भोपाल
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खंडवा से सांसद नंदकुमार सिंह चौहान की हालत चिंताजनक हो गई है। दिल्ली एम्स की टीम भी शुक्रवार सुबह भोपाल पहुंच गई थी। उनके फेफड़ों में 92% तक संक्रमण फैल चुका है। इसे देखते हुए एयर एंबुलेंस से चौहान को दिल्ली के मेदांता अस्पताल ले जाया गया। 11 जनवरी को कोरोना संक्रमित होने के बाद से ही उनका भोपाल के चिरायु अस्पताल में इलाज चल रहा था।
उनकी कोरोना रिपोर्ट तो अब निगेटिव बताई जाती है, लेकिन संक्रमण के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से चर्चा भी की थी। उसके बाद उनके एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने पर विचार किया जाने लगा था। हालांकि इससे पहले गुरुवार को दिल्ली से दो डॉक्टर भी भोपाल बुलाए गए थे।
11 जनवरी से इलाज चल रहा था।
चौहान ने खुद 11 जनवरी को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी। उसके बाद से उनका चिरायु अस्पताल में इलाज चलने लगा। इलाज के बाद भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं आया और उनकी तबीयत बिगड़ती गई।
वर्ष 2014 में थे प्रदेशाध्यक्ष
नंदकुमार सिंह चौहान को 16 अगस्त 2014 को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। चौहान जनवरी 2016 में दूसरी बार प्रदेश पार्टी अध्यक्ष बनाए गए थे। अप्रैल 2018 में नंदकुमार सिंह चौहान के स्थान पर जबलपुर के सांसद चौधरी राकेश सिंह को पार्टी ने नया प्रदेशाध्यक्ष बनाया था। इस बार उन्होंने विधानसभा के चुनावों में भी पार्टी के लिए खूब प्रचार किया था।





