राजा रघुवंशी हत्याकांड में आय दिन नए-नए खुलासे सामने आ रहे है। इसी बीच मेघालय पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में रविवार को मध्य प्रदेश से एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया। इससे पहले शनिवार को एक प्रॉपर्टी डीलर को भी गिरफ्तार किया गया था, जिसने मृतक की पत्नी सोनम का बैग छुपाया था। इसके साथ ही अब तक इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या सात हो गई है।
पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
मामले में ईस्ट खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सैयम ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे देवास जिले के भौंरासा टोल गेट से सिलोम जेम्स नाम के प्रॉपर्टी डीलर को पकड़ा गया। वह भोपाल भागने की कोशिश कर रहा था। सिलोम ने इंदौर के हीरा बाग कॉलोनी में एक मकान किराए पर दिया था, जहां सोनम रुकी थी और हत्या के बाद आभूषण व अन्य सामान छुपाया गया था।
रविवार को हुई सुरक्षा गार्ड की गिरफ्तारी
प्रॉपटी डीलर के बाद रविवार तड़के 2 बजे उसी संपत्ति पर तैनात सुरक्षा गार्ड बाला अहिरवार को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों आरोपियों को इंदौर की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड मांगेगी ताकि उन्हें पूछताछ के लिए शिलॉन्ग ले जाया जा सके।
सचिन रघुवंशी ने फिर की नार्को टेस्ट की मांग
इससे पहले शनिवार को राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी ने कहा कि मेघालय पुलिस… उनकी रिमांड आठ दिन से भी नहीं बढ़ा पाई। राज ने अभी तक यह नहीं बताया है कि उसने हत्या क्यों की। राज चाहता तो सोनम के साथ पहले ही भाग सकता था। उन्हें राजा की हत्या क्यों करनी पड़ी? क्या मेघालय पुलिस उनसे डरती है? क्या वे इतने बड़े गैंगस्टर हैं? मुझे यह सब समझ में नहीं आता। मैं नार्को टेस्ट की मांग करते-करते थक गया हूं। अगर नार्को टेस्ट नहीं हुआ तो मैं हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट भी जाऊंगा। हमें अभी भी समझ में नहीं आ रहा है कि उन्होंने मेरे भाई की हत्या क्यों की?
क्या है पूरा मामला, समझिए
गौरतलब है कि कारोबारी राजा रघुवंशी 23 मई को लापता हो गए थे और उनका क्षत-विक्षत शव 2 जून को मेघालय के सोहरा इलाके में एक गहरी खाई से बरामद हुआ था। इस हत्या की साजिश में शामिल उनकी पत्नी सोनम ने आठ जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। अब तक इस मामले में एमपी और यूपी से कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मिल गया ऑटो वाला, पलटी कहानी, पुलिस भी हैरान
इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या के बाद अब पुलिस को एक बड़ा अपडेट मिला है। पुलिस ने उस ऑटो चालक को पकड़ लिया है जो हत्या के बाद ट्रॉली बैग को लेकर गया था। पुलिस राजा की हत्या के बाद लगातार इस ट्रॉली बैग को तलाश रही थी। यह ट्रॉली बैग विशाल चौहान ने देवास नाका के उस फ्लैट पर पहुंचाया था जहां पर सोनम हत्या के बाद रुकी थी।

ट्रॉली बैग में क्या था
पुलिस को अभी तक वह ट्रॉली बैग बरामद नहीं हुआ है। उस बैग को तलाशने के लिए पुलिस ने फ्लैट के ठेकेदार को भी हिरासत में लिया है। ट्रॉली बैग में हत्या के बाद की अहम चीजें रखी गई थी जिन्हें आरोपियों को खत्म करना था। विशाल ने नंदबाग कॉलोनी से देवास नाके फ्लैट पर ट्रॉली बैग को पहुंचाया था। इसके लिए विशाल ने सुनील नाम के रिक्शा चालक को बुक किया था। उसने सुनील को यह बैग पहुंचाने के लिए 310 रुपए दिए थे।
6 दिन से इंदौर में डटी है शिलांग पुलिस
शिलांग पुलिस 6 दिन से इंदौर में ही डटी हुई है। पुलिस ने राजा रघुवंशी और सोनम के घर के आसपास के लोगों से भी बातचीत की है। इसके साथ परिजनों के भी बयान लिए गए हैं। पुलिस सभी एंगल पर पूछताछ कर रही है और अधिकारियों को उम्मीद है कि इस केस में अभी भी बहुत सी चीजें सामने आना बाकि हैं।
क्या है मामला
इंदौर के नवदंपति राजा रघुवंशी और सोनम हनीमून पर घूमने के लिए मेघालय गए थे। वहां पर राजा की हत्या कर दी गई। इसमें सोनम और इसके साथ चार अन्य युवकों को आरोपी बनाया गया। सोनम राज कुशवाह से प्यार करती थी जो उसकी ही कंपनी में काम करता था। दोनों ने मिलकर राजा की हत्या का प्लान बनाया और तीन युवकों के माध्यम से इसे अंजाम पर पहुंचाया। सभी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।





