अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

‘भाषा थोपना कभी स्वीकार नहीं करेंगे तमिल लोग’, जस्टिस आनंद बोले- इतिहास सभी को पता होना चाहिए

Share

क्यूबा बोला- अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार;मेलबर्न में महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा चोरी; अमेरिका और ईरान में तनातनी के बीच सऊदी पहुंचे डोभाल नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस के बेटे पर कई गंभीर आरोप

आज के दिन: लोकसभा में पीएम मोदी रखेंगे अपनी बात, अंडर-19 विश्वकप सेमीफाइनल में भारत-अफगानिस्तान का मुकाबला

आज 4 फरवरी 2026 को फाल्गुन कृष्ण पक्ष की तृतीया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी बात रखेंगे। वहीं, अंडर-19 विश्वकप सेमीफाइनल में भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला होगा। शुरुआत प्रधानमंत्री से। पीएम मोदी चार फरवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का लोकसभा में जवाब देंगे। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में 2026-27 के केंद्रीय बजट पर 5 से 11 फरवरी के बीच चर्चा होगी। इसके लिए भी कुल 18 घंटे तय किए गए हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के 11 फरवरी को जवाब देने की उम्मीद है।

एमपीसी की बैठक 
बुधवार से मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक शुरू होगी। यह बैठक 6 फरवरी तक चलेगी, जिसके बाद आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा फैसलों की घोषणा करेंगे। पिछली बैठक दिसंबर 2025 में हुई थी। इस दौरान रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती की गई थी। 

राष्ट्रपति मुर्मू का ओडिशा दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के छह दिन के दौरे पर हैं। इस दौरान वे बुधवार को रायरंगपुर के महुलडीहा स्थित राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भांजबीर सुनाराम सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी।

टी20 विश्वकप का अभ्यास मुकाबला 

भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के बीच बुधवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में टी20 विश्वकप का अभ्यास मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से शुरू होगा। टी20 विश्वकप में अपना अभियान शुरू करने से पहले भारतीय टीम के पास संयोजन देखने और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने का यह आखिरी अवसर होगा।

भारत-अफगानिस्तान के बीच मुकाबला
भारत और अफगानिस्तान की अंडर-19 टीमों के बीच बुधवार को वनडे विश्वकप का सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला बुलावायो में भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से खेला जाएगा। भारत ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। उसने अपने सभी पांच मैच आसानी से जीते हैं, जिसमें सुपर सिक्स चरण में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर 58 रन की जीत भी शामिल है। इसके साथ ही भारतीय टीम अपना छठा खिताब जीतने के करीब पहुंच गई है।

विश्व कैंसर दिवस
हर साल 4 फरवरी को दुनिया भर में ‘विश्व कैंसर दिवस’ मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरुकता बढ़ाना, इसके रोकथाम, जल्दी पहचान और उपचार के लिए प्रोत्साहित करना है।

49वां अंतरराष्ट्रीय कोलकाता बुक फेयर (IKBF) सोमवार को खत्म हो गया। 22 जनवरी से शुरू हुआ बुक फेयर 12 दिन चला। आयोजकों ने बताया कि कोलकाता बुक फेयर में 12 दिनों में करीब 32 करोड़ रुपये की किताबें बिकीं। सॉल्ट लेक के सेंट्रल पार्क में लगे इस मेले में 1,000 से ज़्यादा किताबों के स्टॉल थे। पब्लिशर्स एंड बुकसेलर्स गिल्ड के जनरल सेक्रेटरी त्रिदिब चटर्जी ने बताया कि बुक फेयर में रिकॉर्ड 32 लाख लोग आए, जिसे लोगों की भीड़ के मामले में एशिया का सबसे बड़ा बुक फेयर बताया जा रहा है।

गिल्ड के प्रेसिडेंट सुधांशु शेखर डे ने कहा कि इस साल बिक्री का आंकड़ा पिछले साल के 23 करोड़ रुपये के आंकड़े से 15 प्रतिशत ज़्यादा रहा। पिछले संस्करण में लगभग 27 लाख लोग आए थे। इस बार मेले में अर्जेंटीना फोकल थीम देश था, जिसमें ब्रिटेन, स्पेन और फ्रांस के अलावा रूस, यूक्रेन और चीन ने भी हिस्सा लिया।

