अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

न्यूज ब्रीफ:उत्तर भारत में भूकंप के झटके, लद्दाख पर आमने-सामने सरकार और राहुल, और IPL में नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट हुए 292 प्लेयर्स

Share

TMC सांसद ने क्यों दिया राज्यसभा से इस्तीफा? सुप्रीम कोर्ट ने ट्विटर को क्यों दिया नोटिस? राज्यसभा में दामाद को लेकर क्यों हुआ हंगामा? आज सुबह हम ऐसी ही खास खबरें लेकर आए हैं। तो चलिए शुरू करते हैं मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ।

सबसे पहले देखते हैं बाजार क्या कह रहा है..

  • BSE का मार्केट कैप 203.92 लाख करोड़ रुपए रहा। 49% कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही।
  • 3,134 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। 1,439 कंपनियों के शेयर बढ़े और 1,532 के शेयर गिरे।

आज इन इवेंट्स पर रहेगी नजर

  • भारत-इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच आज से चेन्नई में खेला जाएगा। मैच 9:30 बजे शुरू होगा।
  • राजस्थान दौरे के दूसरे दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी रूपनगढ़ में ट्रैक्टर रैली में शामिल होंगे।
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प. बंगाल के क्रीनहर में परिवर्तन यात्रा में शामिल होंगे।

देश-दुनिया

भूकंप से हिला उत्तर भारत
उत्तर भारत शुक्रवार देर रात भूकंप के झटकों से हिल गया। दिल्ली-NCR, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ताजिकिस्तान था, जहां रात 10:31 बजे 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसी का असर भारत के कई राज्यों में महसूस किया गया। हालांकि इससे पहले NCS ने भारत में आए भूकंप का केंद्र अमृतसर में बताया था। लेकिन बाद में यह जानकारी हटा दी गई।

लद्दाख पर राहुल vs सरकार
लद्दाख को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने PM नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। राहुल ने कहा कि लद्दाख में फिंगर 3 से 4 के बीच की जमीन चीन को सौंप दी गई है, जबकि फिंगर 4 तक भारत की जमीन थी। मोदी ने चीन के सामने मत्था टेक दिया है। इसके बाद केंद्र ने कहा कि पूर्वी लद्दाख में पैंगॉन्ग त्सो इलाके में डिसएंगेजमेंट के लिए चीन के साथ हुए समझौते के लिए कोई भी जमीन नहीं छोड़ी गई है। जो लोग जवानों की कुर्बानी से मिली उपलब्धियों पर संदेह करते हैं, वे उनका अपमान करते हैं।

TMC सांसद का राज्यसभा से इस्तीफा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। उनके बेहद करीबी और TMC के राज्यसभा सांसद दिनेश त्रिवेदी ने बजट सत्र के दौरान अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया। वे पिछले 2 महीने से पार्टी से दूरी बनाकर चल रहे थे। TMC ने त्रिवेदी के फैसले को पार्टी और जनता के साथ विश्वासघात बताया है, वहीं भाजपा ने उन्हें पार्टी जॉइन करने का न्योता दिया है।

IPL ऑक्शन के लिए 292 प्लेयर्स शॉर्टलिस्ट
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन के लिए मिनी ऑक्शन 18 फरवरी को चेन्नई में होगा। इसके लिए 292 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी हो चुकी है। ऑक्शन के लिए 164 भारतीय, 128 विदेशी खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें से 3 खिलाड़ी एसोसिएट देश अफगानिस्तान, नेपाल और UAE के हैं। 8 फ्रेंचाइजी को मिलाकर 61 स्लॉट हैं, जबकि उनके पर्स में कुल 196.6 करोड़ रुपए हैं।

रोहतक के कॉलेज में 5 की गोली मारकर हत्या
हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार की रात 5 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस दौरान 3 लोग जख्मी भी हो गए। मरने वालों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं। शहर के जाट कॉलेज के अंदर जिम्नेजियम हॉल के कोच और खिलाड़ियों पर रात 9.30 बजे हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है।

