इंदौर भंवरकुआं क्षेत्र से गुजर रही सिटी बस में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने चलती बस में यात्री के पैसे चुरा लिए। रुपए चुराने के बाद वह चलती बस से कूद गया और भागने लगा। इस पर तत्काल बस को रुकवाया गया। चाेर-चोर की आवाज सुनकर रास्ते से गुजर रहे लोगों ने तत्काल दौड़कर उसे पकड़ लिया। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की और फिर थाने पर सौंप दिया। पिटाई इतनी जमकर हुई कि पीटते-पीटते चोर की पीठ पर डंडा टूट गया।
चलती बस में चोरी की घटना भंवरकुआं थाना क्षेत्र में हुई है। भंवरकुआं से कलेक्ट्रेट की ओर जा रही सिटी बस में यात्री नवाब खां सवार था। बस कुछ दूर चली तो पास बैठे शातिर बदमाश सागर ने उनकी जेब से रुपए खींच लिए और बस के गेट की ओर भागा। उसने चलती बस में ही छलांग लगा दी और भागने लगा। इस पर लोग चोर-चोर चिल्लाने लगे और कुछ दूर जाकर बस रुक गई। चोर-चोर की आवाज सुन वहां से गुजर रहे लोगों ने सागर को दबोच लिया। इतने में सिटी बस में सवार लोग भी पहुंच गए। सभी ने उसकी जमकर खातिरदारी की और फिर पुलिस को सौंप दिया।
फरियादी नवाब खां ने बताया कि मैं जब सिटी बस में सवार कर रहा था। यह मेरे पास बैठा हुआ था। इसने मेरे जेब से रुपए खींच लिए। खां के अनुसार उसका एक और साथी था, जो इसके पकड़ने जाने पर भाग निकला। वहीं, चोर के बारे में पता चला है कि वह शातिर बदमाश है और इंदौर के मूसाखेड़ी क्षेत्र का रहने वाला है। वह अपने आपको ऑटो चालक बता रहा है। भंवरकुआं पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।





