नर्मदांचल में आस्था का महाकुंभ, जल मंच से होगा मां नर्मदा का अभिषेक, शामिल होंगे मुख्यमंत्री
नर्मदांचल में दो दिवसीय नर्मदा जयंती महोत्सव का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ। रविवार शाम सेठानी घाट पर जल मंच से मां नर्मदा का भव्य अभिषेक होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे। रविवार को ओंकारेश्वर के घाटों पर नर्मदा का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। नावघाट खेड़ी पर दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा होगी तो शाम 7:30 बजे केवल रामघाट पर मुख्य आरती के साथ काकड़ आरती की जाएगी। ओकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट द्वारा मां नर्मदा जयंती के सभी धार्मिक आयोजन सुबह 10:00 बजे से शुरू होंगे। दोपहर 12:00 बजे पंडित पुजारी मंदिर ट्रस्ट के अधिकारी कर्मचारी मां नर्मदा की आरती संपन्न करवाएंगे।
रामघाट पर होगा मुख्य आयोजन
मुख्य आयोजन केवल रामघाट पर जय मां नर्मदा युवा संगठन के तत्वाधान में सुबह 9:00 बजे से ही शुरू हो जाएगा। पंडित गोपाल कृष्णा दुबे, अशोक दुबे के द्वारा अनेक पंडित वेद मंत्रों के साथ मां नर्मदा जन्म उत्सव की शुरुआत करेंगे। दोपहर 12:00 बजे 251 लीटर दूध से मां नर्मदा का दुग्ध अभिषेक किया जाएगा। दोपहर 12:00 बजे से लेकर 4:00 बजे तक जेपी चौक पर आने वाले नर्मदा भक्तों के लिए भंडारे प्रसादी का आयोजन रहेगा। शाम 4:00 बजे जेपी चौक से भव्य शोभायात्रा नगर में निकलेगी। नन्हीं-नन्हीं बालिकाएं अपने सर पर कलश रखकर विष्णु मंदिर पुराना बस स्टैंड बालवाड़ी काशी विश्वनाथ मंदिर गोमुख घाट से केवल रामघाट रात्रि 7:00 बजे पहुंचेगी। उसके बाद मां नर्मदा की भव्य आरती के साथ ही काकड़ा आरती की शुरुआत होगी। सवा लाख दीपदान नर्मदा नदी में भक्तों के द्वारा किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इस मनोरम दृश्य को देखने के लिए नर्मदा नदी के घाटों पर उपस्थित रहेंगे। प्रसादी का मुख्य वितरण पुराने बस स्टैंड पर संगठन के तत्वाधान में किया जाएगा।
आदि गुरु शंकराचार्य तिराहे पर नहीं जा सकेंगे छोटे वाहन
प्रशासन ने सभी इंतजाम शनिवार को ही कर लिए थे। छोटे वाहनों को भगवान आदि गुरु शंकराचार्य तिराहे से जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। आने वाले सभी वाहनों को कुबेर भंडारी मंदिर की ओर पार्किंग कराया गया था। रविवार को भी पूरे दिन इसी प्रकार की व्यवस्था रहेगी। अधिक भीड़ बढ़ी तो नवीन बस स्टैंड का भी उपयोग किया जाएगा। पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने नर्मदा जन्मोत्सव की तैयारियों की कमान संभाल ली है। तहसीलदार उदय मंडलोई को मंदिर में श्रद्धालुओं दर्शन सुविधा के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। खंडवा डिप्टी कलेक्टर ओंकारेश्वर मंदिर के प्रभारी मुकेश काशिव ने बताया कि रविवार को नर्मदा जन्मोत्सव एवं सोमवार को 26 जनवरी पर 2 लाख से अधिक श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंचेंगे।
ड्यूटी पर लगाए गए 400 जवान
ओंकारेश्वर थाना प्रभारी अनोक सिंधिया ने बताया कि नर्मदा जन्मोत्सव पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए 400 जवानों को ड्यूटी पर लगाया है। पुलिस बल के जवान अधिकारी कर्मचारियों को बुला लिया गया है। खंडवा-खरगोन जिला प्रशासन के निर्देशों के बाद इंदौर से आने वाले बड़े वाहनों को तेजाजी नगर से मुंबई आगरा मार्ग से खरगोन पहुंचाया जाएगा एवं खंडवा से आने वाले बड़े वाहनों को देशगांव से खरगोन की ओर से इंदौर जाने के लिए निकाला जाएगा। नर्मदा रक्षा मंच के प्रदीप ठाकुर, मां रक्षा सेवा संगठन के रणजीत भवरिया ने मां नर्मदा का जन्मोत्सव मनाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह मां नर्मदा के जल में आटे के दीपक का दीप दान करें। इसके लिए उन्होंने अनेक नर्मदा भक्तों ने आटे के दीपक बनवाए हैं जो नर्मदा जयंती के दिन ओंकारेश्वर में घाटों पर लोगों को दिए जाएंगे।
नर्मदांचल के लोकोत्सव नर्मदा जयंती महोत्सव का शुभारंभ शनिवार सुबह मंगलाचरण के साथ हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रविवार शाम जल मंच से मां नर्मदा का भव्य अभिषेक पूजन होगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे।
आज जयंती समारोह के अंतर्गत मां नर्मदा का पूजन-अभिषेक किया गया। वहीं, कल दोपहर से सेठानी घाट पर मां नर्मदा का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम शाम 6 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस अवसर पर मां नर्मदा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा जल मंच से अभिषेक किया जाएगा। श्रद्धालु मां नर्मदा के पुण्य सलिल में लाखों दीप प्रवाहित कर जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे।

नर्मदा नगरी में पुण्य सलिला मां नर्मदा का दो दिवसीय जन्मोत्सव आज नित्य नर्मदा आरती समिति एवं नर्मदा महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा मां नर्मदा का पूजन-अभिषेक एवं महाआरती श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई। सेठानी घाट पर स्कूली बच्चों के लिए रंगोली, चित्रकला, मेहंदी पेंटिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सेठानी घाट पर कलेक्टर सोनिया मीना और पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री कल शाम नर्मदा जयंती महोत्सव में शामिल होंगे। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों के निर्देश दिए।





