भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन से मुलाकात की, जिसकी जानकारी उन्होंने एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा,’मेरी टाटा कंपनियों के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के साथ एक अच्छी बैठक हुई, जो एक ऐसा ग्रुप है, जिसकी 150 साल पुरानी शानदार विरासत है और अमेरिका में भी इसकी अच्छी-खासी मौजूदगी है।’
आंध्र प्रदेश: समुद्र तट पर तैरते समय चार छात्र बह गए
आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में बड़ा हादसा हो गया है। यहां के अल्लूर मंडल में इसाकापल्ली समुद्र तट पर तैरने के लिए समुद्र में जाने के बाद चार छात्र लापता हो गए। ये सभी अल्लूर मंडल के गोल्लापल्ली आश्रम स्कूल के छात्र थे। घटना के बाद मरीन पुलिस और स्थानीय मछुआरे मौके पर पहुंचे। मछुआरों ने नावें उतारीं और समुद्र में तलाशी अभियान शुरू किया। दो छात्रों के शव मिल गए हैं, जबकि बाकी दो की तलाश जारी है।
एबीवीपी 17-18 जनवरी को गोवा में दो दिवसीय बैठक
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) शिक्षा, पर्यावरण और अन्य समकालीन मुद्दों पर राष्ट्रव्यापी अभियान-उन्मुख योजनाओं को अंतिम रूप देने के लिए 17 और 18 जनवरी को गोवा में अपनी दो दिवसीय केंद्रीय कार्य समिति की बैठक आयोजित करेगी।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि यह बैठक दक्षिण गोवा के क्वेपेम स्थित श्री रामनाथ दामोदर संस्थान में आयोजित की जाएगी और इसमें देश भर से 100 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
वरिष्ठ पत्रकार आलोक वर्मा का निधन
अमर उजाला समूह से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार आलोक कुमार वर्मा का हृदय गति रुकने से शुक्रवार को निधन हो गया। उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वर्मा के परिवार में पत्नी प्रिया, बेटा हर्षवर्धन और बेटी आस्था हैं। मूलत: बिहार के हाजीपुर के रहने वाले आलोक वर्मा यहां गौर सिटी के 5वें एवेन्यू में रहते थे। उनके पिता अरुण कुमार वर्मा बिहार में रहते हैं। आलोक वर्मा 2005-06 में चंडीगढ़ में अमर उजाला से जुड़े थे और पिछले साल नोएडा कार्यालय से उन्होंने अवकाश ग्रहण किया था।
लद्दाख पर उच्चाधिकार समिति की पहली बैठक 4 फरवरी को
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख पर बनी उच्चाधिकार समिति (एचपीसी) पिछले साल सितंबर में हुई झड़पों के बाद 4 फरवरी को अपनी पहली बैठक करेगी। यह बैठक केंद्र व केंद्र शासित प्रदेश के प्रतिनिधियों के बीच स्थगित विचार-विमर्श की दोबारा शुरुआत का प्रतीक होगी। गृह मामलों के राज्य मंत्री नित्यानंद राय की अध्यक्षता में यह बैठक दिल्ली में ही होगी। एजेंसी
पीएम पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन करेंगे रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को पश्चिम बंगाल के मालदा रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी के बीच चलेगी। वातानुकूलित स्लीपर ट्रेन से हावड़ा-गुवाहाटी मार्ग पर यात्रा का समय लगभग 2.5 घंटे कम होने की उम्मीद है।
प्रवीण वशिष्ठ ने संभाला सतर्कता आयुक्त का पदभार
पूर्व आईपीएस अधिकारी प्रवीण वशिष्ठ ने शुक्रवार को केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) में सतर्कता आयुक्त के रूप में शपथ ली। उन्होंने सीवीसी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव के समक्ष पद और गोपनीयता की शपथ ली। वशिष्ठ इससे पहले गृह मंत्रालय में विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) के पद पर कार्यरत थे। उन्हें पिछले महीने सतर्कता आयुक्त नियुक्त किया गया था।
