गुजरात हाईकोर्ट समेत कई अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी; कैटरिंग नीति पर रेलवे बोर्ड को नोटिस,नेपाल उच्च सदन के चुनाव में गठबंधन करेंगी सियासी पार्टियां, ओली और प्रचंड ने मिलाया हाथ
गुजरात हाईकोर्ट, कई जिला अदालतों और कलेक्टर कार्यालयों को ईमेल के जरिए बम धमकी मिली। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी परिसरों की जांच की, लेकिन कहीं भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और धमकी भेजने वाले की पहचान की जा रही है। जांच के बाद अदालतों और दफ्तरों में कामकाज फिर से सामान्य कर दिया गया।
यूटीएस मोबाइल एप के जरिये रेलवे की अनारक्षित टिकट बुकिंग सेवा एक मार्च से पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। इसकी जगह रेलवन अनारक्षित टिकटों की बुकिंग के लिए एकमात्र अधिकृत मोबाइल एप के रूप में काम करेगा। रेलवे बोर्ड के अनुसार, डिजिटल टिकटिंग प्रणाली को आसान बनाने और उसे एकीकृत करने के लिए यह निर्णय किया गया है। अब तक यात्रियों को जनरल टिकट के लिए यूटीएस और आरक्षित टिकट के लिए आईआरसीटीसी जैसे विभिन्न विकल्पों का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब रेलवन एप से ही ये दोनों टिकट मिलने से लोगों को अलग-अलग एप डाउनलोड करने के झंझट से छुटकारा मिलेगा।
भारत–ईयू एफटीए पर निर्णायक वार्ता कल से ब्रसेल्स में
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को जल्द अंतिम रूप देने के उद्देश्य से 8 व 9 जनवरी को ब्रसेल्स में मंत्री-स्तरीय वार्ता करेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस दौरान ईयू के व्यापार और आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस शेफचोविच से मुलाकात करेंगे। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, बैठकों का मकसद लंबित मुद्दों पर मतभेद कम करना, रणनीतिक दिशा देना व महत्वाकांक्षी समझौते को गति देना है। यह बातचीत हाल ही में ब्रसेल्स में हुई उच्चस्तरीय चर्चाओं की कड़ी है, जिनमें वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल व यूरोपीय आयोग की व्यापार महानिदेशक साबीन वेयांड शामिल थीं।
कैटरिंग नीति पर मानवाधिकार आयोग का रेलवे बोर्ड को नोटिस
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने रेलवे की कैटरिंग नीति को लेकर रेलवे बोर्ड को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि नीति में बदलाव से अजा, अजजा और ओबीसी वर्ग के संवैधानिक अधिकार प्रभावित हुए। आयोग ने रेलवे बोर्ड से दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। यह नोटिस लीगल राइट्स ऑब्जर्वेटरी की शिकायत पर जारी किया गया।
सबरीमाला में भक्तों के गीत भी गूंजेंगे
अब सबरीमाला मंदिर में सिर्फ प्रसिद्ध गायकों के भजन ही नहीं, बल्कि आम भक्तों द्वारा रचित मौलिक भक्ति गीत भी सुनाई देंगे। त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने फैसला किया है कि जांच के बाद भक्तों के गीतों को सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली में शामिल किया जाएगा। भक्तों को गीत की मौलिकता को लेकर शपथपत्र देना होगा। चयनित गीतों को मंदिर में घोषणाओं के बीच बजाया जाएगा। इससे भक्तों को सीधे तौर पर आस्था से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
यूएई रक्षा कॉलेज में सेना प्रमुख का संबोधन
थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने यूएई के नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और आधुनिक युद्ध में तकनीक की भूमिका को रेखांकित किया। सेना प्रमुख ने कहा कि क्षेत्रीय और वैश्विक शांति के लिए भारत और यूएई समेत साझेदार देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय और बहुपक्षीय रक्षा सहयोग जरूरी है।
उडुपी में ट्रक और बस की टक्कर, 15 घायल
कर्नाटक के उडुपी जिले में एक टिपर ट्रक और केएसआरटीसी बस की आमने-सामने की टक्कर में पंद्रह लोग घायल हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार सोमवार देर रात कुंडापुरा के शेट्टारकट्टे मोड़ के पास तेज रफ्तार टिपर ट्रक ने नेरालाकट्टे से तल्लूर की ओर जा रही केएसआरटीसी बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार 15 लोग घायल हो गए, जिनमें सात छात्र भी शामिल थे।
गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को उपचार के लिए केएमसी मणिपाल में भर्ती कराया गया, जबकि बाकी लोगों को कुंडापुरा सरकारी और आदर्श अस्पतालों में ले जाया गया। टिपर चालक राघवेंद्र को चिन्मयी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुंडापुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
दो की हालत सिर में गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीसरा खतरे से बाहर है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर अस्पताल पहुंचे और घायलों की हालत के बारे में जानकारी ली।
तेलंगाना में दलित महिला डॉक्टर की मौत का मामला
