फोरलेन का लोकार्पण कर महाकाल मंदिर पहुंचे नितिन गडकरी
मध्यप्रदेश में इसी साल हम तीन लाख करोड़ रुपए के इन्फ्रास्ट्रक्चर का काम पूरा करके देंगे। रेलवे स्टेशन से महाकाल तक बनने वाले रोप वे का भूमि पूजन पीएम मोदी करेंगे। इस रोप वे का लाभ महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा।
ये बातें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बदनावर में उज्जैन-बदनावर सड़क के लोकापर्ण के दौरान कही। इस दौरान आपने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब में उज्जैन आया था तब मैंने सांसद अनिल फिरोजिया को कहा था कि वजन कम करो, जितना कम करोगे उतना पैसा दूंगा। मैंने जो कहा उसे पूरा भी किया। अब अनिल का वजन फिर बढ़ रहा है तो मुझे दिए हुए रोड वापस ले जाने का काम करना पड़ेगा। लेकिन आपने यह भी कहा कि हेल्थ अच्छी होनी चाहिए। अगर हेल्थ अच्छी होगी तो आप किसी भी ताकत का मुकाबला कर सकते हैं।
बदनावर-उज्जैन फोरलेन का लोकार्पण करने के बाद मंत्री गडकरी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर में पहुंचकर भगवान का विशेष पूजन-अर्चना अभिषेक किया। इस पूजा अर्चना के दौरान उनके साथ मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुचकर श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन व पूजन किए। पूजन पुजारी संजय शर्मा, पुजारी राजेश शर्मा व आकाश पुजारी, पुजारी पंडित आशीष गुरु, पं रमण त्रिवेदी, द्वारा करवाया गया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सांसद अनिल फिरोजिया व कलेक्टर नीरज कुमार सिंह द्वारा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का उत्तरीय वस्त्र, प्रसाद व सृति चिन्ह देकर सम्मान किया। दर्शन के पश्चात गडकरी पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचे जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा पीथमपुर धार के लिए रवाना हो गए।

बाबा महाकाल से मांगा आशीर्वाद
बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मुझे महाकालेश्वर के दर्शन करने का मौका मिला। यह मेरा परम सौभाग्य है। इस देश के लिए समाज के लिए मुझे और अच्छा कार्य करने की शक्ति मिले। बाबा महाकाल ऐसी प्रेरणा मुझे और हम सबको दे यही उनके चरणों में मेरी प्रार्थना है। आपने कहा कि निश्चित रूप से उनका आशीर्वाद अच्छे कार्य करने की प्रेरणा देता है।
यह है बदनावर उज्जैन मार्ग की विशेषता
हाईब्रिड एन्युटी मॉडल पर आधारित यह सड़क भारतीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाई गई है। इस पर हल्के वाहन 100 किलोमीटर प्रतिघंटा व भारी वाहन 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। भविष्य में मार्ग पर यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए इसके हर लेन को 9 मीटर चौड़ा बनाया गया है। इसके अलावा नितिन गडकरी पीथमपुर के पास, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क (एमएमएलपी) का निरीक्षण भी किया।
बदनावर-उज्जैन फोरलेन का लोकार्पण किया
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बदनावर-उज्जैन फोरलेन का लोकार्पण किया। धार जिले के बदनावर में 1352 करोड़ लागत से तैयार इस फोरलेन का निर्माण भारत माला परियोजना के तहत किया गया है। गडकरी ने कार्यक्रम में कुल 5800 करोड़ की 328 किलोमीटर लंबी 10 सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन भी किया। भारतमाला परियोजना के तहत तैयार किए गए इस फोरलेन मार्ग का मुख्य कार्यक्रम बदनावर के ग्राम खेड़ा में होगा। लगभग 1352 करोड़ रुपए की लागत से 69.1 किलोमीटर लंबे बड़नगर-बदनावर हाईवे का निर्माण किया गया है। हाईब्रिड एन्युइटी मॉडल पर आधारित यह सड़क भारतीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाई गई है। इस पर हल्के वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहन 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। भविष्य में यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए इस मार्ग की प्रत्येक लेन को 9 मीटर चौड़ा बनाया गया है।





