अगले दो दिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। सूरज लगातार तल्ख तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने 16-17 अप्रैल को लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।
अगले दो दिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। सूरज लगातार तल्ख तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने 16-17 अप्रैल को लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।रविवार को भी आसमान साफ रहा। धूप निकली, हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रहे। सूरज की तपिश ने लोगों को गर्मी का अहसास कराया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 36.6 डिग्री पहुंच गया। कुछ इलाकों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार भी रहा।
रिज रहा सबसे गर्म
राज्य में रिज में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में 36.3, आया नगर में 35.9 व पालम में 35.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। साथ ही, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 20.4 डिग्री पहुंच गया। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम 19.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पालम में 21.4, आया नगर में 20.2 व रिज में 20.1 डिग्री दर्ज हुआ।
गुजरात-राजस्थान में चलेगी लू
उत्तर-पश्चिम भारत और गुजरात के कुछ हिस्सों में 15 अप्रैल से प्रचंड गर्मी और झुलसा देने वाली लू की चपेटों का दौर फिर से शुरू होने वाला है। बृहस्पतिवार से रविवार के बीच क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से मौसम सुहावना बना गया था। पश्चिमी राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को ही तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि, अगले 4-5 दिन के दौरान पूर्व और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज के साथ बिजली कड़कने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
बिहार, असम, मेघालय में हुई बारिश, ओले भी गिरे
रविवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली गिरने के साथ बारिश हुई। इस दौरान बिहार, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हुई और ओले भी गिरे। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं।
लू चलेगी, रातें भी होंगी गर्म
विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर 14 और 15 अप्रैल को लू चलने की संभावना है। 16-19 अप्रैल के दौरान पूर्वी राजस्थान में सामान्य और अन्य क्षेत्रों में भीषण लू चल सकती है। 14 अप्रैल को तेलंगाना, 15-19 अप्रैल के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश, 15-17 अप्रैल के दौरान गुजरात, 16-18 अप्रैल के दौरान पंजाब और हरियाणा में लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है और तापमान ज्यादा बना रह सकता है
Add comment