प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार दोपहर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से फोन पर बातचीत की। इस दौरान रूस के खिलाफ हालिया बगावत की कोशिश और यूक्रेन जंग पर लंबी बातचीत हुई।न्यूज एजेंसी ‘रॉयटर्स’ के मुताबिक, मोदी के अमेरिका दौरे से लौटने के बाद रूस का विदेश मंत्रालय इस बातचीत की कोशिश कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- पुतिन ने मोदी को जंग के बारे में ताजा हालात की जानकारी दी।उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ शिकायती लहजा अपनाया और कहा कि यूक्रेन सरकार मामले का डिप्लोमैटिक और पॉलिटिकल सॉल्यूशन निकालने के लिए गंभीर नहीं है।
अगले हफ्ते मध्य प्रदेश का दौरा करेगी डिप्टी इलैक्शन कमिश्नर की टीम, विधानसभा चुनाव की तैयारियों का लेगी जायजा

डिप्टी इलेक्शन कमिशनर की टीम अगले हफ्ते मध्य प्रदेश आ रही है। वह अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेगी। सूत्रों के मुताबिक, टीम सोमवार से दो दिन तक भोपाल में रहेगी।
इससे पहले, इलैक्शन कमिशन के अफसरों ने मिजोरम, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और राजस्थान का दौरा किया था। इन चार राज्यों में साल के अंत में चुनाव होना है।
बालासोर ट्रेन हादसे में मरने वाले 52 लोगों के शवों की नहीं हुई पहचान, एम्स भुवनेश्वर में अभी भी रखे हुए
ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रिपल ट्रेन हादसे को 28 दिन हो गए हैं। लेकिन अभी भी मरने वाले कई लोगों के शवों की पहचान नहीं हुई है। AIIMS भुवनेश्वर में 52 शवों को अपना परिवार नहीं मिला है। 2 जून की रात करीब 10 बजे मीडिया रिपोर्ट्स में आया था कि दो यात्री गाड़ियां और एक मालगाड़ी टकरा गई हैं।
शुरुआत में 30 लोगों के मारे जाने की जानकारी मिली थी, लेकिन देर रात यह आंकड़ा 200 के पार पहुंच गया। इसके अगले दिन 3 जून को दोपहर 2 बजे तक मरने वालों का आंकड़ा 288 पहुंच चुका था। मौजूदा जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 291 लोगों ने अपनी जान गँवाई थी।
मध्य प्रदेश में बच्चों को स्कूल छोड़ने गई वैन में लगी आग, सभी बच्चे सुरक्षित
मध्य प्रदेश के इंदौर के एरोड्रम रोड़ पर शुक्रवार सुबह एक स्कूली वैन में आग लग गई। आग लगने से यहां भगदड़ मच गई। बीएसएफ कैंपस होने के चलते यहां से कर्मचारी निकलकर बाहर आए। वहीं, सैर करने वाले लोग भी मदद के लिए पहुंचे।
इस दौरान लोगों ने वैन में सवार 6 से ज्यादा बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमेशा इन बच्चों को ऑटो से स्कूल भेजा जाता था। ईद की छुट्टी के कारण अगले दिन ड्राइवर ने आज ऑटो के बजाय वैन भिजवा दी थी और पहली बार में ही यह हादसा हो गया।
पीएम मोदी 1 जुलाई को मध्य प्रदेश जाएंगे, यहां उनके कई कार्यक्रम हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 जुलाई को मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे। यहां लालपुर और शहडोल के पकरिया में पीएम कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पहले पीएम यहां 27 जून को जाने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के चलते उनका कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।
आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली में फार्मा फैक्ट्री में आग, 5 की मौत; पहले रिएक्टर में ब्लास्ट हुआ था

आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली में शुक्रवार को एक दवा की फैक्ट्री में आग लग गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौतों का आंकड़ा भी बढ़ने की आशंका है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, आग अच्युतापुरम इंडस्ट्रियल स्पेशल इकोनॉमिक जोन में स्थित सहिथी फार्मा में लगी।
मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की 4 गाड़ियां पहुंच गई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग फार्मा फैक्ट्री में मौजूद रिएक्टर में ब्लास्ट के बाद लगी।
अंदर फंसे 15 कर्मचारियों को दमकल ने निकाला
अनकापल्ली के SP मुरली कृष्णा ने बताया कि अच्युतापुरम इंडस्ट्रियल स्पेशल इकोनॉमिक जोन में स्थित सहिथी फार्मा में एक रिएक्टर में ब्लास्ट के कारण आग लगी। इसमें कंपनी के 6 कर्मचारी घायल हुए, जिनमें 2 की हालत गंभीर हैं। करीब 15 कर्मचारियों को दमकल की टीम ने बाहर निकाल लिया है।

आग अच्युतापुरम इंडस्ट्रियल स्पेशल इकोनॉमिक जोन स्थित सहिथी फार्मा में लगी।
आग इतनी भीषण थी कि धुआं 5 किमी दूर से भी दिख रहा था
कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि उसने ब्लास्ट की तेज आवाज सुनी। इसके बाद तुरंत ही आग लग गई और किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। सभी कर्मचारी घबराकर बाहर की ओर भागे। आग इतनी भीषण थी कि उसमें से उठता काला घना धुआं 5 किमी दूर से भी दिखाई दे रहा था।
प्रबंधन की लापरवाही की भी जांच की जाएगी: SP
अनकापल्ली के एसपी मुरली कृष्णा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना कैसे हुई और इसमें प्रबंधन की कोई लापरवाही थी या नही, इसकी जांच की जाएगी। फायर ब्रिगेड की टीम से भी हादसे को लेकर जानिकारियां जुटाई जा रही हैं।
कर्नाटक हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार के खिलाफ ट्विटर की याचिका खारिज की; 50 लाख रुपए जुर्माना लगाया

कर्नाटक हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार के आदेशों के खिलाफ लगाई गई ट्विटर की याचिका खारिज कर दी है। ट्विटर ने कुछ लोगों के अकाउंट ब्लॉक करने के केंद्र सरकार के आदेश को चुनौती दी थी। कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए ट्विटर पर 50 लाख रुपए का फाइन भी लगाया।
सुनवाई करते हुए जस्टिस कृष्णा एस दीक्षित ने कहा कि ट्विटर को सरकार के आदेशों का पालन करना चाहिए था। कोर्ट ने ट्विटर पर 50 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया।
हाईकोर्ट की 5 टिप्पणियां, जुर्माने के साथ शर्त भी
1. जुर्माना 45 दिन के भीतर भरना होगा। अगर नहीं भरा तो इस अवधि के बाद हर दिन 5 हजार और देने होंगे।
2. अदालत को वजह भी नहीं बताई कि केंद्र का ट्वीट ब्लॉक करने का आदेश क्यों नहीं माना।
3. आप एक मल्टी बिलेनियर कंपनी हो, कोई किसान या फिर आम आदमी नहीं, जिसे कानून नहीं पता हैं।
4. यह जानते हुए भी कि आदेश न मानने पर 7 साल की सजा और फाइन लगाया जा सकता है। ट्विटर ने सरकार के आदेशों का पालन नहीं किया।
5. जिसका ट्वीट ब्लॉक कर रहे हैं, उसे कारण बताएं। साथ ही यह भी कि यह प्रतिबंध कुछ समय के लिए है या फिर अनिश्चित काल के लिए।
ट्विटर ने याचिका में दलील क्या दी थी?
ट्विटर ने हाईकोर्ट से कहा था- केंद्र के पास सोशल मीडिया पर अकाउंट ब्लॉक करने का जनरल ऑर्डर इश्यू करने का अधिकार नहीं है। ऐसे आदेशों में वजह भी बताई जानी चाहिए ताकि हम इसे यूजर्स को बता सकें। अगर ऑर्डर जारी करते वक्त वजह नहीं बताई जाती है तो इस बात की आशंका बनी रहती है कि बाद में कारण बनाए भी जा सकते हैं।
ट्विटर ने दावा किया था कि सरकार के आदेश सेक्शन 69 ए का उल्लंघन करते हैं। सेक्शन 69 ए के तहत अकाउंट यूजर्स को उनके ट्वीट और अकाउंट ब्लॉक किए जाने पर जानकारी देनी होती है। लेकिन मंत्रालय ने उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया।
केंद्र सरकार ने ट्विटर की दलील पर क्या कहा?
केंद्र सरकार ने अदालत से कहा- ट्विटर अपने यूजर्स की तरफ से नहीं बोल सकता है। इस मामले में उसका कोर्ट में अपील दायर करने का कोई अधिकार नहीं बनता है। ट्वीट ब्लॉक करने का आदेश बिना विवेक के या एकतरफा तरीके से नहीं लिया गया था। राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए ट्विटर को ब्लॉक करने के आदेश दिए गए थे, जिससे लिंचिंग और मॉब वॉयलेंस की घटनाओं को रोका जा सके।