दिल्ली में चाकू मारकर युवक की हत्या
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बुधवार को एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। अब इस मामले में अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। मां का आरोप है कि उनका बेटा मोहल्ले में जय श्रीराम का नारा लगाता था, इसलिए उसका कत्ल किया गया। वहीं, पुलिस का दावा है कि मृतक और आरोपी दोस्त थे। उनका बर्थडे पार्टी में झगड़ा हुआ था। वारदात को सांप्रदायिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। मृतक का नाम रिंकू शर्मा है। वह बजरंग दल का कार्यकर्ता बताया जा रहा है। रिंकू के परिवार का यह भी दावा है कि इससे पहले रिंकू ने पिछले साल 5 अगस्त को इलाके में श्रीराम रैली निकाली थी। तब भी आरोपियों की तरफ से ऐतराज जताया गया था।

तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में आग से 16 की मौत
तमिलनाडु के विरुद्धनगर की एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई। वहीं, झुलसने से 33 लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, केमिकल मिक्स करने के दौरान आग लगी। फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां कुछ लोगों को सीरीयस बर्न इंजुरी बताई गई है।

वित्त मंत्री का दामाद के बहाने कांग्रेस पर तंज
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को राज्यसभा में बजट पर चर्चा का जवाब दिया। इस दौरान बजट की खूबियां गिनाने के साथ ही वित्त मंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने दामाद शब्द का इस्तेमाल कर कांग्रेस पर तंज कसा। इस पर विपक्ष ने आपत्ति जताई तो वित्त मंत्री को सफाई देनी पड़ी। सीतारमण ने साफ-साफ तो कुछ नहीं कहा, लेकिन उनका कहने का मतलब यही था कि सरकार दामादों के लिए नहीं, बल्कि गरीबों के लिए काम कर रही है।

सुप्रीम कोर्ट ने दिया ट्विटर को नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने ट्विटर-फेसबुक पर फेक न्यूज और भड़काऊ मैसेज रोकने की मांग वाली एक याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई की। अदालत ने इस मामले में केंद्र सरकार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने ऐसी व्यवस्था बनाने को कहा, जिससे इस तरह की खबरों और मैसेज को रोका जा सके। वहीं, केंद्र सरकार से कहा कि इन पाबंदियों को प्रस्तावित सोशल मीडिया रेगुलेशन में भी शामिल किया जाए।

उत्तराखंड में जिंदगी बचाने की कोशिशें जारी
उत्तराखंड में चमोली जिले के तपोवन में छह दिन पहले आई आपदा के बाद टनल में फंसे लोगों को बचाने की कोशिशें जारी हैं। मीडिया रिपोर्ट में ITBP के एक अफसर के हवाले से बताया गया है कि टनल में गुरुवार को शुरू की गई ड्रिलिंग रोक दी गई है। दरअसल, 7 मीटर खुदाई के बाद चट्‌टान आ गई। काफी कोशिशों के बाद भी ड्रिलिंग नहीं हो सकी तो रेस्क्यू टीम ने पिछले प्लान पर ही काम करने का फैसला किया।

बैंक में FD पर मिल सकता है ज्यादा ब्याज
अप्रैल से बैंकों में पड़े आपके फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर ज्यादा ब्याज मिल सकता है। हालांकि, अगर आप बैंक से लोन लेते हैं तो आपको ज्यादा ब्याज भी भरना पड़ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) दरों को बढ़ाने की योजना बना रहा है। जब RBI ब्याज बढ़ाएगा तो बैंक डिपॉजिट और लोन दोनों पर ब्याज दरें बढ़ा देंगे। दरों को इसलिए बढ़ाया जाएगा, क्योंकि महंगाई को काबू में करना है।

