मॉस्को/कीव: यूक्रेन ने अभी तक का सबसे बड़ा हमला करते हुए रूस के एक एयरबेस को तबाह कर दिया है। जिसमें कम से कम 40 से ज्यादा लड़ाकू विमानों के नष्ट होने की रिपोर्ट है। माना जा रहा है कि यूक्रेन के इस हमले के बाद रूस की तरफ से भी विनाशक प्रतिक्रिया होने की आशंका है और ये युद्ध अचानक काफी भयानक हो गया है। यूक्रेन की घरेलू सुरक्षा एजेंसी, यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) के अधिकारियों के हवाले से समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि यूक्रेन ने रविवार को 40 से ज्यादा रूसी सैन्य विमानों को निशाना बनाकर एक बड़ा ड्रोन हमला किया था। एसबीयू ने आगे दावा किया है कि यूक्रेनी सेना ने रूसी विमानों को निशाना बनाया है, जिसमें टीयू-95 और टीयू-22 रणनीतिक बॉम्बर्स शामिल हैं, जिन्हें वह यूक्रेन पर लंबी दूरी की मिसाइलें दागने के लिए इस्तेमाल करता है।

वहीं बेलारूसी समाचार मीडिया आउटलेट NEXTA ने बताया है कि मरमंस्क क्षेत्र में ओलेन्या एयर बेस के पास विस्फोट और भारी धुआं देखा गया है। उसने X पर हमले के बाद की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि “प्रारंभिक रिपोर्ट में संभावित ड्रोन हमले का संकेत दिया गया है। ओलेन्या रूस की प्रमुख रणनीतिक विमानन सुविधाओं में से एक है, जिसमें परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम विमान हैं।” हालांकि, इसने स्पष्ट किया कि फिलहाल रूस की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अगर पुष्टि हो जाती है तो यह युद्ध की शुरुआत के बाद से रूस के सैन्य बुनियादी ढांचे पर सबसे भयानक हमला होगा।
रूसी एयरबेस पर यूक्रेन ने मचाई तबाही
रिपोर्ट के मुताबिक हमले का मुख्य मकसद रूस के ओलेन्या और बेलाया वायुसेना अड्डे को तबाह करना है। ओलेन्या एयरबेस, जो Tu-95 रणनीतिक बमवर्षकों का घर है, और पूर्वी साइबेरिया में स्थित बेलाया परमाणु एयरबेस, दोनों ही इस हमले में गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। द सन ने यूक्रेनी सूत्रों के हवाले से बताया है कि यह हमला रूस के भीतर से लॉन्च किए गए ड्रोन के माध्यम से किया गया। इन ड्रोन को संभवतः ट्रकों में छिपाकर लाया गया था, जिनमें से एक ट्रक चालक को उसके माल की जानकारी नहीं थी और बाद में उसे हिरासत में लिया गया। डिफेंस ब्लॉग ने लिखा है कि यूक्रेनी अधिकारियों का अनुमान है कि इस हमले से रूस को 2 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ है। यदि इन आंकड़ों की पुष्टि होती है तो यह 2022 में शुरू हुए पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद से रूस की रणनीतिक विमानन संपत्तियों पर सबसे विनाशकारी हमला होगा।
Tu-95 और Tu-22M3 बमवर्षक रूसी वायुसेना द्वारा यूक्रेनी शहरों पर क्रूज मिसाइल हमलों के लिए प्राथमिक प्लेटफॉर्म हैं। इन विमानों के नष्ट होने से रूस की लंबी दूरी की हमले की क्षमता अस्थायी रूप से बाधित हो सकती है। A-50 विमान, जो हवाई चेतावनी और नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण है, इस हमले में क्षतिग्रस्त हुआ है। इस विमान की क्षति से रूस की हवाई निगरानी और कमांड क्षमताओं पर भी गहरा प्रभाव पड़ा है।




