खरगोन के मंडलेश्वर में एक पटवारी को इंदौर लोकायुक्त पुलिस टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा. जमीन नामांतरण के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा हल्का नंबर 24 का पटवारी छतर सिंह चौहान लोकायुक्त इंदौर की टीम के हत्थे चढ़ गया. फरियादी से पहली किश्त 25 हजार रुपये लेते ही लोकायुक्त ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. लोकायुक्त इंदौर के डीएसपी आनंद चौहान की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई की. फरियादी बच्चू सिंह निवासी खारिया ने लोकायुक्त से शिकायत की थी. उसने बताया कि वह सितंबर से अपनी जमीन के नामांतरण के लिए दौड़ रहा था. वह रजिस्ट्री सहित अन्य दस्तावेज जमा कर चुका था. पटवारी लगातार पैसे की डिमांड कर उसे परेशान कर रहा था. शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त इंदौर की टीम ने ट्रैप प्लान कर मंडलेश्वर में आरोपी पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया.
हिरण का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार
सागर में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. हिरण के मांस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी हिरण का शिकार कर मांस को पकाकर खाने की तैयारी कर रहे थे. वन विभाग की टीम ने नाकाबंदी करके पकड़ा. आरोपियों के पास से एक राइफल, 15 जिंदा कारतूस और तीन खाली खोखे भी मिले हैं. दो फोर-व्हीलर वाहनों को भी जब्त किया गया है. आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
कोलारस में अवैध खेती, 250 बीघा पर चला बुलडोजर
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी डॉक्टर को कोर्ट में पेश किया
नेपानगर के एक दवाखाने में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी डॉक्टर इमरान को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुरहानपुर कोर्ट में पेश किया. इस दौरान रास्ते पर लोगों की नजरें टिकी रहीं. आरोपी को कोर्ट ले जाते समय सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. घटना से हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है. आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है. हिंदू संगठनों का कहना है कि ऐसे दरिंदे के लिए फांसी से कम की सजा मंजूर नहीं है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
भाजपा विधायक संजय पाठक पर 443 करोड़ की रिकवरी! खनिज विभाग का अंतिम नोटिस जारी
जबलपुर: जबलपुर खनिज विभाग ने भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री संजय पाठक को 443 करोड़ रुपये की रिकवरी का अंतिम नोटिस जारी किया है. आरोप है कि सिहोरा क्षेत्र की तीन लौह अयस्क खदानों से तय सीमा से अधिक खनन किया गया. 10 नवंबर को भेजे गए नोटिस के बाद पाठक ने गणना रिपोर्ट मांगी थी, जिसके जवाब में विभाग ने 450 से अधिक पन्नों की रिपोर्ट भेजी.
इंदौर में दुष्कर्म के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव! आरोपी हम्स शेख गिरफ्तार
Indore News: इंदौर के तिलक नगर क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म कर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है. पीड़िता अपने पति के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी हम्स शेख को दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.
शिवपुरी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई! कोलारस में 250 बीघा सरसों की फसल पर चला जेसीबी
शिवपुरी के कोलारस में वन विभाग ने ग्राम रामराई में अवैध कब्जे वाली वन भूमि पर बोई गई 250 बीघा सरसों की फसल पर जेसीबी चला दी. कार्रवाई में 6 जेसीबी, कई ट्रैक्टर और लगभग 100 पुलिसकर्मी लगाए गए. वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और कार्रवाई अभी भी जारी है.
बैतूल में किसानों का गुस्सा फूटा! पचधार डैम से पानी नहीं मिलने पर चकाजाम
बैतूल के पचधार डैम की नहरों से किसानों को पानी नहीं मिलने पर बिसनूर, पचधार और आसपास के गांवों के किसानों ने मुलताई-आठनेर मार्ग पर चकाजाम किया. डैम बनने के पांच साल बाद भी किसानों को लाभ नहीं मिला. पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से बातचीत जारी है. किसान बड़े आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं.
बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी ने सदन में आरजीपीवी में हुए घोटाले का मुद्दा उठाया
बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी ने सदन में ध्यानाकर्षण के दौरान आरजीपीवी में हुए घोटाले का मुद्दा उठाया. 19 करोड़ से अधिक की वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया था, जिसमें सरकारी खाते से निजी खाते में करोड़ों रुपए ट्रांसफर किए गए थे. सबनानी ने पूछा कि दोषियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है. मंत्री ने जवाब दिया कि चार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई थी और आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है.
मनचले की परिजनों ने कर दी पिटाई, आरोपी हिरासत में
आगर मालवा के बड़ौद चौराहा पर एक मनचले की छेड़छाड़ से नाराज परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी. युवती ने भी आरोपी को चप्पल से पीटा. पुलिस को भीड़ को काबू करने में मुश्किल हुई. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया और थाने में पूछताछ जारी है. पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है.
विधानसभा में फिर उठा लैंड पुलिंग का मामला
विधानसभा में लैंड पुलिंग का मुद्दा उठा. कांग्रेस विधायक महेश परमार ने उज्जैन में लैंड पुलिंग की वर्तमान स्थिति पर जानकारी मांगी. उज्जैन में किसानों के संघर्ष के बाद लैंड पुलिंग को निरस्त करने की घोषणा हुई थी, परंतु घोषणा पत्र कब तक जारी होगा और आदेश कब लिखित में निरस्त होगा, यह स्पष्ट नहीं है. कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि सीएम मोहन यादव ने पत्र जारी करने की घोषणा की है. अजय सिंह ने चिंता जताई कि पत्र की स्पीड को लेकर किसान चिंतित हैं. कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने घोषणा कर दी है, अब क्या बचता है.
बीजेपी विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया ने नगर निगम के विरूद्ध उठाया सवाल
बीजेपी विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया ने नगरीय निगम में नियम विरुद्ध नियुक्ति पर सवाल उठाया. इस पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधायक का सवाल स्वीकारते हुए जवाब दिया. मंत्री ने बताया कि विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जो अधिकारी, कर्मचारी, राजनीतिक दबाव और प्रशासनिक दबाव के चलते नियुक्त हैं, उन्हें उनके मूल विभाग में भेजा जाएगा. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है.