भाषा थोपना कभी स्वीकार नहीं करेंगे तमिल लोग : जस्टिस आनंद

मद्रास हाईकोर्ट के जज जस्टिस एन आनंद वेंकटेश ने कहा कि एक तमिल नागरिक भले ही स्वेच्छा से अन्य भाषाएं सीख रहा हो और दूसरी भाषाओं का विरोध न करता हो लेकिन अपने ऊपर कोई भाषा थोपे जाने को कभी स्वीकार नहीं करेगा। चेन्नई में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, जस्टिस आनंद वेंकटेश ने कहा, मैंने हाल ही में अपने बेटे के साथ तमिल फिल्म पराशक्ति देखी, जिसमें 1960 के दशक के हिंदी विरोधी आंदोलन को दर्शाया गया है। फिल्म देखने के बाद मैंने बेटे से पूछा कि क्या वह भाषा संघर्ष के बारे में जानता है। जब उसने बताया कि उसे इसकी जानकारी नहीं है, तो मुझे शर्मिंदगी महसूस हुई कि मैं अपने कर्तव्य में विफल रहा।

उन्होंने कुछ दिन पहले यहां कानून के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, यह इतिहास सभी को पता होना चाहिए। उन्होंने कहा, जैसा कि वरिष्ठ अधिवक्ता एनआर एलंगो ने कहा, हम सभी जानते हैं कि अंग्रेजी जाने बिना तमिलनाडु से बाहर निकलना मुश्किल है। एक तमिल भाषी अन्य भाषाओं का विरोध नहीं करता, बल्कि अपनी इच्छा से अन्य भाषाएं सीखता भी है। हालांकि, मेरी भाषा (तमिल) की प्राचीनता और उससे जुड़े मेरे गौरव को देखते हुए, यदि कोई मुझ पर कोई भाषा थोपता है, तो मैं उसे कभी स्वीकार नहीं करूंगा। उन्होंने कहा, गर्व से कहो कि मैं एक तमिल भाषी हूं, और जब भाषा का अपमान हो, तो आवाज उठानी चाहिए, और हर हाल में भाषा की रक्षा करना और उसे कभी न भूलना हमारा कर्तव्य है।

सात देशों की यात्रा के बाद धर्मशाला पहुंचा था चीनी नागरिक

मैक्लोडगंज में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे चीनी नागरिक की गिरफ्तारी के बाद अब जांच का दायरा बढ़ गया है। मंगलवार को धर्मशाला न्यायालय ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी है। बीते दिन ही पूछताछ में स्पष्ट हो गया था कि आरोपी चीनी पुलिस सेवा में रह चुका है। मंगलवार को पूछताछ में पता चला है कि चीनी नागरिक भारत आने से पहले मलयेशिया, इंडोनेशिया, अजरबैजान, तुर्की, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और मिस्र की यात्रा कर चुका है।

कई देशों की यात्रा करने के बाद उसने भारत में प्रवेश के लिए नेपाल सीमा का सहारा लिया। एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि क्या इन देशों की यात्रा के पीछे कोई कॉमन पैटर्न है या फिर कुछ और। यानी अब यह मामला केवल अवैध प्रवास तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब इसमें जासूसी और स्थानीय लापरवाही के एंगल से भी जांच की जा रही है। 

यूजीसी नियमों पर सुनील आंबेकर बोले-संघ समाज में एकता के पक्ष में

सुप्रीम कोर्ट की तरफ से यूजीसी नियमावली पर रोक लगाने के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संगठन के वरिष्ठ नेता सुनील आंबेकर ने मंगलवार को कहा कि संघ समाज में एकता के पक्ष में है और इसे बनाए रखने के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह करेगा। केंद्र की तरफ से अधिसूचित नए नियम के तहत सभी उच्च शिक्षा संस्थानों को भेदभाव के मामलों की जांच करने और समानता को बढ़ावा देने के लिए समता समितियां गठित करनी थीं।

शीर्ष कोर्ट ने यह कहते हुए इस पर रोक लगा दी थी कि ढांचा प्रथम दृष्टया अस्पष्ट है और अंततः यह समाज को विभाजित कर सकता है, जिसके खतरनाक प्रभाव होंगे। स्वतंत्रता संग्राम में आरएसएस के योगदान पर सवाल उठाने वालों की आलोचना का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि संघ को 100 साल बाद यह बताने की जरूरत नहीं है कि उसने देश की संप्रभुता और एकता को बनाए रखने के लिए क्या किया है। 

