अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मेरी किस्मत में यही अच्छा रहा

Share

/ चंद्रकांत देवताले ( जन्मदिवस )

मैं मरने से न तो डरता हूँ
न बेवजह मरने की चाहत सँजोए रखता हूँ
एक जासूस अपनी तहकीकात बखूबी करे
यही उसकी नियामत है

किराए की दुनिया और उधार के समय की
कैंची से आज़ाद हूँ पूरी तरह
मुग्ध नहीं करना चाहता किसी को
मेरे आड़े नहीं आ सकतीं सस्ती और सतही मुस्कराहटें
मैं वेश्याओं की इज्ज़त कर सकता हूँ
पर सम्मानितों की वेश्याओं जैसी हरकतें देख
भड़क उठता हूँ पिकासो के साँड़ की तरह
मैं बीस बार विस्थापित हुआ हूँ
और ज़ख्मों, भाषा और उनके गूँगेपन को
अच्छी तरह समझता हूँ
उन फीतों को मैं कूड़ेदान में फेंक चुका हूँ
जिनसे भद्र लोग ज़िन्दगी और कविता की नाप-जोख करते हैं

मेरी किस्मत में यही अच्छा रहा
कि आग और गुस्से ने मेरा साथ कभी नहीं छोड़ा
और मैंने उन लोगों पर यकीन कभी नहीं किया
जो घृणित युद्ध में शामिल हैं
और सुभाषितों से रौंद रहे हैं
अजन्मी और नन्हीं खुशियों को

मेरी यही कोशिश रही
पत्थरों की तरह हवा में टकराएँ मेरे शब्द
और बीमार की डूबती नब्ज़ को थामकर
ताज़ा पत्तियों की साँस बन जाए

मैं अच्छी तरह जानता हूँ
तीन बाँस, चार आदमी और मुट्ठी-भर आग
बहुत होगी अन्तिम अभिषेक के लिए
इसीलिए न तो मैं मरने से डरता हूँ
न बेवजह शहीद होने का सपना देखता हूँ

ऐसे ज़िन्दा रहने से नफरत है मुझे
जिसमें हर कोई आए
और मुझे अच्छा कहे
मैं हर किसी की तारीफ़ करते भटकता रहूँ
मेरे दुश्मन न हों
और इसे मैं अपने हक में बड़ी बात मानूँ।

chandrakant devtale

कविताएँ #kavitaaayein

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें