मध्यप्रदेश के नीमच में मादक पदार्थों के तस्कर और पुलिस की सांठगांठ का वीडियो सामने आया है। वीडियो तस्कर की बर्थडे पार्टी का है। पार्टी में तस्कर बाबू सिंधी के साथ सिटी थाने के तत्कालीन टीआई नरेंद्र सिंह तोमर और कॉन्स्टेबल पंकज कुमावत भी मौजूद हैं। यही नहीं, 12 बोर की बंदूक से केक काटता है। ये बंदूक भी टीआई तोमर की है। वीडियो 20 जून का बताया जा रहा है, लेकिन अब ये सामने आया है। इसके बाद शनिवार रात बाबू सिंधी के खिलाफ सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक वर्तमान में मादक पदार्थों के तस्करी के मामले में बाबू सिंधी जिले की कनावटी जेल में है। तत्कालीन टीआई नरेंद्र सिंह तोमर और कॉन्स्टेबल पंकज कुमावत के संरक्षण में बाबू सिंधी उसका धंधा फल-फूल रहा था। 20 जून 2021 को उसका बर्थडे था। बताया जाता है कि इसी दिन गिरदोड़ा स्थित बाबू के फॉर्म हाउस पर पार्टी रखी गई थी। इसमें नरेंद्र सिंह तोमर, पंकज कुमावत के अलावा देवास के कुछ जवान भी शामिल हुए थे।
पार्टी के दौरान बाबू सिंधी ने टीआई की ही 12 बोर की बंदूक से केक काटा। इसके बाद सबको अपने हाथों से खिलाया। इस दौरान उन्होंने वीडियो भी बनाया था। करीब तीन महीने बाद ये वीडियो सामने आया है। सिटी थाने के टीआई करण सिंह शक्तावत ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है। अफसर के निर्देश पर बाबू सिंधी के खिलाफ आईपीसी की धारा 30 के तहत केस दर्ज किया गया है।
मामले में भास्कर ने जब टीआई नरेंद्र सिंह तोमर ने बात की तो उन्होंने यह तो स्वीकार किया कि वह पार्टी में गए थे। इसके बाद कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
26 अगस्त को बाबू सिंधी के यहां रेड भी पड़ी थी
जानकारी के अनुसार 26 अगस्त 2021 को केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने उसके यहां छापा मारा था। इस दौरान 255 क्विंटल डोडाचूरा और बड़ी मात्रा में दौलापाली, काला पोस्तादाना मिला था। इसके बाद उसे 4 सितंबर तक रिमांड पर लेकर जेल भेज दिया गया।
28 अगस्त से फरार है कॉन्स्टेबल
कार्रवाई के बाद जांच में कॉन्स्टेबल पंकज कुमावत का नाम सामने आया। एसपी ने 28 अगस्त को उसे यहां से हटाकर देवास में डीआरपी लाइन में ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद से वह फरार है। एक अन्य मामले में टीआई ने कोर्ट में गलत जानकारी देने पर उसे भी लाइन अटैच कर दिया गया।
दो वर्षों में बाबू सिंधी पर एक भी कार्रवाई नहीं
बताया जाता है कि तस्कर बाबू सिंधी का पूरा गोरखधंधा पुलिस के संरक्षण में चल रहा था। यही कारण है कि तत्कालीन टीआई नरेंद्र सिंह तोमर के दो साल के कार्यकाल में उस पर एक भी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, कॉन्स्टेबल पंकज ने भी शहर में करोड़ों की जमीन बना ली। इससे पहले पंकज का 500-500 के नोट उड़ाते हुए वीडियो भी सामने आया था।