उपलब्धि : एसएफडीआर तकनीक का सफल परीक्षण, लंबी दूरी की मिसाइलें बनाने में मिलेगी मदद

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने मंगलवार को ओडिशा स्थित चांदीपुर के इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) में सॉलिड फ्यूल डक्टेड रैमजेट (एसएफडीआर) तकनीक का सफल परीक्षण किया। इसके साथ ही भारत उन चुनींदा देशों में शामिल हो गया, जिनके पास लंबी दूरी की हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों के विकास के लिए आधुनिक प्रणोदन तकनीक है।

पारंपरिक मिसाइलें अंतिम चरण में अपनी गति खोने लगती हैं, लेकिन यह तकनीक मिसाइल को अंत तक तेज बनाए रखती है। इससे दुश्मन का लड़ाकू विमान चाहकर भी मिसाइल से बच नहीं सकता। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि सुबह करीब 10:45 बजे किए इस परीक्षण में मिसाइल प्रणाली के सभी अंगों जैसे नोजललेस बूस्टर, फ्यूल फ्लो कंट्रोलर और रैमजेट इंजन ने सटीक प्रदर्शन किया।

राजनाथ ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि पर डीआरडीओ और उद्योग जगत को बधाई दी और इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर बताया। डीआरडीओ प्रमुख डॉक्टर समीर वी कामत ने भी वैज्ञानिकों की सराहना की है। 

ब्रिटेन के दो पर्यटकों ने पुष्कर में लगाए फलस्तीन समर्थित स्टीकर, देश छोड़ने का आदेश

राजस्थान की तीर्थ नगरी पुष्कर में सार्वजनिक स्थलों पर फलस्तीन के समर्थन में स्टीकर चिपकाने पर ब्रिटेन के दो नागरिकों को भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया गया है। आरोपियों की पहचान लेविस और उनकी गर्लफ्रेंड अनेशी के रूप में हुई है, जो पर्यटन वीजा पर भारत आए थे। अधिकारियों के अनुसार, 21 जनवरी को पुष्कर में कई स्थानों पर इस्राइल- फलस्तीन संघर्ष से जुड़े स्टीकर चिपकाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सीआईडी ने जांच शुरू की और इन दोनों विदेशी पर्यटकों के कृत्य को वीजा नियमों का उल्लघंन करार दिया। इन स्टीकरों में फलस्तीन को आजाद करो, इस्राइल का बहिष्कार करो जैसे संदेश लिखे थे। सीआईडी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नोटिस जारी कर दोनों को देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

सीडीएस चौहान ने की भारत-आर्मेनिया संबंधों पर चर्चा

रक्षा प्रमुख जनरल अनिल चौहान ने मंगलवार को आर्मेनिया के रक्षा मंत्री सुरेन पापक्यान से मिलकर द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने तथा दोनों देशों के सुरक्षा मामलों पर चर्चा की। जनरल चौहान के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल फिलहाल आर्मेनिया के आधिकारिक दौरे पर है। एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय ने कहा, दोनों में हुई चर्चा सुरक्षा मुद्दों पर रक्षा सहयोग की मजबूती पर केंद्रित रही। चौहान ने येरेवन स्थित राष्ट्रीय रक्षा अनुसंधान विवि (एनडीआरयू) का दौरा किया और वैश्विक सुरक्षा परिवेश में हो रहे बदलावों के प्रमुख निर्धारक के रूप में प्रौद्योगिकी उदय पर छात्रों को संबोधित किया। 

क्यूबा बोला- अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार; नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस के बेटे पर कई गंभीर आरोप

अमेरिका में भारतीय मूल के जलवायु वैज्ञानिक वीरभद्रन रामनाथन को ‘रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज’ ने भू-विज्ञान में 2026 का क्रैफोर्ड पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की है। भू-विज्ञान का नोबेल कहे जाने वाले इस सम्मान के तहत रामनाथन को सुपर-प्रदूषकों और वायुमंडलीय ब्राउन क्लाउड्स पर किए गए उनके शोध के लिए सम्मानित किया गया है। इससे ग्लोबल वॉर्मिंग की समझ को नई दिशा मिली। रामनाथन (82) ने 1975 में नासा में काम करते हुए एक ऐतिहासिक खोज की थी। उन्होंने बताया, क्लोरोफ्लोरोकार्बन, जो एरोसोल व रेफ्रिजरेशन में इस्तेमाल होते थे, वायुमंडल में सीओ-2 की तुलना में 10,000 गुना प्रभावी ढंग से गर्मी खींचते हैं। 