उनकी नियुक्ति के साथ ही सीवीसी अब अपनी पूर्ण क्षमता (एक केंद्रीय सतर्कता आयुक्त और दो सतर्कता आयुक्त) के साथ काम कर रहा है। 1991 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी वशिष्ठ का तीन दशक अधिक का करियर शानदार रहा। इस अवधि में उन्होंने कानून व्यवस्था, संकट प्रतिक्रिया सुरक्षा और प्रबंधन जैसे अहम क्षेत्रों में काम किया। वह बिहार में आर्थिक अपराध शाखा और अपराध अनुसंधान विभाग के महानिरीक्षक भी रहे। पुलिस अधीक्षक रहते हुए उन्होंने रांची, दुमका और गढ़वा जिलों में कानून व्यवस्था की कमान संभाली।
उन्होंने सीबीआई में पुलिस अधीक्षक और उप महानिरीक्षक के रूप में भी सेवाएं दीं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर वे गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव,अपर सचिव और विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) रहे। सतर्कता आयुक्त का कार्यकाल चार साल या जब तक वह 65 साल का नहीं हो जाता, तब- तक होता है।
जस्टिस सुजॉय पॉल बने कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश
जस्टिस सुजॉय पॉल ने शुक्रवार को कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने उन्हें अदालत नंबर एक में हुए समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जस्टिस पॉल को 18 जुलाई, 2025 को हाईकोर्ट का जज नियुक्त किया गया था। वह पूर्व मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवगणनम की सेवानिवृत्ति के बाद से हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर काम कर रहे थे।
शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा, मेरा कानूनी पेशे में आना किसी योजना के तहत नहीं, बल्कि परिस्थितियों की वजह से हुआ। मेरी कोई पारिवारिक कानूनी पृष्ठभूमि नहीं थी। इसके बावजूद, मैं इस मुश्किल पेशे में इसलिए आगे बढ़ सका क्योंकि मैंने सख्त अनुशासन अपनाया और अपने वरिष्ठ के साथ जिन माननीय न्यायाधीशों के सामने वकालत के दौरान मैं पेश हुआ उनसे से कीमती सीख ली। उन्होंने यह भी कहा कि यहां आने के बाद से उन्हें बार के सदस्यों का पूरा सहयोग मिला है। जस्टिस पॉल ने भरोसा दिलाया कि वे इस संस्था की पवित्रता, ईमानदारी और कार्यकुशलता बनाए रखने की मुमकिन कोशिश करेंगे।
दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करने पर कांग्रेेस नेता फेनिन पर केस दर्ज
केरल पुलिस ने निष्कासित कांग्रेस विधायक राहुल मामकूटथिल के करीबी सहयोगी और यूथ कांग्रेस नेता फेनिन निनन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। निनन पर विधायक के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत करने वाली पीड़िता की पहचान उजागर करने का आरोप है। निनन ने फेसबुक पर व्हाट्सएप चैट साझा कर पीड़िता पर कई आरोप लगाए थे, जिससे पीड़िता की पहचान उजागर हो गई। साइबर पुलिस ने निनन के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया है।
दूसरी ओर, पीड़िता ने एक ऑडियो क्लिप जारी कर दावा किया कि निनन ने पहले खुद उससे दोस्ती की और बाद में उसे चुप रहने के लिए राजी किया। पीड़िता का आरोप है कि निनन ने केवल चुनिंदा चैट ही सार्वजनिक की हैं। निनन ने इन आरोपों को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए कहा कि वे एफआईआर को उच्च न्यायालय में चुनौती देंगे।
US से निर्वासित वेनेजुएला के 231 नागरिकों को लेकर काराकास पहुंचा विमान; लक्ष्मी मित्तल के पिता का निधन
