अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

शिवराज सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने महंगाई के लिए नेहरू को ठहराया जिम्मेदार, कांग्रेस का पलटवार

Share

भोपाल. मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने देश में महंगाई समस्या को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की देन बताते हुए उनपर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि महंगाई की समस्या एक या दो दिन में नहीं पैदा होती. 15 अगस्त, 1947 को लाल किले से जवाहरलाल नेहरू के दिए गए भाषण की गलतियों से देश की अर्थव्यवस्था पटरी से उतर गई.

विश्वास सारंग देश में बढ़ती महंगाई और कीमतों पर कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन करने पर प्रतिक्रिया दे रहे थे. शनिवार को भोपाल में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद अर्थव्यवस्था को पंगु बना कर महंगाई बढ़ाने का श्रेय अगर किसी को जाता है तो वो नेहरू परिवार है. महंगाई एक-दो दिन में नहीं बढ़ती. अर्थव्यवस्था की नींव एक-दो दिन में नहीं रखी जाती है. 15 अगस्त, 1947 को लाल किले की प्राचीर से (प्रथम प्रधानमंत्री) जवाहरलाल नेहरू द्वारा दिए गए भाषण की गलतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था बिगड़ गई.

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले सात वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है. सारंग ने कहा कि बीजेपी सरकार ने गरीबों के कल्याण और अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी के लिए योजनाएं शुरू की हैं जबकि कांग्रेस के शासन के दौरान अर्थव्यवस्था कुछ उद्योगपतियों के हाथ में थी. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी शासन के दौरान महंगाई कम हुई है और लोगों की आय बढ़ी है. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 10 जनपथ (सोनिया गांधी का आवास) के सामने विरोध-प्रदर्शन करना चाहिए.

प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने मंत्री विश्वास सारंग के बयान का उड़ाया उपहास

शिवराज सरकार में मंत्री द्वारा लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार किया है. प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने विश्वास सारंग की टिप्पणी का उपहास उड़ाया. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता के.के मिश्रा ने तंज भरे लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के योग्य मंत्री विश्वास सारंग 1947 में नेहरू के भाषण को देश की महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, तब सारंग का जन्म भी नहीं हुआ था. विभाग के मंत्री के तौर पर क्या सारंग बता सकते हैं कि कोरोना महामारी के दौरान बिस्तरों, ऑक्सीजन और रेमडेसिवीर इंजेक्शन की कमी के कारण हुई हजारों लोगों की मौत के लिए भी क्या नेहरू जिम्मेदार थे?

वहीं, कांग्रेस के एक अन्य प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी का मंत्रालय अजीबोगरीब लोगों से भरा है. उन्होंने कहा कि एक मंत्री मरम्मत के लिए बिजली के खंभे पर चढ़ जाता है, एक मंत्री कहता है कि एक जोड़े को कितने बच्चे होने चाहिए. जबकि एक मंत्री कहता है कि सेल्फी लेने के लिए उसे पैसे चाहिए और अब एक मंत्री 75 साल पहले दिए गए भाषण को आज की महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं.

उन्होंने सवाल किया कि फिर बीजेपी ने अपने चुनाव प्रचार में महंगाई से राहत देने का वादा जनता से क्यों किया था?

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें