उज्जैन
उज्जैन में तराना तहसील क्षेत्र अंतर्गत कनासिया के किसान भाई-बहन जमीन पर कब्जे को लेकर हुई शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों मध्य प्रदेश में गुंडों बदमाशों के खिलाफ योगी जैसी सरकार चाहते हैं। भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बुजुर्ग का वीडियो सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया गया है।
तराना से उज्जैन आए दोनों किसान भाई-बहन कोठी रोड प्रशासनिक बंगले के सामने अधिकारियों को जगाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जिसमे किसान सुखराम भारती और सुगनबाई हाथ में लाउड स्पीकर पर ‘ये अंधा कानून है’ का गाना बजाते हुए पैदल चल रहे हैं। इस दौरान सुखराम ने अपने ऊपर बैनर लगा रखे हैं। इस पर पीएम मोदी, सीएम योगी, और गृह मंत्री अमित शाह के फोटो लगे हैं। इन पर लिखा है “योगी सी सरकार चाहिए, जालसाजों गुंडों का इलाज चाहिए” कर्तव्य परायण हो हर अधिकार की लगाम चाहिए, विनय हमारी स्वीकारों आम जनों मदद करो।
वहीं, पीठ पर लगे पोस्टर में शिवराज के राज में गरीब अनीति किसान पर अत्याचार की बात लिखी है। कहा है शिवराज न्याय दिलाओ न्याय दिलाओ। अब इस अनोखे विरोध की तस्वीरें चर्चाओ में है।
किसान का दर्द
सुखराम भारती का कहना है कि हमारे पास दो बीघा जमीन है। उसमें से आधा बीघा पर पड़ोसी कैलाश चंद्र लक्ष्मी नारायण ने कब्जा कर लिया है। अंकल की मौत हो चुकी है, उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। जब हमने जमीन संबंधित मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन से मदद मांगी, तो पुलिस वाले थाने बुलवाकर मोबाइल छीन लेते हैं। शिकायत वापस ले लेते हैं। कैलाश की तीनों दिशाओं में दोनों की जमीन पर आने-जाने का मार्ग है, लेकिन कैलाश मेरी जमीन पर कब्जा करना चाहता है, क्योंकि मुख्य भाग मेरे पास है। मैं चाहता हूं काका की मौत की रिपोर्ट लिखी जाए। उनका पीएम क्यों नही हुआ ? उच्च स्तरीय जांच हो और हमें न्याय मिले। अब वे भोपाल में DGP के सामने न्याय की गुहार लगाएंगे।