जानें क्या है पूरा मामला…
- सरकार ने फरवरी 2021 से फरवरी 2022 के बीच ट्विटर को 1,474 अकांउट, 175 ट्वीट, 256 URL और एक हैशटैग ब्लॉक करने के आदेश दिए थे। सरकार ने यह आदेश इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट के सेक्शन 69 ए के तहत दिए थे।
- सरकार ने पिछले साल 4 और 6 जून को ट्विटर को नोटिस जारी कर पूछा था कि ब्लॉकिंग से जुड़े आदेशों का पालन क्यों नहीं किया गया है। ट्विटर ने 9 जून को जवाब दिया था कि जिन कंटेंट के खिलाफ सरकार के आदेशों का पालन नहीं किया गया है, उनके लिए ट्विटर को लगता है कि वे सेक्शन 69ए का उल्लंघन नहीं करते हैं।
- 27 जून को मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी ने ट्विटर को नोटिस भेजकर कहा कि केंद्र सरकार के आदेश न मानने पर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- ट्विटर ने 39 URL को ब्लॉक करने के सरकार के 10 आदेशों को कोर्ट में चुनौती दी। 26 जुलाई, 2022 को जस्टिस कृष्णा एस दीक्षित की सिंगल जज बेंच ने इस पर पहली बार सुनवाई की। इसके बाद केंद्र सरकार और ट्विटर दोनों ने कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखा।
- हाईकोर्ट ने इस साल 21 अप्रैल को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। 30 जून को फैसला सुनाया और 45 दिन के अंदर जुर्माना जमा करने के लिए कहा।
आतिशी को मिला वित्त, राजस्व और प्लानिंग डिपार्टमेंट का अतिरिक्त प्रभार

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी को वित्त, राजस्व और प्लानिंग डिपार्टमेंट का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इसकी मंजूरी दे दी है। पहले ये तीनों विभाग मंत्री कैलाश गहलोत के पास थे
PM मोदी मेट्रो से दिल्ली यूनिवर्सिटी गए; शताब्दी कार्यक्रम में शामिल हुए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली मेट्रो की यात्रा की। PM मेट्रो से दिल्ली यूनिवर्सिटी गए। यहां वे यूनिवर्सिटी के 100 साल पूरे होने के कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने टिकट काउंटर से टोकन लिया और उसके बाद वे प्लेटफॉर्म पहुंचे। मेट्रो में यात्रियों के साथ बातचीत भी की।
उन्होंने कहा, ‘आज युवा जिंदगी को इसमें बांधना नहीं चाहता है। वह कुछ नया करना चाहता है। अपनी लकीर खुद खींचना चाहता है। 2014 से पहले भारत में सिर्फ कुछ सौ स्टार्टअप थे। आज इनकी संख्या एक लाख को पार कर गई है। कुछ दिन पहले अमेरिका की यात्रा पर गया। आपने देखा होगा कि भारत का सम्मान और गौरव कितना बढ़ा है, क्योंकि भारत की क्षमता और भारत के युवाओं पर विश्व का भरोसा बढ़ा है।’
PM अचानक मेट्रो से DU पहुंचे
PM अचानक मेट्रो से सफर कर DU पहुंचे। वे सुबह 11 बजे लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन गए। यहां उन्होंने टिकट काउंटर से टोकन लिया और उसके बाद वे प्लेटफॉर्म पहुंचे। मेट्रो में यात्रियों के साथ बातचीत भी की। दिल्ली विश्वविद्यालय की स्थापना 1 मई 1922 को हुई थी। इसमें 86 विभाग, 90 कॉलेज, 6 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स हैं।

मोदी के स्पीच की 3 बड़ी बातें, कहा- गुलामी ने हमारे शिक्षा के मंदिरों को तबाह कर दिया
- ‘दिल्ली यूनिवर्सिटी का इतिहास खास है। यह सिर्फ एक यूनिवर्सिटी नहीं, बल्कि एक मूवमेंट है। इस यूनिवर्सिटी ने अपने लंबे इतिहास में हर आंदोलन को देखा और जिया है। आज DU में पढ़ने वाले लड़कों की तुलना में लड़कियों की संख्या ज्यादा हो गई हैं। इसी तरह देश में भी जेंडर रेश्यो में सुधार आया है। शिक्षण संस्थान की जड़ें जितनी गहरी होती हैं, देश की शाखाएं उतनी ही ऊंचाइयों को छूती हैं। भविष्य के लिए भी यूनिवर्सिटी और देश के संकल्पों में एकरूपता होनी चाहिए।’
- ‘100 साल पहले स्वतंत्रता लक्ष्य था। अब लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत का निर्माण है। पिछली शताब्दी के तीसरे दशक में स्वतंत्रता संग्राम को नई गति दी। इस शताब्दी का ये तीसरा दशक भारत की विकास यात्रा को नई रफ्तार देगा। आज देशभर में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय बनाए जा रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में IIT और IIM जैसी संस्थाओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। ये न्यू इंडिया के बिल्डिंग ब्लॉक हैं।’
- ‘शिक्षा सिर्फ सिखाने नहीं, सीखने की भी प्रक्रिया है। लंबे समय तक शिक्षा का फोकस इसी बात पर रहा कि छात्रों को क्या पढ़ाया जाना चाहिए। हमने शिक्षा का फोकस इस पर भी किया कि छात्र क्या सीखना चाहता है। आप सबके प्रयास से नई शिक्षा नीति तैयार हुई। छात्र अपनी इच्छा से अपनी पसंद के विषयों का चुनाव कर सकते हैं।’
अब फोटोज में देखिए मोदी की मेट्रो यात्रा…

PM मोदी सुबह 11 लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन पहुंचे।

मोदी ने यहां टोकन लेकर प्लेटफॉर्म में एंट्री की।

मोदी लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते दिखे।

मोदी जैसे ही ट्रेन में पहुंचे, लोगों ने थोड़ी देर बाद उन्हें घेर लिया।

मोदी ने स्टूडेंट्स और वहां मौजूद लोगों से बातचीत की।

PM ने मेट्रो में यात्रा कर रहे लोगों के सवालों के जबाव भी दिए।

लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन से डीयू मेट्रो स्टेशन तक जाने में करीब 15 मिनट लगे।

दिल्ली यूनिवर्सिटी में छात्राओं ने मोदी का स्वागत किया।
UP के बांदा में ट्रक से भिड़ी तेज रफ्तार कार, 6 लोगों की मौत
UP के बांदा में एक तेज रफ्तार कार के ट्रक से टकराने से 6 की मौत हो गई और 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। DM दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया, एक तेज रफ्तार कार में 8 लोग सवार थे। कार पास में खड़े एक ट्रक से टकरा गई। मौके पर 5 लोगों की मृत्यु हो गई, 3 को भर्ती कराया गया जिसमें से 1 की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। 2 घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बालासोर ट्रेन हादसे में रेलवे सुरक्षा आयोग ने बोर्ड को सौंपी रिपोर्ट
ओडिशा के बालासोर में ट्रिपल ट्रेन हादसे की जांच कर रहे रेलवे सुरक्षा आयोग (CRS) ने रेलवे बोर्ड को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट में क्या है, इसको लेकर रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने रिपोर्ट ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।2 जून को, बालासोर जिले में तीन ट्रेनें टकरा गईं थी जिसमें 290 से अधिक लोगों की जान चली गई और 1,000 से अधिक लोग घायल हो गए थे।