नकवी को उपराष्ट्रपति कैंडिडेट बनाने की अटकलें
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। आज हुई कैबिनेट मीटिंग के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दिया। नकवी के साथ केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने भी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। दोनों का राज्यसभा कार्यकाल कल यानी गुरुवार को खत्म हो रहा है।
दोनों मंत्रियों के इस्तीफे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस्पात मंत्रालय और कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी को अल्पसंख्यक मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इधर, नकवी को उपराष्ट्रपति कैंडिडेट बनाए जाने की चर्चा है। नकवी को भाजपा ने पिछले दिनों हुए राज्यसभा के चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाया था, तब से ही कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी उन्हें किसी बड़ी भूमिका में लाना चाहती है।
सूत्रों के मुताबिक, उन्हें NDA की तरफ से उपराष्ट्रपति पद का कैंडिडेट बनाया जा सकता है। नकवी अभी तक केंद्र सरकार में मंत्री रहे हैं, साथ ही वे राज्यसभा में भाजपा संसदीय दल के उपनेता भी थे।
कैबिनेट मीटिंग के बाद नड्डा से मिले नकवी
केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्तार अब्बास नकवी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। हालांकि दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।
जदयू कोटे से मंत्री आरसीपी सिंह का भी इस्तीफा
मुख्तार अब्बास नकवी के साथ जनता दल यूनाईटेड के कोटे से केंद्र सरकार में मंत्री आरसीपी सिंह ने भी कैबिनेट से इस्तीफा दिया है। उन्हें भी जदयू ने राज्यसभा में अगला कार्यकाल नहीं दिया है। आरसीपी सिंह का राज्यसभा सांसद के तौर पर गुरुवार को ही अंतिम दिन है।