हैदराबाद के सिद्धिपेट में एक 23 वर्षीय दलित महिला डॉक्टर की आत्महत्या से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, एक सीनियर डॉक्टर ने उनसे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में जाति के कारण इंकार कर दिया।इससे वह मानसिक रूप से परेशान थीं। पीड़िता की बहन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला जातिगत भेदभाव और मानसिक उत्पीड़न की ओर ध्यान दिलाता है।
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अगले सप्ताह आएंगे भारत
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अगले सप्ताह दो दिवसीय यात्रा पर भारत आएंगे। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूती मिलेगी। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को मर्ज के पहले भारत दौरे की घोषणा की। पीएम नरेंद्र मोदी 12 जनवरी को अहमदाबाद में जर्मन नेता का स्वागत करेंगे।
जर्मन चांसलर बंगलूरू भी जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह दौरा उच्चतम राजनीतिक स्तर पर नियमित बातचीत से बनी गति को और आगे बढ़ाएगा। यह भारत और जर्मनी के साझा विजन को फिर से मजबूत करने का एक कीमती अवसर देगा, ताकि दोनों देशों के लोगों और बड़े वैश्विक समुदाय के फायदे के लिए एक आगे की सोच वाली साझेदारी बनाई जा सके।
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर बंगाल में आयोजन
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने ‘वंदे मातरम्’ गीत की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नेतृत्व किया। इस अवसर पर बाइक मार्च, मशाल यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्यपाल ने प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर को कला और संस्कृति में योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत को संजोना और युवाओं में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना रहा
तीन हाईकोर्टों में चार वकीलों को बनाया जज
केंद्र सरकार ने तीन हाईकोर्ट में चार वकीलों को जज बनाया है। विधि मंत्रालय से सोमवार को जारी सूचना के मुताबिक वकील जय कृष्ण उपाध्याय को इलाहाबाद हाईकोर्ट में जज नियुक्त किया गया। सिद्धार्थ साह उत्तराखंड हाईकोर्ट में अतिरिक्त जज बने हैं। वहीं, बिहार के वकील रितेश कुमार व प्रवीण कुमार को पटना हाईकोर्ट में जज नियुक्त किया गया।
ओडिशा में बड़े आर्थिक क्षेत्र के विकास पर जोर
नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने ओडिशा सरकार से भुवनेश्वर, कटक, पुरी और पारादीप को जोड़कर एक बड़े आर्थिक क्षेत्र के विकास कार्य को तेज करने को कहा। उन्होंने इस पूरे क्षेत्र को एक साथ विकसित करने की बात कही ताकि रोजगार, उद्योग और शहरों का विकास हो सके। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा, युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण, आदिवासी समुदाय के लिए वन उत्पादों से आय बढ़ाने और विकसित ओडिशा 2036 व विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों पर भी चर्चा हुई।
पश्चिम बंगाल में सरस्वती प्रतिमाओं में तोड़फोड़
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में मां सरस्वती की प्रतिमाओं में तोड़फोड़ की गई है। महिषादल के गड़कमलपुर क्षेत्र के काठल पट्टी इलाके में स्थानीय कारीगरों की बनाई गई प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता शुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट कर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रविवार रात को घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि सरस्वती पूजा 23 जनवरी को मनाई जाएगी और इस तरह की घटनाओं से मूर्ति निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नेता प्रतिपक्ष शुवेंदु ने दावा किया कि इससे पहले भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
यूएई से और मजबूत होंगे रक्षा संबंधी : सेना प्रमुख
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सेना के शीर्ष कमांडर मेजर जनरल यूसुफ मायूफ सईद अल हल्लामी के साथ व्यापक बातचीत की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और यूएई के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूत करना रहा। जनरल द्विवेदी दो देशों की यात्रा के तहत यूएई के दो दिवसीय दौरे पर हैं। यह उनकी यात्रा का पहला चरण है। यूएई में 5 और 6 जनवरी तक रहने के बाद वह श्रीलंका के लिए रवाना होंगे। सेना प्रमुख की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब खाड़ी क्षेत्र में तेजी से हालात बदल रहे हैं और यमन को लेकर यूएई व सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। दोनों के बीच हुई बातचीत में रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई।
भारत-भूटान शीर्ष कोर्ट में समझौते पर हस्ताक्षर