क्यूबा ने कहा- अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार

क्यूबा के एक वरिष्ठ नेता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी सरकार की अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है, लेकिन अगर कुछ शर्तें पूरी होती हैं तो वे इसके लिए तैयार हैं। यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है। 

क्यूबा के उप विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडीज डी कोसियो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस धमकी के बाद यह बात कही है, जिसमें ट्रंप ने क्यूबा को तेल देने वाले देश पर टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा, ‘हम बातचीत के लिए तैयार हैं। अगर हम बातचीत कर सकते हैं, तो शायद इससे बातचीत की शुरुआत हो सकती है।’ कोसियो ने कहा कि क्यूबा अमेरिका के साथ इस मकसद से कि हमारे दोनों देशों के बीच मतभेदों के बावजूद हम एक सम्मानजनक, गंभीर सह-अस्तित्व बनाए रख सकें, अनौपचारिक बातचीत के लिए तैयार है।’

लेकिन कोसियो ने इस बात पर ज़ोर दिया कि क्यूबा के लिए कुछ चीजें बातचीत से बाहर हैं, जिसमें देश का संविधान, अर्थव्यवस्था और सरकार की प्रणाली शामिल है, जो समाजवादी है। क्यूबा एक गंभीर आर्थिक संकट, लगातार बिजली कटौती, वेनेजुएला से तेल शिपमेंट में रुकावट और अमेरिकी प्रतिबंधों से जूझ रहा है, जिसके बारे में क्यूबा के अधिकारियों का कहना है कि मार्च 2024 और फरवरी 2025 के बीच देश को 7.5 अरब अमेरिकी डॉलर से ज़्यादा का नुकसान हुआ है।

पीएम मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत इस्राइल में 300 पेड़ लगाए गए

इस्राइल के मोशव नेवातिम इलाके में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और यहूदी त्योहार टू बिशवत को साथ मिलकर मनाया गया, जिसके तहत कम से कम 300 पेड़ लगाए गए। टू बिशवत को इस्राइल में पर्यावरण जागरूकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय दूतावास ने केरेन कायमेट लेइजराइल और मोशव नेवातिम के सहयोग से किया था। यह आयोजन पर्यावरण स्थिरता, सामुदायिक भागीदारी और भारत और इस्राइल के बीच लोगों के आपसी संबंधों के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक था। इस्राइल के पर्यावरण संरक्षण मंत्रालय के महानिदेशक रामी रोजेन, इस्राइल में भारत के राजदूत जेपी सिंह और बनेई शिमोन क्षेत्रीय परिषद के प्रमुख नीर जमीर ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। 

सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘टू बिशवत और एक पेड़ मां के नाम दोनों ही पेड़ों को सामुदायिक जुड़ाव और स्थायी जीवन के केंद्र में रखते हैं। ये साझा प्रथाएं भारत और इज़राइल के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों और मजबूत लोगों के आपसी संबंधों को दर्शाती हैं, जो प्रकृति, समुदाय और साझा मूल्यों पर हमारे दोनों देशों द्वारा दिए जाने वाले महत्व को रेखांकित करती हैं।’

भारतीय राजदूत ने इस बात पर जोर दिया कि, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि ये पेड़ भारत-इस्राइल दोस्ती के स्थायी प्रतीक के रूप में खड़े रहेंगे, और इस बंधन को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएंगे।’

