मुंबई पुलिस को फोन कर एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले को हिरासत में ले लिया गया है। मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बताया कि धमकी देने वाला एक नाबालिक लड़का है, जिसकी उम्र 16 साल है। उसे ठाणे के पास शहापुर से हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच के लिए मुंबई लाया जा रहा है।
मुंबई पुलिस के मुताबिक एक कॉल के जरिए सोमवार को यह धमकी दी गई थी। आरोपी ने अपना नाम रॉकी भाई बताया था। कॉल करने वाले ने कहा कि वो राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है और 30 अप्रैल को सलमान को मार देगा।
बता दें कि इससे पहले भी सलमान को धमकाया जा चुका है। इस मामले में जोधपुर के रहने वाले धाकड़राम को गिरफ्तार किया गया था। उसने सलमान के ऑफिशियल मेल पर 3 ई-मेल किए थे। इसमें लिखा था कि सलमान खान अगला नंबर तेरा है, तू जोधपुर आते ही सिद्धू मूसेवाला की तरह मारा जाएगा।
पहले भी 2 बार मिल चुकी सलमान को धमकियां…
पहली धमकी: लॉरेंस बिश्नोई ने कहा था- अंजाम के लिए तैयार रहो

लॉरेंस बिश्नोई ने इंटरव्यू में कहा था कि काला हिरण बिश्नोई समाज में बेहद पूजनीय है, जिसे सलमान खान ने मार गिराया था। यही वजह है कि वो उनसे बदला लेना चाहता है।
करीब 1 महीने पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने भी सलमान खान को धमकी दी थी। टीवी चैनल ABP को दिए इंटरव्यू में लॉरेंस ने कहा था- ‘अगर सलमान ने बिश्नोई समाज से माफी नहीं मांगी, तो इसका अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।’
सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में आरोपी लॉरेंस बिश्नोई का कहना है कि सलमान ने काले हिरण का शिकार करके उसके बिश्नोई समाज का अपमान किया है। बता दें कि इस मामले में सलमान के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था।
जोधपुर के शख्स ने कहा था- मूसेवाला जैसा हाल करूंगा

यह आरोपी धाकड़राम की तस्वीर है, जिससे मुंबई पुलिस पूछताछ कर रही है।
23 मार्च को ईमेल के जरिए सलमान को मारने की धमकी दी गई थी। जोधपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके मुंबई पुलिस को सौंप दिया था। आरोपी का नाम धाकड़राम था और उसकी उम्र 21 साल है। धाकड़राम ने सलमान को तीन ईमेल किए थे। मेल आने के बाद बांद्रा थाने (मुंबई) में मामला दर्ज कराया गया था, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने जोधपुर पुलिस से संपर्क किया, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
धमकी के बाद सलमान ने खरीदी बुलेटप्रूफ कार
सलमान खान ने हाल ही में नई बुलेट प्रूफ कार खरीदी है। यह निसान पेट्रोल SUV है। इसे सलमान ने विदेश से इम्पोर्ट कराया है। अभी तक यह गाड़ी मार्केट में लॉन्च नहीं हुई है।

यह उस कार की फोटो है, जिसे सलमान ने विदेश से इम्पोर्ट कराया है।
धमकियों पर सलमान का जवाब- सबका भाई नहीं हूं
सलमान से 5 अप्रैल को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया था, ‘आप पूरे इंडिया के भाईजान हैं। ऐसे में आपको जो धमकियां मिलती हैं, आप उन्हें कैसे लेते हैं?’
जवाब में सलमान ने मुस्कराते हुए कहा- ‘पूरे इंडिया का भाईजान नहीं हूं, किसी की जान भी हैं हम। बहुत सारों की जान हैं हम। भाईजान उनके लिए हैं, जो भाई हैं और उनके लिए जिन्हें हम बहन बनाना चाहते हैं।’

फिल्मफेयर अवॉर्ड की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान।
सुरक्षा मिलने से खुश नहीं हैं सलमान:करीबी दोस्त ने बताया- लॉरेंस की धमकियों के बाद भी वो नॉर्मल हैं, लेकिन पिता सलीम रातभर सो नहीं पा रहे
19 मार्च को सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली थी। जिसके बाद से ही उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट की सुरक्षा बढ़ाते हुए एक अस्थाई पुलिस चौकी बना दी गई थी। इसमें दो असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर (API) और 8-10 कॉन्स्टेबल 24 घंटे तैनात रखने का फैसला लिया गया था। इसी बीच सलमान के एक करीबी ने खुलासा किया था कि सलमान इन सभी धमकियों पर नॉर्मल रिएक्ट कर रहे हैं।