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने सोमवार को बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने भूटान के सर्वोच्च न्यायालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के बीच युवा कानूनी पेशेवरों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना और न्यायिक सहयोग को और मजबूत बनाना है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि समझौते के तहत भूटान के दो लॉ क्लर्क तीन महीने की अवधि के लिए भारत की सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त किए जाएंगे। उन्हें भारतीय कानून प्रशिक्षुओं के समान मानदेय दिया जाएगा और उनके यात्रा व्यय का वहन भी सुप्रीम कोर्ट स्वयं करेगा।
बंगलूरू : शोभायात्रा पर पथराव…तनाव, तीन नाबालिग हिरासत में लिए
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में एक धार्मिक शोभायात्रा पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया, जिससे दो महिला श्रद्धालु घायल हो गईं। इससे क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। इस सिलसिले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। रविवार की रात हुई इस घटना के बाद लोगों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को आक्रोशित लोगों की ओर से जवाबी कदम उठाए जाने की आशंका के मद्देनजर जगजीवन राम नगर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वीएस गार्डन निवासी शशिकुमार एन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रविवार देर रात घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की।
ड्रग्स मामले में साक्ष्यों से छेड़छाड़ में एंटनी राजू की विस सदस्यता रद्द
केरल के पूर्व मंत्री और तिरुवनंतपुरम से विधायक एंटनी राजू को 1990 के ड्रग्स मामले में साक्ष्यों से छेड़छाड़ का दोषी पाए जाने पर विधानसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। विधानसभा सचिवालय ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। नेदुमंगद की एक अदालत ने उन्हें तीन साल के कारावास की सजा सुनाई है, जिसके बाद जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत उनकी सदस्यता 3 जनवरी से समाप्त मान ली गई। कोर्ट ने उन्हें ड्रग केस में आरोपी विदेशी नागरिक को बचाने के लिए सबूतों के साथ जालसाजी का दोषी माना है।
त्रिपुरा में सीएम पर टिप्पणी के आरोप में यूथ कांग्रेस नेता शाहजहां गिरफ्तार
त्रिपुरा पुलिस ने सोमवार को प्रदेश यूथ कांग्रेस नेता शाहजहां इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले छह महीने से फरार चल रहे थे। इस्लाम पर मुख्यमंत्री माणिक साहा के खिलाफ फेसबुक लाइव के दौरान अपमानजनक टिप्पणी करने और जून 2025 में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप है। सदर एसडीपीओ डीपी रॉय ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर जॉयपुर में छापा मारा गया और इस्लाम को पकड़ा गया। उनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दो एफआईआर दर्ज हैं। ब्यूरो
मणिपुर के बिष्णुपुर में तीन आईईडी धमाके, दो घायल
इंफाल/बिष्णुपुर। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में सोमवार सुबह तीन इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) धमाकों में दो स्थानीय लोग घायल हुए है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाकों को घेरकर गहन तलाशी शुरू की गई है। जानकारी के मुताबिक, पहले दो धमाके सुबह करीब 5.40 से 5.55 बजे के बीच फुगकचाओ पुलिस थाना क्षेत्र के सैतोन–नगानुकोन इलाके में स्थित एक खाली मकान में हुए। तीसरा धमाका सुबह 8.30 से 8.45 बजे के बीच उसी मकान से लगभग 200 मीटर की दूरी पर हुआ। ब्यूरो
दुनिया को डराने की कोशिश कर रहे ट्रंप : कांग्रेस
कांग्रेस ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पर चिंता जताई है। कांग्रेस ने अमेरिकी कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन बताया है। यह भी कहा कि ऐसे कदम दुनिया की स्थिरता को खतरे में डाल सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को कहा कि वेनेजुएला में जो हालात हैं, वह दुनिया के लिए अच्छे नहीं हैं। आज अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी दुनिया को डराने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन दुनिया उनके सामने झुकने वाली नहीं है। खरगे ने यूरोपीय तानाशाहों हिटलर और मुसोलिनी का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग अपने क्षेत्र को बढ़ाकर अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करते हैं, वो बहुत दिन टिकते नहीं हैं। जो लोग गलत विचार रखते हैं और शांति और सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, वह सही नहीं हैं। ब्यूरो
वेनेजुएला पर ताजा कार्रवाई का जिक्र कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर साधा निशाना
खरगे ने यह भी कहा कि विस्तारवाद और प्रभुत्व थोपने का प्रयास, कभी भी लंबे समय तक नहीं चलता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि ट्रंप अक्सर दावा करते हैं कि उन्होंने पाकिस्तान और भारत के बीच शांति स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने यह बात एक बार नहीं, बल्कि कई बार कही है। इससे से यह स्पष्ट होता है कि ट्रंप खुद को बहुत शक्तिशाली मानते हैं, जो दुनिया को अपनी इच्छानुसार झुका सकते हैं। लेकिन दुनिया इस तरह झुकने वाली नहीं है।
