भारत सरकार ने बयान जारी कर पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर मिसाइल हमला करने की जानकारी दी है. इस पर संयुक्त राष्ट्र की ओर से प्रतिक्रिया दी गई है.संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता ने कहा कि गुटेरेस नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार भारतीय सैन्य अभियानों को लेकर बहुत चिंतित हैं

एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफ़न दुजारिक ने कहा, “वह (एंटोनियो गुटेरेस) दोनों देशों से अधिकतम सैन्य संयम बरतने की अपील करते हैं. दुनिया भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव बर्दाश्त नहीं कर सकती.”
इससे पहले 5 मई को गुटेरेस ने एक्स पर पोस्ट किया था, “भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव पिछले कई सालों में सबसे ज़्यादा है. मैं 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूँ.”
पाकिस्तान का दावा, भारत के हमले में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत, पीएम शहबाज़ शरीफ़ क्या बोले?

पाकिस्तानी सेना ने बताया है कि भारत के हमले में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई है.
दूसरी ओर पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि भारत के हवाई हमलों में मस्जिद सहित कई जगहों को निशाना बनाया गया है.
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, “पाकिस्तान को इस उकसावे के बिना किए गए भारतीय हमले का निर्णायक रूप से जवाब देने का पूर्ण अधिकार है.””पूरा देश अपनी सेना के साथ एकजुट होकर खड़ा है. हमारा मनोबल और संकल्प अटूट बना हुआ है. हमारी दुआएं और शुभकामनाएं पाकिस्तान के बहादुर अधिकारियों और सैनिकों के साथ हैं.”
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, “पाकिस्तान की जनता और उसकी सेनाएं किसी भी ख़तरे का सामना करने और उसे पराजित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.””दुश्मन को कभी भी अपने नापाक इरादों में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा.”
भारत सरकार ने अब से कुछ देर पहले बयान जारी करके कहा है कि सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” शुरू किया है.
भारत सरकार ने अपने बयान में कहा है, ”इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पाकिस्तान के क़ब्ज़े वाले कश्मीर में आतंकी ढांचे को निशाना बनाया गया है, जहां से भारत पर आतंकी हमलों की योजना बनाई गई थी और उन्हें अंजाम दिया गया था.”
बयान में ये भी कहा गया है कि “कुल नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया है.”
दूसरी ओर पाकिस्तान के सरकारी टीवी ने सेना के प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर तीन जगहों पर मिसाइलों से हमला किया है.





