एस पी मित्तल,अजमेर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले तीन दिवसीय अजमेर प्रवास पर 7 अक्टूबर को पहुंच रहे हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार होसबाले अजमेर में चल रहे संघ के विभिन्न कार्यों की समीक्षा करेंगे। संघ परिवार से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि अपनी अपनी गतिविधियों के बारे में जानकारी देंगे। यह संघ की सामान्य प्रक्रिया है। होसबाले डिग्गी बाजार स्थित संघ कार्यालय में ही रहेंगे। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान होसबाले 8 अक्टूबर को सायं 5 बजे जवाहर रंगमंच पर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे। होसबोले एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण में हमारी भूमिका विषय पर अपने विचार रखेंगे। अजमेर महानगर के प्रचार प्रभारी भूपेंद्र उबाना ने बताया कि इस कार्यक्रम में निमंत्रण पत्र के साथ ही प्रवेश मिलेगा। आमंत्रित प्रबुद्धजनों को निमंत्रण पत्र भिजवा दिए गए हैं। इसी प्रकार 9 अक्टूबर को प्रात: 7 बजे ब्यावर रोड स्थित डीएवी कॉलेज के मैदान पर स्वयं सेवक एकत्रित होंगे। स्वयं सेवकों के इस एकत्रीकरण में संघ की निर्धारित ड्रेस की अनिवार्यता नहीं है। इसमें होसबाले संघ की रीति नीति के बारे में स्वयं सेवकों को बताएंगे।