चेन्नई: निजीकरण के खिलाफ कूवम नदी में उतरकर प्रदर्शन
शहर के दो जोन के निजीकरण के खिलाफ अपने आंदोलन को तेज करते हुए सैनिटरी कर्मचारियों के एक ग्रुप ने सरकार और ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन का ध्यान खींचने के लिए कूवम नदी में प्रवेश किया। ये कर्मचारी पिछले तीन महीनों के अधिक समय से नगर निकाय के दो जोन के निजीकरण के फैसले के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों को नौकरी जाने का डर है और वे अपनी सेवाओं को नियमित करने की मांग करने लगे।
पुलिस ने अग्निशमन और बचाव कर्मी की मदद से कूवम नदी में प्रवेश किया और प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को जबरन हटा दिया। पुलिस ने बताया कि उन्हें पास के एक कम्युनिटी हॉल में ले जाया गया और बाद में छोड़ दिया गया।
पलानीस्वामी की राज्यपाल से मुलाकात
अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी पलानीस्वामी ने चेन्नई के लोक भवन में राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात की।

बंगाल: मृत मिला शख्स, परिवार ने एसआईआर को लेकर लगाया आरोप
पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी के पास मंगलवार को एक 57 साल का व्यक्ति मृत पाया गया, परिवार वालों का आरोप है कि वह एसआईआर सुनवाई को लेकर तनाव में था। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि उसका शव फूलबाड़ी इलाके में एक सूनसान पुलिस क्वार्टर से बरामद किया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान मोहम्मद खादिम के रूप में हुई है, जो चूनाभट्टी इलाके का रहने वाला था। परिवार वालों के अनुसार खादिम ने हाल ही में राज्य में चुनावी सूची के एसआईआर के तहत एक सुनवाई में हिस्सा लिया था, क्योंकि 2002 की वोटर लिस्ट में उसका नाम गायब था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुनवाई के बाद से वह काफी मानसिक तनाव में था। सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब ने इलाके का दौरा किया, परिवार वालों से मुलाकात की और उन्हें मदद का भरोसा दिलाया। अधिकारी ने बताया कि उसकी मौत के कारणों की जांच चल रही है।
बेल्लारी हिंसा में 26 गिरफ्तार
कर्नाटक के बेल्लारी में हिंसा की कई घटनाओं के सिलसिले में अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा के बाद पथराव और गोलीबारी की घटनाएं भी सामने आई। पूरा विवाद बैनर एवं सजावटी झंडियों को लेकर हुआ। अब इस घटना के बाद बेल्लारी से कांग्रेस सांसद ई. तुकाराम ने कहा कि हम आज बेल्लारी जा रहे हैं, यह पता लगाने के लिए कि असल में क्या हुआ और अधिकारियों को क्या करना चाहिए था। वहीं डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा कि मैं आज बेल्लारी जा रहा हूं। हमारे राज्य में शांति होनी चाहिए। बीजेपी बेचैन है और कुछ करने की कोशिश कर रही है।
नेपाल उच्च सदन के चुनाव में गठबंधन करेंगी सियासी पार्टियां, ओली और प्रचंड ने मिलाया हाथ
नेपाल में भंग हो चुकी प्रतिनिधि सभा में प्रतिनिधित्व करने वाली चार प्रमुख राजनीतिक पार्टियां 25 जनवरी को होने वाले आगामी राष्ट्रीय सभा चुनाव के लिए गठबंधन बनाने की तैयारी कर रही हैं। 4 मार्च को उच्च सदन के द्विवार्षिक सेवानिवृत्ति चक्र के अनुसार, राष्ट्रीय सभा के 18 सदस्य रिटायर होने वाले हैं। यह आंकड़ा 59 सदस्यीय उच्च सदन का एक तिहाई है और इन रिक्त सीटों को भरने के लिए चुनाव होंगे।
इन पार्टियों में गठबंधन की उम्मीद
नेपाली कांग्रेस, सीपीएन-यूएमएल, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी और मधेस पार्टियों के गठबंधन के बीच चुनाव रणनीति में समन्वय के लिए चर्चा चल रही है। कांग्रेस, यूएमएल और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं के अनुसार, चर्चा इन 18 सीटों को चारों पार्टियों के बीच विभाजित करने पर केंद्रित है। इसमें कांग्रेस के लिए सात सीटें, यूएमएल के लिए छह, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के लिए चार और जनता समाजवादी पार्टी नेपाल के लिए एक सीट का अस्थायी आवंटन है। कांग्रेस अपने उम्मीदवारों को कभी भी अंतिम रूप दे सकती है।
अंतरिम सरकार के तीन मंत्रियों का लिया गया इस्तीफा
अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े तीन कैबिनेट मंत्रियों को पद से इस्तीफा देने का आदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो मंत्री मार्च में होने वाले आम चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, वे अंतरिम सरकार का हिस्सा नहीं रह सकते। सूत्रों के मुताबिक, कार्की ने ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री कुलमान घिसिंग, युवा एवं खेल मंत्री बाबलू गुप्ता और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री जगदीश खरेल से इस्तीफा देने को कहा है।





