अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

बुजुर्ग कांग्रेस में युवा कांग्रेस की बगावत:युवक कांग्रेस पार्षद का टिकट नहीं मिलने से नाराज

Share

भोपाल

मध्यप्रदेश में युवक कांग्रेस ने अपनी ही बुजुर्ग पार्टी यानि प्रदेश कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवक कांग्रेस निकाय चुनाव में पार्षद का टिकट नहीं मिलने को लेकर नाराज है। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार शाम भोपाल में आक्रोश जताते हुए प्रदेश कार्यालय का घेराव किया। युवक कांग्रेस के भोपाल जिलाध्यक्ष नरेंद्र यादव का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान डंडा खाने के लिए हम और टिकट घर में सोने वालों को दिए गए हैं। ऐसे में निगम चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। 22 जून से पहले उनके मेमोरेंडम पर विचार करने कर युवा कांग्रेस को टिकट देने की मांग प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ से की है।

मध्यप्रदेश में पार्षदों के टिकट बंटवारे के साथ ही BJP और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों में बगावत शुरू हो गई है। भोपाल समेत प्रदेशभर में पार्टी के पदाधिकारी-कार्यकर्ता इस्तीफे दे रहे हैं। युवा कांग्रेस के भोपाल जिला अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने टिकट वितरण पर सवाल भी खड़े किए। उन्होंने कहा कि जो लोग साल भर घर में सोते रहे, उनको टिकट दे दिए गए हैं। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान कार्यालय में नारेबाजी भी की। सभी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष और जिले की कार्यकारिणी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय परिसर में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय परिसर में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन।

लड़ाई के समय हमारी याद आती है

यादव ने कहा कि सड़क पर लड़ाई करने, संघर्ष के लिए, भाजपा से केस लगवाने के लिए हमारी याद आती है। हम अपनी व्यथा सुनाने और अधिकार मांगने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को सुनाने आए हैं। कमलनाथ से मांग की गई है कि युवा कांग्रेस के साथियों को नगर निगम चुनाव में लड़ाया जाए। हम सब जीतकर आने वाले लोग हैं। हमने लोगों के लिए संघर्ष किया है। अभी भी वक्त है। 22 जून तक बी-फार्म जमा हो सकता है।

यादव ने कहा कि जयपुर में चिंतन शिविर में 30 % युवाओं को मौका देने की सहमति बनी थी, इसलिए विचार किया जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं होगा, तो कांग्रेस को काम करने वाले लोग कहां से मिलेंगे।

भोपाल में 8 पूर्व पार्षदों ने कांग्रेसी छोड़ी, बीजेपी में भी कलह; ‘आप’ की नजर

इससे पहले भोपाल में एक साथ 8 पूर्व पार्षदों ने कांग्रेस छोड़ दी, जबकि बीजेपी में भी कलह उजागर हो गई। ऐसे में जहां असंतुष्टों को मनाने में पार्टी नेताओं को पसीना छूट रहा है। वहीं, ‘आप’ ने सेंध लगाना शुरू कर दिया है। बीजेपी-कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं को आम आदमी पार्टी अपने पाले में ले रही है।

राजधानी में सबसे ज्यादा बगावत देखने को मिल रही है। दो बार पार्षद रहे अब्दुल शफीक खान, शाहिद अली, शबाना अली, अफरोज जहां, नजमा अंसारी, रेहान गोल्डन, मुजीब खान समेत 8 पूर्व पार्षदों ने इस्तीफे दे दिए। उनके साथ करीब 70 कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया। वार्ड 41 से मोहम्मद फहीम को टिकट मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध किया। पूर्व पार्षद रईसा मलिक ने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली।

अब वे महापौर कैंडिडेट के रूप में मैदान में उतरी हैं। नॉमिनेशन भी जमा कर दिया है। वार्ड-42 के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टिकट नहीं दिए जाने से नाराज होकर आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली। बगावत की ऐसी ही तस्वीर हर वार्ड में देखने को मिल रही है। जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने बताया कि 85 वार्ड में टिकट किसी एक को ही दिया जा सकता है। पार्टी डैमेज कंट्रोल कर अपनों को मना रही है।

