Site icon अग्नि आलोक

बिक कर छपते अखबार

Share

नहीं समाज के सजग ये प्रहरी
और कहां अब सच के पैरोकार
पहले छपकर बिकते थे पर
अब बिक कर छपते अख़बार

सत्ता के सब हो गए दलाल
हाकिम के तलवे चाटेंगे
ये हक़ीक़त को झुठलाएंगे
मतलब की खबरें बांटेंगे
भाट कहो या कहलो चाटुकार
अब बिक कर छपते अख़बार

बेकारी की बात न होगी
नहीं दिखेगी महंगाई
और बगावत से नफरत
उसकी हर आवाज़ दबाई
कलम बने न अब तलवार
अब बिक कर छपते अख़बार

हर धोखे का पर्दाफाश
अब यह बात पुरानी हुई
सच्ची बात कहां बेधड़क
सब इकतरफा बेमानी हुई
मकसद हो गया है व्यापार
अब बिक कर छपते अख़बार

लोकतंत्र का चौथा स्तंभ
जिम्मेदारी से कतराता
मुख पृष्ठ ही समाचार का
आए दिन है बिक जाता
हो गई विज्ञापन की भरमार
अब बिक कर छपते अख़बार

__टिल्लू वर्मा

Exit mobile version