लखनऊ,। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, आनन्द नगर कैम्पस द्वारा कल्याण मंडप पार्क में आयोजित वार्षिक समारोह में सी.एम.एस. छात्रों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से अभिभावकों को गद्गद् कर दिया तथापि उल्लास व आनन्द से सराबोर वातावरण में सम्पन्न हुए इस समारोह में छात्रों की कलात्मक प्रतिभा देखते ही बनती थी। इस भव्य समारोह में छात्रों ने अभिभावकों के समक्ष विद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही सर्वांगीण विकास की शिक्षा पद्धति का भरपूर प्रदर्शन करते हुए जीवन मूल्यों, विश्वव्यापी चिंतन, विश्व समाज की सेवा एवं उत्कृष्टता की अनूठी झलक प्रस्तुत की एवं स्कूली प्रक्रिया में अभिभावकों को साझीदार बनाने के सी.एम.एस. के प्रयास को सफल बना दिया। समारोह में बच्चों के लिए कई प्रकार झूले, छोटी रेलगाड़ी आदि लगाये गये जिनका बच्चों ने खूब आनन्द उठाया।
इससे पहले, सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद डा. जगदीश गाँधी ने फीता काटकर वार्षिक समारोह का विधिवत् शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में डा. गाँधी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की रोजमर्रा की दिनचर्या में एक नया उल्लास व उमंग भरते हैं, साथ ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने को प्रेरित करते हैं। सी.एम.एस. आनन्द नगर कैम्पस की प्रधानाचार्या सुश्री रीना सोटी ने कहा कि इस समारोह का उद्देश्य विद्यालय व अभिभावकों के बीच सामन्जस्य स्थापित कर बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। सी.एम.एस. का लक्ष्य प्रत्येक बालक को अच्छा एवं तेजस्वी बनाना है, ताकि वह मानव जाति के लिए ईश्वर का उपहार एवं समाज का गौरव बने।

‘ओपेन डे समारोह’ में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन किया सी.एम.एस. छात्रों ने
सिटी मोन्टेसरी स्कूल, चौक कैम्पस में ‘ओपेन डे समारोह’ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ छात्रों एवं उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों ने मिलकर मनाया। इस अवसर विद्यालय के छात्रों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का अभूतपूर्व प्रदर्शन कर विद्यालय के मिशन ”प्रत्येक बालक धरती का प्रकाश है“ को बड़े ही अनूठे ढंग से प्रकाशित किया। इस अवसर पर खेल-खेल में मोण्टसरी शिक्षा प्रणाली से शिक्षक द्वारा बच्चों को पढ़ाना एवं कम्प्यूटर पर नर्सरी राइम व कहानियों द्वारा जीवन मूल्यों की शिक्षा देना आदि रोचक कार्यक्रमों को दर्शकों ने खूब पसंद किया जिसमें छोटे-छोटे बच्चे बड़े आत्मविश्वास से अपने विचार व्यक्त कर रहे थे एवं इस स्वच्छन्द व प्रभावशाली अभिव्यक्ति से अभिभावक अत्यन्त प्रफुल्लित दिख रहे थे।
इसके अलावा विद्यलाय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत क्लासरूम एक्टिविटी ने भी दर्शकों को खूब लुभाया। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस अवसर पर अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा छात्रों का जीवन पर्यन्त साथ देती है। हमें बालक को जड़ से मजबूत बनाना है और इसके लिए जीवन मूल्यों की शिक्षा देनी होगी। सी.एम.एस. चौक कैम्पस की प्रधानाचार्या श्रीमती अदिति शर्मा ने अभिभावकों के सहयोग के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा परमात्मा का उपहार है और हमारा पूर्ण प्रयास है कि हर बच्चा समाज का प्रकाश बनें, इसके लिए हम छात्रों भौतिक, सामाजिक व आध्यात्मिक शिक्षा देते हैं।