टिकैत बोले- गुजरात को केंद्र के कंट्रोल से फ्री कराएंगे
कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन को शुक्रवार को 79 दिन पूरे हो गए। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने शुक्रवार को हरियाणा के बहादुरगढ़ में किसान महापंचायत में कहा, ‘हम देशभर में मार्च निकालेंगे। गुजरात को आजाद करवाएंगे। यह केंद्र के कंट्रोल में है। भारत आजाद है, लेकिन गुजरात के लोग कैद में हैं। अगर वे आंदोलन में शामिल होना चाहें, तो जेल हो जाती है।’

एक्सप्लेनर
टेस्ला के निवेश से बिटक्वॉइन की कीमत क्यों बढ़ी?
इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला ने बिटक्वॉइन में निवेश किया है। टेस्ला ने पिछले महीने अपनी इन्वेस्टमेंट पॉलिसी अपडेट की है। इसमें कंपनी ने बताया कि वो कुछ अल्टरनेटिव रिजर्व एसेट्स में भी निवेश करेगी। इसमें डिजिटल एसेट्स, गोल्ड बुलियन, गोल्ड एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड भी शामिल हैं। इसके लिए कंपनी ने 1.5 बिलियन डॉलर यानी करीब 11 हजार करोड़ रुपए बिटक्वॉइन में इनवेस्ट किया है। टेस्ला के ऐलान के बाद बिटक्वॉइन के रेट तेजी से बढ़ रहे हैं।

स्ट्रीट फूड बेचकर 3 लाख रु. महीने की कमाई
सड़क के किनारे, पार्कों में बैठे लोग स्ट्रीट फूड खाकर चटकारे ले रहे हों और उससे किसी को बिजनेस का आइडिया कौंध जाए.. सूरत शहर के तीन दोस्तों के साथ ऐसा ही हुआ। इन तीनों के दिमाग में आया कि क्यों न ऐसे लोगों को सिर्फ एक ऑर्डर पर अलग-अलग वैरायटी का खाना पहुंचाया जाए। लिहाजा, इन नौजवानों ने ‘बड़ा बक्सा’ नाम से स्टार्टअप शुरू किया। आइडिया क्लिक कर गया और आज उनका स्टार्टअप महीने में तीन लाख रुपए की कमाई कर रहा है।

वूमन डेटिंग ऐप के शेयर की बंपर लिस्टिंग
वूमन डेटिंग ऐप बंबल के शेयर की वैलेंटाइन वीक में शानदार ओपनिंग हुई है। अमेरिकी शेयर बाजार में शुक्रवार को बंबल के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) को निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज नैस्डेक (NASDAQ) में बंबल के शेयरों की लिस्टिंग 76.78% प्रीमियम पर 76 डॉलर प्रति शेयर पर हुई। इसका इश्यू प्राइस 43 डॉलर प्रति शेयर था।

देश का पहला CNG ट्रैक्टर लॉन्च
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने देश के पहले CNG ट्रैक्टर को लॉन्च किया। यह एक पुराने डीजल ट्रैक्टर था, जिसे CNG में बदला गया है। ट्रैक्‍टर को रॉमैट टेक्‍नो सॉल्‍यूशन और टोमासेटो एकाइल इंडिया ने मिलकर डेवलप किया है। दावा किया जा रहा है कि इस ट्रैक्टर के इस्तेमाल से किसान ईंधन लागत पर सालाना लगभग 1 से डेढ़ लाख रुपए तक की बचत कर सकेंगे। फिलहाल इसके खर्च के बारे में कोई ऐलान नहीं किया गया है।

सुर्खियों में और क्या है..

  • केंद्र सरकार ने सरकारी कर्मचारी की मौत के बाद परिवार को पेंशन के रूप में अब 1.25 लाख रुपए तक देने की घोषणा की है। अभी यह सीमा अधिकतम 45 हजार रुपए थी।
  • देश के 741 जिलों में से 622 में पिछले 7 दिन से कोरोना से कोई मौत दर्ज नहीं की गई है। इस दौरान सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र, केरल और कर्नाटक के 10 जिलों में दर्ज हुईं।
  • अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक बार फिर देश के लोगों से मास्क लगाने की अपील की है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर जिम्मेदारी न निभाने का आरोप भी लगाया।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें