंको क्रांतिकारी मोर्चा के संयोजक उमेश तिवारी, माकपा के जिला सचिव सुंदर सिंह, एकता परिषद की सरोज सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीनिवास साकेत, विनय मिश्रा, केके मिश्रा, शिव कुमार सिंह, शालिक द्विवेदी, भूपेंद्र कुशवाहा, राजकुमार तिवारी, ज्योति प्रकाश नामदेव, लाला भैया शुक्ला, सुरेश केवट, प्रभात जायसवाल, रमाशंकर द्विवेदी, विजय बहादुर सिंह, अर्जुन सिंह, बलजीत सिंह मौजूद रहे।
ज्ञापन पत्र सौपने के बाद उमेश तिवारी ने बताया की सैनिक इंडस्ट्रीज के ठेकेदार द्वारा रेत खदानों में पर्यावरण एवम शासन द्वारा बनाई गई नीतियों को ताक पर रखकर मनमानी तरीके से गोपद नदी में अवैध तरीके से रेत उत्खनन का कार्य किया जा रहा है। ठेकेदार की तानाशाही पर रोक लगाए जाने हेतु किये जा रहे अनिश्चित कालीन आंदोलन सम्बन्धी कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन पत्र की मांग है की:-• ठेकेदार द्वारा संचालित खदान टिकरी, भुमका, डालापीपर, निधपुरी, गोतरा एवम अन्य खदानों का संचालन बिना सीमांकन कराए मनमानी तरीके से किया जा रहा है तत्काल सीमांकन कराकर सीमा चिन्ह बनाकर सीमा के अंदर उत्खनन का कार्य करवाया जाय।• संचालित रेत खदानों में ठेकेदार द्वारा मनमानी तरीके से रायल्टी के नाम पर कई गुना ज्यादा रकम ली जा रही है संचालित रेत खदानों में रेट सूची चस्पा की जाय।• खनिज अधिनियम में प्रावधान है की मध्य प्रदेश शासन एवं स्वच्छ भारत द्वारा पंचायतों द्वारा कराए जा रहे शासकीय कार्यों जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना एवम स्वच्छ भारत के कार्यों के लिए ठेकेदार द्वारा उचित दर पर रेत उपलब्ध कराई जाय किंतु किसी भी प्रकार की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई है जिसे तत्काल करवाया जाय।• खनिज अधिनियम में प्रावधान है कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति तथा कामगारी मजदूरों एवम स्थानीय कृषकों को प्रति वर्ष निजी कार्य हेतु 10 घनमीटर रेत उपलब्ध कराई जाय परंतु किसी भी प्रकार की रेत उपलब्ध नहीं कराई जाती अतः रेत की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाय तथा सीधी जिले के नागरिकों को स्वतः के निर्माण कार्य हेतु सस्ते दर पर रेत प्रदान की जाय। • ठेकेदार द्वारा रेत उत्खनन का कार्य पोकलेन मशीन लगाकर बिना अनुमानित गहराई के गहरे स्तर तक मनमानी तरीके से किया जा रहा है जिससे नदी में जीव जंतु एवं जानवरों के ऊपर खतरा बना रहता है कई स्थानीय ग्रामीणों की गहरे गढ्ढों में गिरने से मृत्यु भी हो चुकी है अतः नदी में मशीन प्रतिबंधित कर मजदूरों से उत्खनन एवं लोडिंग का कार्य करवाया जाय जिससे मजदूरों को रोजगार भी उपलब्ध हो सके। • संचालित रेत खदानों के रास्ते में उचित रखरखाव जैसे गढ्ढों का भरना धूल से निजात हेतु रास्ते में पानी डालना आदि कार्य ठेकेदार द्वारा नहीं करवाया जा रहा है जिससे सड़क के किनारे रहने वाले लोग धूल से परेशान हैं एवम गंभीर बीमारी के शिकार हो रहे हैं अतः रास्तों का रखरखाव सुनिश्चित कराया जाय।• आए दिन रेत खदान में लगे कर्मचारियों द्वारा मारपीट एवं अभद्रता की जाती है जिससे भय का माहौल निर्मित रहता है अतः रेत खदानों में लगे कर्मचारियों की पहचान कराकर उनकी सूची चस्पा कराई जाय।• ग्राम मूसामूडी के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का खाता प्रतिबंधित कर दिया गया है जिससे उन्हें आवास बनाने में कठिनाई हो रही है अतः खातों से प्रतिबंध तत्काल हटाया जाए। *उमेश तिवारी सीधी (मध्य प्रदेश)*





