राहुल गांधी सोमवार को संसद सदस्यता बहाल होने पर 137 दिन बाद संसद भवन पहुंचे। उनके संसद पहुंचते ही लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक न्यूज वेबसाइट का मुद्दा उठाया।
दुबे ने सदन में कहा, देश में पड़ोसी देश के पैसे से PM मोदी के खिलाफ माहौल बनाया गया। न्यूज वेबसाइट में पड़ोसी देश से पैसा आया। यह देश विरोधी है।
उधर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाए कि, ‘कांग्रेस, चीन और विवादित न्यूज वेबसाइट न्यूज क्लिक एक ही गर्भनाल से जुड़े हैं। राहुल गांधी की ‘नकली मोहब्बत की दुकान’ में पड़ोसी सामान साफ देखा जा सकता है। चीन के प्रति उनका प्रेम नजर आ रहा है। वे भारत विरोधी अभियान चला रहे।’
दोपहर बाद सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा में डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन बिल 2023 पास हो गया। इस दौरान विपक्षी सांसद मणिपुर मुद्दे को लेकर नारेबाजी करते रहे।
इस बिल के कानून बनने से डेटा इकट्ठा करने वाली कंपनियों को यह बताना होगा कि वे कौन सा डेटा ले रही हैं और डेटा का क्या इस्तेमाल किया जाना है। कंपनियों को कॉन्टैक्ट डीटेल्स भी यूजर्स को मुहैया कराने होंगे। यूजर्स को अपने पर्सनल डेटा को बदलने या उन्हें डिलीट कराने का भी अधिकार होगा।
अब राहुल के संसद पहुंचने के पूरे घटनाक्रम को सिलसिलेवार पढ़िए…
1. समय सुबह 10 बजे : सांसदी बहाल नहीं होने पर कांग्रेस की सुप्रीम कोर्ट जाने की धमकी

आज सुबह 10 बजे के करीब राहुल गांधी 10 जनपथ से निकले थे।
राहुल की संसद सदस्यता की बहाली को लेकर आज सुबह से सस्पेंस बना हुआ था। सुबह तक कांग्रेस को यकीन नहीं था कि राहुल की सांसदी आज बहाल हो जाएगी। एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि, अगर आज (7 अगस्त) राहुल की सदस्यता बहाल नहीं की जाती, तो कांग्रेस नेता मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट जाते।
2. समय सुबह 11 बजे : लोकसभा सचिवालय ने जारी की अधिसूचना

राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ सदन के अंदर गए।
राहुल की सदस्यता बहाल करने का फैसला लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को लेना था। उन्होंने इस पर देरी न की। आज सुबह 11 बजे लोकसभा सचिवालय के तरफ से अधिसूचना जारी की गई। जिसमें लिखा था, सुप्रीम कोर्ट ने 4 अगस्त को दिए फैसले में राहुल की सजा पर रोक लगा दी है। ऐसे में उनकी सांसद सदस्यता बहाल की जाती है।
3. समय सुबह 11:30 बजे : कांग्रेस नेताओं ने मनाया जश्न, अधीर रंजन ने खड़गे को खिलाई मिठाई

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल होने के बाद I.N.D.I.A गठबंधन के नेताओं ने जश्न मनाया।
राहुल की सांसदी बहाली की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने जश्न मनाना शुरु कर दिया। अधीर रंजन चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को मिठाई खिलाई। वहीं कांग्रेस समर्थकों ने 10 जनपथ के बाहर ढोल बजाए और डांस किया।
4. समय दोपहर 12 बजे : संसद पहुंचे राहुल, गेट पर I.N.D.I.A सांसदों ने नारे लगाए

संसद में पहुंचते ही राहुल गाड़ी से उतरे। इस दौरान I.N.D.I.A गठबंधन के सदस्य राहुल के स्वागत को खड़े थे।
राहुल गांधी दोपहर 12 बजे के करीब गाड़ी से संसद भवन पहुंचे। इस दौरान विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के सासंद गेट पर राहुल का स्वागत करने के लिए खड़े थे। सांसदों ने राहुल तुम आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं, के नारे भी लगाए। राहुल ने फिर सभी को नमस्कार किया।
5. समय दोपहर 12:03 मिनट : राहुल गांधी के संसद पहुंचने की पहली तस्वीर

लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे शुरु हुई थी तीन मिनट तक राहुल लोकसभा में अपनी कुर्सी पर बैठे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राहुल की संसद सदस्यता की बहाली को लेकर अब तक क्या हुआ…
4 अगस्त : सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने के तुरंत बाद कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से मुलाकात कर उनसे राहुल की सदस्यता बहाल करने का आग्रह किया था। स्पीकर ने चौधरी से कहा था कि सुप्रीम कोर्ट से आदेश मिलने के बाद ही वह इस पर फैसला करेंगे।
5 अगस्त : शनिवार को अधीर रंजन ने छुट्टी होने के चलते लोकसभा सचिवालय में डाक के माध्यम से कागज भेजे। अधीर रंजन ने बताया कि एक अवर सचिव ने कागज रिसीव किए और साइन कर दिए, लेकिन मुहर नहीं लगाई।
7 अगस्त : लोकसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी की। जिसमें लिखा था, सुप्रीम कोर्ट के 4 अगस्त के आदेश के मुताबिक राहुल की सजा पर रोक लगा दी गई है। जिसके चलते उनकी संसद सदस्यता बहाल की जा रही है।
राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल होते ही कांग्रेस ने करीब 10 मिनट के अंदर दो ट्वीट किए। पहले ट्वीट में पार्टी ने संसद सदस्यता बहाली वाला नोटिफिकेशन शेयर करते हुए लिखा, यह नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत है। वहीं दूसरे ट्वीट में अधीर रंजन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को मिठाई खिलाते नजर आए। इसका वीडियो शेयर करते हुए पार्टी ने लिखा, राहुल गांधी जी की संसद सदस्यता बहाल हो गई। ये सत्य की जीत है, भारत के लोगों की जीत है।
राहुल गांधी की सांसदी बहाल होने पर जश्न की तस्वीर…

दिल्ली में 10 जनपथ के बाहर कांग्रेस समर्थकों ने ढोल बजाकर और डांस करके जश्न मनाया।

यह तस्वीर सुबह 12 बजे की है। जब राहुल 137 दिनों बाद संसद भवन आए।
राहुल गांधी की सदस्यता बहाली पर किसने क्या कहा…
- संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, स्पीकर ने आज फैसला लिया। हमने कानूनी प्रक्रिया का पालन किया और सुप्रीम कोर्ट का आदेश मिलने के तुरंत बाद हमने इसे बहाल कर दिया।
- मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, राहुल गांधी की सांसदी बहाल करना एक स्वागत योग्य कदम है। यह भारत के लोगों और विशेषकर वायनाड के लोगों में विश्वास दिलाता है।
- कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम ने कहा, हम खुश हैं कि स्पीकर ने आज ही राहुल की सासंदी बहाली का फैसला लिया। राहुल अब लोकसभा में बैठ सकेंगे।
- सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, मैं राहुल गांधी को बधाई देती हूं और स्पीकर को धन्यवाद कहना चाहूंगी कि उन्होंने राहुल की सदस्यता बहाली में देरी नहीं की।
- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, जहां तक कांग्रेस नेताओं और राहुल गांधी का सवाल है तो मैं उन्हें सदस्यता बहाल होने पर बधाई देना चाहता हूं। मैं सुप्रीम कोर्ट को भी बधाई देता हूं। इस फैसले के बाद लोकतंत्र और न्यायालय पर विश्वास बढ़ा है।
भाजपा सांसद कठेरिया की सजा पर जिला जज ने रोक लगाई

इटावा से भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया को MP/MLA कोर्ट ने (5 अगस्त) 2 साल की जेल और 50 हजार जुर्माने की सजा सुनाई। उन्हें बिजली सप्लाई करने वाली कंपनी के टोरंट अधिकारी से मारपीट और बलवा करने का दोषी करार दिया गया था। कठेरिया केंद्रीय राज्यमंत्री भी रह चुके हैं। घटना के समय वे आगरा के सांसद थे। मामला 16 नवंबर 2011 का है।
हालांकि, बीजेपी सांसद कठेरिया को आगरा जिला जज कोर्ट से राहत मिली। रामशंकर कठेरिया ने सोमवार को इस मामले में जिला न्यायालय की कोर्ट में अपील दाखिल की थी। जिसकी सुनवाई के दौरान उनकी सजा पर रोक लगा दी। अब अगली सुनवाई 11 सितंबर को को होगी।





