उज्जैन
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता नूरी खान के इस्तीफा देने और दो घंटे बाद वापस लेने के मामले को दबाव की राजनीति बताया जा रहा है। नूरी खान का कहना है कि साब यानि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का फोन आया था। उन्होंने आश्वासन दिया है, इसलिए इस्तीफा वापस ले लिया। इसी बीच सोमवार को नूरी के तांडव नृत्य का वीडियो भी सामने आया है। इसमें नूरी खान शिव तांडव करते दिख रही हैं। यह वीडियो एक महीने पुराना महाराष्ट्र के वर्धा का बताया जा रहा है।
बता दें कि कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता नूरी खान ने रविवार शाम अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए इस्तीफा दिया था। उन्होंने सभी पदों समेत कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी हटने की घोषणा कर दी थी। इस्तीफे की भाषा से लग रहा था कि वह अब वापस कांग्रेस में नहीं आएंगी। सोशल मीडिया पर भी अटकलें लगने लगी थीं। माना जा रहा था कि नूरी जल्द ही नई पार्टी जॉइन कर सकती हैं, लेकिन दो घंटे बाद ही सोशल मीडिया पर उन्होंने इस्तीफा वापस लेने की पोस्ट अपलोड कर दी। कहा- वह अपना इस्तीफा वापस ले रही हैं।

नूरी खान ने दो घंटे बाद ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के साथ अपना यह फोटो डालकर इस्तीफा वापस लेने की बात कही।
इसके बाद राजनीतिक गलियारों में नूरी के असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम में जाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। उन्होंने यह इस्तीफा सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। यहां सोशल मीडिया यूजर उन्हें अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर डटे रहने के लिए भी प्रेरित कर रहे थे।
क्या हुआ उन दो घंटों में
नूरी ने इस्तीफा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को सौंपा था। जैसे ही, उन्हें यह इस्तीफा मिला, कुछ देर बार रात करीब 8 बजे कमलनाथ ने नूरी को फोन किया। नूरी ने बताया कि साब का फोन आया था। उन्होंने कहा- जल्दबाजी में फैसला मत करो, जल्द ही अच्छी जगह एडजस्ट करेंगे। अभी पार्टी को आपकी जरूरत है। नूरी ने कहा कि साब की समझाइश के बाद मैंने इस्तीफा वापस ले लिया।

कांग्रेस में अल्पसंख्यकों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए नूरी ने रविवार शाम पार्टी को इस्तीफा देकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।

नूरी का इस्तीफा
इस्तीफा और शिव तांडव नृत्य के वीडियो वायरल की टाइमिंग भी चर्चा में
नूरी खान का नाम कांग्रेस में महिला प्रदेश अध्यक्ष के लिए चर्चाओं में आ गया था। माना जा रहा था कि यह नाम लगभग तय है, लेकिन अचानक अर्चना जायसवाल को महिला कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नूरी नाराज हो गई थीं। अब सोमवार को नूरी का शिव तांडव नृत्य का सामने सामने आया है। यह नृत्य उन्होंने कांग्रेस की महाराष्ट्र के वर्धा में पिछले महीने नवंबर में हुई बैठक में किया था।
राजनीतिक जानकार उनके इस्तीफे और तांडव नृत्य के वायरल वीडियो के आने को नूरी की नाराजगी से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि नूरी का कहना है कि वर्धा में वे उज्जैन का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। बैठक के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने यह नृत्य किया था। चूंकि उज्जैन शिव की नगरी है और मैं शिव तांडव व कृष्ण के नृत्य बचपन से करती आ रही हूं, इसलिए मैंने वहां इसी नृत्य की प्रस्तुति दी थी।
नाराजगी या दबाव की राजनीति
जिस तरह से नूरी ने इस्तीफा देकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी। फिर वापस लेकर सबको चकित कर दिया। इससे चर्चाएं हैं कि यह नूरी की दबाव की राजनीति तो नहीं है। बैठक के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने यह नृत्य किया था। चूंकि उज्जैन शिव की नगरी है। मैं शिव तांडव व कृष्ण के नृत्य बचपन से करती आ रही हूं, इसलिए मैंने वहां इसी नृत्य की प्रस्तुति दी थी।





