अशोकनगर
शुरुआती दौर में अशोकनगर जिले में किसानों को खाद का संकट रहा उसके बाद यूरिया के लिए भी काफी परेशान हो रहे हैं। प्रतिदिन कतारों में लगकर दो-दो कट्टी यूरिया ले पा रहे हैं। खाद और यूरिया को लेकर नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। एक ओर जहां अशोकनगर जिले में खाद का संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा वहीं नेताओं की अलग-अलग बयानबाजी भी नहीं थम रही।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रविवार को अशोकनगर दौरे पर आए। जहां पर उन्होंने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अशोकनगर में आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराई गई है। खाद संकट को ले कर कहा की जैसे ही मुझे खाद की कमी के बारे में जानकारी लगी तो मैंने तत्काल केंद्रीय खाद मंत्री से बात करके खाद का रैक अशोकनगर भिजवाया।
सांसद डॉ. केपी यादव ने खाद की कमी और उसे पूरा करने का मुद्दा लोकसभा में उठाया है। संसद में केपी यादव ने जिले में खाद की कमी होने के कारण किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग रखी है।

राधौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह।
वहीं अशोकनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण यात्रा ले कर आए पूर्व मंत्री एवं राधौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने भी खाद के मसले को ले कर भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि खाद की कमी नहीं हैं। बल्कि जान-बूझकर यह खाद का संकट पैदा किया गया है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही यूरिया एवं खाद उपलब्ध हुआ तो भाजपा के नेताओं के इशारे पर खाद वितरण किया गया है। एक ही मसले पर तीनों नेताओं के द्वारा अलग-अलग बयान दे कर राजनीति को हवा दे दी है।