कार्की ने माना- जेन-जी विद्रोह सरकारी विफलता
नेपाल की पीएम सुशीला कार्की ने पिछले साल 8-9 सितंबर को हुए जेन-जी विद्रोह को सत्ता की विफलताओं का आईना बताया है। राष्ट्रीय सभा में बोलते हुए कार्की ने स्वीकारा, यह आंदोलन युवाओं की आकांक्षाओं की उपेक्षा, व्याप्त भ्रष्टाचार और सुशासन की कमी के विरुद्ध उभरा एक आक्रोश था। कार्की ने कहा, यह विद्रोह एक ऐसा दर्पण है, जिसमें हम अपनी शासकीय त्रुटियां और आचरणगत कमजोरियां देख रहे हैं। उन्होंने माना, कार्यपालिका, न्यायपालिका और व्यवस्थापिका द्वारा समय पर जिम्मेदारी न निभाने के कारण देश को बड़ी क्षति हुई। पीएम ने घोषणा की कि सरकार ने आंदोलन में मारे गए लोगों को शहीद घोषित कर उनके परिवारों को राहत दी है। साथ ही, आंदोलनकारियों के साथ मांगों को लेकर एक ऐतिहासिक समझौता भी किया गया है।

आंदोलन में लूटे गए ज्यादातर हथियार जब्त
आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि 5 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान लूटे गए अधिकांश हथियार बरामद कर लिए गए हैं और एकीकृत सुरक्षा योजना लागू है।

नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने इस चुनाव को केवल जनप्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक नई राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत बनाने का आह्वान किया। कार्की ने सभी दलों से स्वच्छ और भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने की अपील की।

नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस के बेटे पर दुष्कर्म सहित कई आरोप, ओस्लो में ट्रायल शुरू
नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में मंगलवार से एक हाई-प्रोफाइल ट्रायल शुरू हुआ है। यह मामला नॉर्वे की क्राउन प्रिंसेस मेटे‑मारिट के बेटे मारियस बोर्ग होइबी से जुड़ा है। 29 वर्षीय होइबी पर दुष्कर्म, घरेलू हिंसा, जान से मारने की धमकी और नशीले पदार्थों की तस्करी समेत कुल 38 आरोप लगाए गए हैं। अभियोजन पक्ष के अनुसार, अगर सभी आरोप साबित होते हैं तो होइबी को 10 साल तक की जेल हो सकती है। आरोपों में 2018 से 2024 के बीच चार बार दुष्कर्म, पूर्व साथी के साथ हिंसा और 3.5 किलो गांजा ले जाने जैसे मामले शामिल हैं। हाल ही में उन्हें एक नए हिंसा मामले में फिर गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद अदालत ने चार हफ्ते की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। होइबी ने सभी यौन शोषण के आरोपों से इनकार किया है। क्राउन प्रिंसेस और उनके पति क्राउन प्रिंस हाकोन ने साफ किया है कि वे ट्रायल में शामिल नहीं होंगे। यह मामला नॉर्वे के शाही परिवार की छवि पर गहरा असर डाल रहा है।

पाकिस्तान के पूर्व मंत्री मजारी ने अडियाला जेल में बंद बेटी-दामाद से मिलने के लिए हाई कोर्ट में दायर की याचिका
पाकिस्तान की पूर्व मानवाधिकार मंत्री शिरीन मजारी ने मंगलवार को उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर अडियाला जेल में बंद अपनी बेटी और दामाद से मिलने के लिए न्यायिक हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल अधिकारियों ने उन्हें पारिवारिक संपर्क और कानूनी सलाह से वंचित कर दिया है। एक अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने 24 जनवरी को मजारी की बेटी, मानवाधिकार कार्यकर्ता और वकील ईमान मजारी-हाजिर और उनके पति हादी अली चत्था को विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े एक मामले में 17 साल जेल की सजा सुनाई थी। डॉन अखबार के मुताबिक मजारी ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर उससे तत्काल निर्देश जारी करने का आग्रह किया है, जिसमें परिवार के अस्थायी सदस्यों से मिलने और कानूनी परामर्श की अनुमति देने की मांग की गई है।

सऊदी अरब के दौरे पर पहुंचे अजीत डोभाल
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सऊदी अरब के आधिकारिक दौरे पर रियाद पहुंचे। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान और सऊदी अरब साम्राज्य के विदेश मंत्रालय में राजनीतिक मामलों के उप मंत्री राजदूत डॉ. सऊद अल-सती ने किया।

;मेलबर्न में महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा चोरी; अमेरिका और ईरान में तनातनी के बीच सऊदी पहुंचे डोभाल

