इंदौर
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा सरकार पर कोरोना से मौतों के आंकड़ों को छुपाने का आरोप लगाने के बाद राजनीति गमरा गई है। कमलनाथ का कहना था कि मार्च और अप्रैल के महीने में 1 लाख 27 हजार मौतें हुई, जिनमें 80 फीसदी कोरोना से हुई हैं। यानी इन दो महीनों में 1 लाख 2 हजार मौतें कोरोना से हुई। इसके बाद गृहमंत्री ने कमलनाथ पर धारा 188 और राष्ट्रद्रोह या इससे संबंधित धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की। अब इस मुद्दे पर इंदौर के दो दिग्गज नेता पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और भाजपा विधायक रमेश मेंदोला कूद पड़े हैं। पटवारी ने लिखा – हजारों “हत्याओं” के बाद भी सरकारी-बेशर्मी शिव’राज की सोच बताती है। मंदोला ने एक आग लगाने वाला वीडियो शेयर किया।
जीतू पटवारी बोले – पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि कमलनाथ ने सरकार को आगाह किया कि व्यवस्था को दुरुस्त करो। करीब एक लाख लोग मप्र में कोविड से काल के गाल में समा गए हैं। मुख्यमंत्री और सरकार ने इस पर संज्ञान लेने की जगह एफआईआर की बात कही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने अलग-अगल तरीके से कमलनाथ को क्रिटिसाइज किया। मुख्यमंत्री जी आपके काम करने करने का तरीका यही है तो कमलनाथ जी पर ही नहीं लाखों लोगों पर आपको मुकदमा लगाने पड़ेंगे। इसमें कांग्रेसी ही नहीं, लाखों जर्नलिस्ट और जनता होगी। किसी गांव में जाइए और 2000 की आबादी में पूछेंगे तो दूसरी ओर से आवाज आएगी, 10 से 15 लोगों की जान गई। प्रदेश में 1 हजार पर 5 से 10 लोगों की मौत हुई है। कोविड में कितने गए यह आप समझते हैं। एफआईआर की धमकी देकर डराने और कुप्रबंधन के छुपाने की बात आप करते हो। यह निंदनीय है। अपनी सरकार की सोच को सही करो। कमलनाथ के सुझाव को संज्ञान में लाओ और प्रदेश की जनता को बचाओ यही आग्रह है।
विधायक रमेश मेंदोला ने भी एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा – “ये आग लगाने का समय है, देश में आग लगानी है” जिसने भी कांग्रेस नेता कमलनाथ जी की आवाज एक बार भी सुनी है वो उनकी ये आवाज एक क्षण में पहचान लेगा।
कमलनाथ बोले- 1 लाख से ज्यादा मौतें
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि सरकार कोरोना से हुई मौतों के आकड़ों को सार्वजनिक नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मार्च और अप्रैल के महीने में 1 लाख 27 हजार मौतें हुई, जिनमें 80 फीसदी कोरोना से हुई हैं। यानी इन दो महीनों में 1 लाख 2 हजार मौतें कोरोना से हुई। उन्होंने कहा कि सरकार कोरोना से मौत के आकंड़ों को सार्वजनिक क्यों नहीं कर रही है। पहले चीनी कोविड कहलाता था, लेकिन अब मोदी सरकार के कारण ये भारतीय कोविड कहा जाने लगा है।
गृहमंत्री बोले – राष्ट्रद्रोह का केस हो दर्ज
प्रदेश सरकार के गृहमंत्री व प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान पर पलटवार किया है। मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ देश में फैले संक्रमण की वजह को ‘इंडियन कोरोना’ बता रहे हैं। यह बयान जानबूझकर दिया गया है क्योंकि कमलनाथ भी उसी टूलकिट का हिस्सा हैं। जहां भी देश का अपमान होता है, वहां यही टूलकिट सक्रिय होता है। इतना ही नहीं, वे मप्र में कोरोना से एक लाख से अधिक मौत होने का भी दावा कर रहे हैं। यह भी झूठ व भ्रम फैलाने की कोशिश है। मिश्रा ने गवर्नर आनंदीबेन पटेल से मांग की है कि दोनों बयानों पर कमलनाथ पर धारा 188 और राष्ट्रद्रोह या इससे संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाए।





