इंदौर
प्रॉपर्टी के लिए वित्तीय साल 2021-22 में नए दाम तय करने के लिए भोपाल पंजीयन विभाग ने सभी जिला प्रमुखों को एक फॉर्मूला बनाकर भेजा है। इसके अनुसार जहां पर गाइडलाइन के 50% अधिक भाव पर रजिस्ट्री हुई है, वहां पर 20% की बढ़ोतरी गाइडलाइन में की जाए।
संपदा सॉफ्टवेयर से निकाले गए इंदौर के सौदों की जानकारी के अनुसार यहां 50 मल्टी और 76 ऐसी कॉलोनी व स्पॉट हैं, जहां तय गाइडलाइन मूल्य से 50 फीसदी से अधिक कीमत पर रजिस्ट्री की गई है। माना जा रहा है कि निवेशकों ने यहां पर बाजार मूल्य अधिक होने और बैंक लोन अधिक मंजूरी के लिए यह सौदे ज्यादा कीमत पर किए हैं। अब पंजीयन विभाग ने वित्तीय साल 2021-22 की नई गाइडलाइन के लिए जो प्रांरभिक रूपरेखा बनाई है, उसके अनुसार इन जगहों पर 20 फीसदी बढ़ोतरी वाले दाम प्रस्तावित किए जाएंगे।
इंदौर में कुल 540 जगह, जिसमें 246 मल्टी व 294 स्पॉट शामिल हैं, पर तय गाइडलाइन से अधिक मूल्य पर रजिस्ट्री हुई है। इसमें से 469 लोकेशन पर बढ़ोतरी के प्रस्ताव तय किए जाएंगे। प्रस्ताव में 5% अधिक भाव पर रजिस्ट्री होने वाली 71 लोकेशन को छोड़ा जाएगा।
गाइडलाइन बढ़ाने का यह होगा फॉर्मूला

20% बढ़ोतरी तो ऐसे होगा असर
यदि 5000 हजार रुपए प्रति वर्गफीट मूल्य गाइडलाइन में हैं और रजिस्ट्री 7500 रुपए पर हो रही है तो यहां के दाम गाइडलाइन में 20 फीसदी बढ़ाते हुए छह हजार रुपए प्रति वर्गफीट कर दिए जाएं। हालांकि अंतिम फैसला जिला मूल्यांकन कमेटी की बैठक में ही तय होगा। वहीं बीते चार सालों से गाइडलाइन में बढ़ोतरी नहीं की गई है। एक साल तत्कालीन सीएम कमलनाथ के समय तो इसमें 20% कटौती करने का भी फैसला हुआ था, वहीं बीते साल निर्माण दर में 50% बढ़ोतरी की गई थी।
यहां रजिस्ट्री 50% से ज्यादा दाम पर
संपदा सॉफ्टवेयर से आई जानकारी के अनुसार लोगों द्वारा रंगवासा, नैनोद, छोटा बांगड़दा, निपानिया, पालाखेड़ी, लिम्बोदागारी, हिंगोनिया, बड़ा बांगड़दा, झलारिया, सनावदिया, तलावलीचांदा, निहालपुर मुंडी जगहों पर अधिक मूल्य पर रजिस्ट्री कराई है।