बीजेपी नेता भी पीछे नहीं
बगावत में बीजेपी के नेता भी पीछे नहीं है। वार्ड-4 से चंदू इसरानी का टिकट कटने से उनके छोटे भाई कन्हैयालाल इसरानी ने निर्दलीय के तौर पर नॉमिनेशन जमा कर दिया। कन्हैयालाल बैरागढ़ कपड़ा व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष भी हैं। वार्ड-56 से पूर्व पार्षद केवल मिश्रा का टिकट कटने से समर्थन नाराज हैं।

वे सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बंगले के बाहर प्रदर्शन भी कर चुके हैं। बीजेपी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उपाध्यक्ष रहे संतोष यादव, पूर्व मंडल मंत्री राकेश यादव ने भी इस्तीफा दे दिया। वार्ड-15 से टिकट मांग रहे पुष्पेंद्र जैन पार्टी मुख्यालय पर पहुंचकर रो पड़े। आत्मदाह करने की चेतावनी दे डाली।

देवास में आत्मदाह का प्रयास
देवास में भाजपा कार्यालय पर एक कार्यकर्ता ने टिकट नहीं मिलने के बाद खुद पर केरोसिनडालकर आत्मदाह का प्रयास किया। वार्ड क्रमांक 25 के निवासी भोजराज सिंह जादौन ने टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने बाहरी प्रत्याशी को टिकट दे दिया। इसका स्थानीय लोगों ने भी विरोध किया। भोजराज को कार्यालय में मौजूद दूसरे कार्यकर्ताओं ने बचाया। घटना शनिवार की है।

देवास जिले में टिकट न मिलने से नाराज कार्यकर्ता ने आत्मदाह करने का प्रयास किया।

देवास जिले में टिकट न मिलने से नाराज कार्यकर्ता ने आत्मदाह करने का प्रयास किया।

छतरपुर में पूर्व अध्यक्ष ने छोड़ी बीजेपी
छतरपुर जिले की चंदला नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेत्री अनित्या सिंह ने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। वे पार्षद का टिकट नहीं मिलने से नाराज थीं।

रायसेन में भी कलह
रायसेन में एक पूर्व कांग्रेस पार्षद ने इस्तीफा दे दिया। वार्ड नंबर 2 से कांग्रेस पार्षद इमरान खान ने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस पार्टी से अपना पद छोड़ दिया।

पन्ना में पूर्व मंडल अध्यक्ष को नहीं मिला टिकट तो दिया इस्तीफा
पन्ना जिले के पवई बीजेपी मंडल के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्ण शुक्ला ने पार्टी से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया है। पूर्व अध्यक्ष व पूर्व जिला मंत्री बालकृष्ण शुक्ला नगर परिषद पवई के वार्ड 12 से टिकट मांग रहे थे।

गुना में भी बगावत
गुना नगर पालिका में भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे अमित सोनी टिकट न मिलने से बागी हो गए। उन्होंने पार्टी से बगावत कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। अमित सोनी पूर्व में युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वह सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए थे। गुना नगर पालिका में पार्षद पद के लिए वह दावेदारी कर रहे थे, लेकिन उनका टिकट नहीं हो पाया। वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ जयवर्धन सिंह के समक्ष कांग्रेस में शामिल हो गए। बीना में भी बगावत देखने को मिल रही है।

नर्मदापुरम में निर्दलीय उतरेंगे
इटारसी नगर पालिका के पूर्व पार्षद और भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता यज्ञदत्त गौर (लालू) ने पार्षद पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन भरा। वे भाजपा से पार्षद रहे हैं। उनका टिकट करने पर उन्होंने निर्दलीय फॉर्म डाला है।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें