नई दिल्ली
देशभर के अलग-अलग हाई कोर्ट में आठ चीफ जस्टिस की नियुक्ति के लिए केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। सुप्रीम कोर्ट कॉलिजियम ने अलग-अलग हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस की नियुक्ति के लिए नामों की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी थी। कानून मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि आठ चीफ जस्टिस की नियुक्ति के साथ-साथ पांच हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस का ट्रांसफर भी किया गया है।
कानून मंत्रालय के मुताबिक, कोलकाता हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस राजेश बिंदल को इलाहाबाद हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया है। साथ ही मेघालय हाई कोर्ट के जस्टिस रंजीत वी मोरे को मेघालय हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस, कर्नाटक हाई कोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा को तेलंगाना हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया है। साथ ही इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस रितु राज अवस्थी को कर्नाटक हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया है। वहीं, कर्नाटक हाई कोर्ट के जस्टिस अरविंद कुमार को गुजरात हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के तौर पर नियुक्त किया गया है।
मेघालय हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस बिश्वनाथ सोमादर को सिक्किम हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस और आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एके गोस्वामी को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के तौर पर ट्रांसफर किया गया है।