अमेरिका के फीनिक्स शहर से निर्वासित किए गए वेनेजुएला के 231 प्रवासियों को लेकर एक उड़ान काराकास पहुंची। वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़कर न्यूयॉर्क भेजे जाने के बाद यह पहली कार्रवाई है। मादुरो पर ड्रग तस्करी के गंभीर मामले में शामिल होने का आरोप है और उनके खिलाफ मुकदमा चल रहा है।
ईस्टर्न एयरलाइंस की यह उड़ान काराकास के पास हवाई अड्डे पर उतरी। इससे पहले अमेरिका ने सीधे वेनेजुएला जाने वाली उड़ानों को कुछ समय के लिए रोक रखा था। अमेरिकी अधिकारियों और वेनेजुएला सरकार के अनुसार, आखिरी सीधी उड़ान 10 दिसंबर को संचालित हुई थी। दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत निष्कासित प्रवासी नियमित रूप से वापस लौट सकते हैं। मार्च 2025 से यह व्यवस्था चल रही थी। लेकिन हाल में अमेरिकी कार्रवाई और ड्रग तस्करी के संदिग्ध जहाजों पर हमलों के कारण कुछ उड़ानों में देरी हुई।
इस्पात उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल के पिता का निधन
इस्पात उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल का 99 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लक्ष्मी निवास मित्तल ने अपने पिता श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि उनके ‘प्रिय पिता’ का गुरुवार शाम को लंदन में परिवार के बीच शांति से निधन हुआ। वह अपने 100वें जन्मदिन से केवल कुछ महीने दूर थे।
उन्होंने कहा, मेरे पिता असाधारण व्यक्ति थे। उनका मजबूत धार्मिक विश्वास और मेहनत का नजरिया पूरे जीवन उनके साथ रहा। उनका जन्म राजस्थान के छोटे गांव राजगढ़ में एक साधारण परिवार में हुआ था। वे हमेशा परिस्थितियों का सबसे अच्छा उपयोग करना जानते थे और मानते थे कि मेहनत ही आमतौर पर हर समस्या का हल है।
भारत 6 करोड़ डॉलर की मदद से श्रीलंका में विकसित करेगा बंदरगाह
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने घोषणा की है कि भारत सरकार जाफना स्थित कांकेसंथुराई (केकेएस) बंदरगाह के नवीनीकरण के लिए 6 करोड़ डॉलर की सहायता प्रदान करेगी। जाफना में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तरी प्रांत के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पलाली हवाई अड्डे की कमियों को भी दूर किया जाएगा। यह निर्णय दिसंबर 2024 में पीएम मोदी और दिसानायके की मुलाकात के बाद लिया गया है।
पाकिस्तान : नेशनल असेंबली में अचकजई नेता प्रतिपक्ष नियुक्त
पाकिस्तान में शुक्रवार को वरिष्ठ पख्तून कबाइली नेता महमूद खान अचकजई को नेशनल असेंबली में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया। यह पद गत वर्ष अगस्त से खाली था। अचकजई को पीटीआई प्रमुख इमरान खान ने नामित किया था।
द. अफ्रीकी देशों में भारी बारिश-बाढ़ से 100 से ज्यादा मौतें
दक्षिण अफ्रीका के कई देशों में मूसलाधार बारिश और विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। दक्षिण अफ्रीका, मोजाम्बिक और जिम्बाब्वे में अब तक 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। मोजाम्बिक सबसे अधिक प्रभावित है, जहां बिजली गिरने, डूबने और हैजा जैसी बीमारियों से 103 मौतें हुई हैं। मोजाम्बिक में 2 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। जिम्बाब्वे में भी इस साल की शुरुआत से अब तक 70 लोगों की मृत्यु हुई है और 1,000 से ज्यादा घर तबाह हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के उत्तरी प्रांतों में 19 मौतें दर्ज की गई हैं।
गगन थापा को पीएम पद का चेहरा बनाएगी नेपाली कांग्रेस