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में महात्मा गांधी की 426 किलोग्राम वजनी कांस्य प्रतिमा चोरी हो गई है। यह प्रतिमा ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर के बाहर लगी थी और भारतीय समुदाय के लिए सांस्कृतिक व ऐतिहासिक महत्व रखती थी। भारत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑस्ट्रेलिया अधिकारियों के समक्ष उठाया है और कार्रवाई की मांग की है।

विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम महात्मा गांधी की प्रतिमा के विनाश और चोरी की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस चोरी की तत्काल जांच हो, प्रतिमा को वापस लाया जाए और दोषियों को दंडित किया जाए। यह प्रतिमा नई दिल्ली स्थित इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस ने ऑस्ट्रेलिया को उपहार में दी थी। इसका उद्घाटन 12 नवंबर 2021 को ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने किया था। 

अमेरिका और ईरान में तनातनी के बीच सऊदी पहुंचे डोभाल

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल अमेरिका और ईरान में तनातनी व मध्य पूर्व में तेजी से बदल रहे भू-राजनीतिक स्थिति के बीच मंगलवार को सऊदी पहुंचे। डोभाल रियाद में सऊदी के अपने समकक्षों के साथ बात करेंगे। सऊदी में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर उनके दौरे की घोषणा की। इसमें कहा गया है, डोभाल आधिकारिक दौरे पर रियाद पहुंचे। भारतीय राजदूत सुहेल एजाज खान व सऊदी के राजनीतिक मामलों के उप मंत्री सऊदी अल-साती ने उनका स्वागत किया।

अमेरिका में दुष्कर्म के आरोपी भारतीय मूल के व्यक्ति की नागरिकता रद्द होगी

अमेरिका में दुष्कर्म के दोषी भारतीय मूल के गुरमीत सिंह की अमेरिकी नागरिकता छीनने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सिंह ने नागरिकता प्राप्त करते समय अपनी टैक्सी में एक महिला यात्री के साथ अपहरण और दुष्कर्म की जानकारी छिपाई थी। न्याय विभाग के मुताबिक, गुरमीत ने टैक्सी में सो रही एक महिला यात्री को सुनसान सड़क पर ले जाकर चाकू की नोक पर उसका अपहरण और दुष्कर्म किया। सिंह ने अमेरिकी नागरिकता प्राप्त करने के दौरान इन आपराधिक गतिविधियों को छिपाया और गलत जानकारी दी। नागरिकता मिलने के बाद सिंह को न्यूयॉर्क में फर्स्ट डिग्री रेप और सेकंड डिग्री किडनैपिंग का दोषी पाया गया था।

कनाडा में घर पर गोली चलाने के आरोप में तीन भारतीय गिरफ्तार

जबरन वसूली विरोधी गश्त पर निकली कनाडाई पुलिस ने एक घर पर गोलीबारी करने के आरोप में तीन भारतीयों को गिरफ्तार कर उन पर मामला दर्ज किया है। सरे पुलिस सेवा ने आरोपियों की पहचान हरजोत सिंह (21), तरनवीर सिंह (19) और दयाजीत सिंह बिलिंग (21) के रूप में की है। इन पर एक-एक बार हथियार चलाने का आरोप है। तीनों को बृहस्पतिवार 5 फरवरी तक हिरासत में भेज दिया गया है।

दरअसल 1 फरवरी की दोपहर सरे पुलिस को गोलीबारी और एक छोटी सी आग लगने की सूचना मिली। पुलिसकर्मी उस समय प्रोजेक्ट एश्योरेंस (जबरन वसूली) के हिस्से के रूप में सरे के क्रिसेंट बीच पड़ोस में गश्त कर रहे थे। उनके मौके पर पहुंचने के बाद जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी भारत के रहने वाले हैं। अभी यह साफ नहीं है कि ये किस गैंग से जुड़े हैं। मामले की जानकारी कनाडा सीमा सेवा एजेंसी को भी दे दी गई है। दोष सिद्ध होने पर इसका असर उनकी आव्रजन स्थिति पर भी पड़ सकता है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।

म्यांमार में 6 तीव्रता की भूकंप से कांपी धरती

नेपिदाव। म्यांमार में मंगलवार को रात करीब 9 बजे भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6 माफी गई। इसका केंद्र जमीन के 20 किमी नीचे था। भूकंप 20.45 डिग्री उत्तरी अक्षांश व 93.86 डिग्री पूर्वी देशांतर पर महसूस हु। हालांकि, इसमें जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें