इंदौर के मल्हारगंज क्षेत्र में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के समर्थक बिल्डर अंकित राठौर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। तीन दिन पुराने विवाद में थप्पड़ का बदला लेने के लिए दो आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

तीन दिन पुराने विवाद का नतीजा बनी हत्या
पुलिस के अनुसार, हत्या की जड़ तीन दिन पुराना विवाद है। जानकारी के मुताबिक, मृतक अंकित राठौर की आरोपी लालू पंडित से कहासुनी हुई थी, जिसके दौरान अंकित ने उसे थप्पड़ मार दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी लालू पंडित ने रंजिश पाल ली और अपने साथी राजू पंडित के साथ मिलकर अंकित पर चाकू से हमला कर दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत
हमले में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस 10 मिनट में पहुंची, आरोपियों की तलाश जारी
सूचना मिलते ही मल्हारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। टीआई वीरेंद्र कुशवाह ने बताया कि दोनों आरोपी उसी इलाके के निवासी हैं। पुलिस ने उनकी तलाश में संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घरों पर दबिश दी है।
मंदिर विवाद की भी जांच
पुलिस इस हत्या के पीछे मंदिर से जुड़े किसी पुराने विवाद की भी जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के मुख्य कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
मृतक के परिवार का राजनीतिक-सामाजिक जुड़ाव
बताया जा रहा है कि मृतक अंकित राठौर की शादी दो साल पहले ही हुई थी। परिवार में उनकी पत्नी, एक बहन और एक भाई है, जो मुंबई फिल्म सिटी में कार्यरत है। अंकित के पिता समाज के पदाधिकारी हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े हुए हैं।