नेपाली कांग्रेस आगामी चुनाव में गगन थापा को प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में सामने रखकर लड़ने की तैयारी में है। पार्टी के उपसभापति विश्वप्रकाश शर्मा ने यह बात सार्वजनिक रूप से कही है। शर्मा ने यह प्रतिक्रिया निर्वाचन आयोग के विशेष महाधिवेशन से चुनी गई गगन थापा नेतृत्व वाली कार्यसमिति को पार्टी की आधिकारिक इकाई के रूप में मान्यता दिए जाने के बाद दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव संबोधन में कहा कि अब पार्टी को आंतरिक विभाजन से ऊपर उठकर एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। उनका कहना था कि विशेष महाधिवेशन के समर्थन में हस्ताक्षर करने या न करने के आधार पर पार्टी के भीतर कोई दूरी या गुटबंदी नहीं रहनी चाहिए। अब समय आ गया है कि सभी साथियों को साथ लेकर कांग्रेस को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा। उपसभापति शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी आगे चलकर युवाओं, विशेष रूप से जेन-जी आंदोलन द्वारा उठाए गए सुशासन के मुद्दों को गंभीरता से संबोधित करेगी। उन्होंने कहा, परिवर्तन वही ला सकता है, जो खुद बदलने के लिए तैयार हो।
हिंदी दिवस पर सिंगापुर की श्वेता वर्मा को प्रथम पुरस्कार
मॉरीशस में आयोजित विश्व हिंदी गीत प्रतियोगिता 2026 में सिंगापुर की श्वेता वर्मा ने एशिया (भारत को छोड़कर) और ऑस्ट्रेलिया क्षेत्र में पहला पुरस्कार जीता। यह प्रतियोगिता विश्व हिंदी दिवस पर विश्व हिंदी सचिवालय द्वारा आयोजित की गई थी। श्वेता मूल रूप से भारत से हैं और वर्तमान में सिंगापुर में वित्त क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनकी विजयी रचना जा रे, उड़ जा रे हिंदी एक वैश्विक भाषा के रूप में प्रस्तुत करती है।
ब्राजील: बोल्सोनारो को बेहतर सुविधाओं वाली सेल में भेजा
रियो दि जनेरियो। ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को ब्रासीलिया स्थित फेडरल पुलिस मुख्यालय से पापुडा पेनिटेंटियरी कॉम्पलेक्स की अधिक बड़ी और आरामदायक सेल में स्थानांतरित करने का आदेश दिया। 54 वर्ग मीटर की नई सेल है और में 10 वर्ग मीटर का खुला क्षेत्र है। अदालत ने इसे उच्च-प्रोफाइल कैदियों के लिए अधिक अनुकूल परिस्थितियों वाला कदम बताया। बोल्सोनारो 2022 चुनाव हार के बाद तख्तापलट की कोशिश के मामले में 27 साल की सजा काट रहे हैं।
चीन और कनाडा के बीच नए संबंधों की शुरुआत के संकेत
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दोनों देशों के बीच संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत करने पर सहमति जताई है। वर्षों के तनाव के बाद बीजिंग में हुई मुलाकात में दोनों नेताओं ने सहयोग बढ़ाने और रिश्तों को बेहतर बनाने की बात कही। शी जिनपिंग ने कहा कि अक्तूबर में हुई पिछली बैठक से संबंध सुधार की दिशा में कदम बढ़े हैं। वहीं, कार्नी ने वैश्विक चुनौतियों के बीच चीन के साथ बेहतर रिश्तों को जरूरी बताया।
कैलिफोर्निया से वोटर डाटा मांगने का ट्रंप प्रशासन का केस खारिज
अमेरिका की एक संघीय अदालत ने कैलिफोर्निया से 2.3 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं का विस्तृत व्यक्तिगत डेटा मांगने वाले ट्रंप प्रशासन के मुकदमे को खारिज कर दिया। जज डेविड ओ. कार्टर ने इसे अवैध बताया। उन्होंने कहा कि चुनावों पर अधिकार कार्यपालिका मनमाने ढंग से नहीं ले सकती और ऐसा कदम मतदाता पंजीकरण पर नकारात्मक असर डाल सकता है। अदालत के अनुसार, निजी जानकारी को केंद्र में इकट्ठा करना लोकतंत्र के लिए खतरा है। न्यायाधीश ने कहा कि बिना कांग्रेस की अनुमति ऐसा करना स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की भावना के खिलाफ है।





