भोपाल में भारतीय गणवार्ता पार्टी ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। ट्रंप के 50 प्रतिशत टैरिफ बढ़ाने के विरोध में भगवा पार्टी ने अमेरिकी राष्ट्रपति का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने तेरहवीं के कार्ड बांटकर शवयात्रा निकाली। अब 13 दिन बाद डोनांड ट्रप का मृत्युभोज भी होना है।
भोपाल: भारतीय गणवार्ता पार्टी ने अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सांकेतिक शवयात्रा निकाली, पुतला फूंका और शोक संदेश बांटे। उन्होंने तेरहवीं के कार्ड भी बांटे, जिसमें मृत्युभोज कराने की बात कही गई है। पार्टी का कहना है कि ट्रंप ने दोस्ती के नाम पर गद्दारी की है, जिससे भारत के लगभग ₹5.4 लाख करोड़ के एक्सपोर्ट पर असर पड़ेगा और नौकरियां जाने का खतरा है।
शवयात्रा निकाल कर पुतला फूंका
भारतीय गणवार्ता पार्टी ने बोर्ड ऑफिस चौराहे से ज्योति टाकीज तक डोनाल्ड ट्रंप की शवयात्रा निकाली। इसके बाद चौराहे पर ट्रंप का पुतला जलाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के 50% टैरिफ का विरोध किया। उन्होंने इसके लिए फ्लेक्स भी लगाए और शोक संदेश भी बांटे। तेरहवीं पर लोगों को मृत्युभोज भी कराया जाएगा।
‘ट्रंप दोस्ती के नाम पर कलंक’
भगवा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकांत शुक्ला ने कहा, ‘ट्रंप ने दोस्ती के नाम पर गद्दारी की है। वह दोस्ती के नाम पर कलंक है। उसने गद्दारी की है। अमेरिका के साथ हमारे अच्छे संबंध रहे हैं। ये पाकिस्तान को आतंकवाद के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। हम 13 दिन बाद इसकी तेरहवीं भी करेंगे और मृत्युभोज भी खिलाएंगे।’
भारतीय प्रोडक्ट्स होंगे महंगे
भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले सामानों पर 27 अगस्त से 50% टैरिफ लागू हो गया है। GTRI की रिपोर्ट के अनुसार, इससे भारत के लगभग ₹5.4 लाख करोड़ के एक्सपोर्ट पर असर पड़ सकता है। 50% टैरिफ से अमेरिका में बिकने वाले भारतीय प्रोडक्ट्स महंगे हो जाएंगे। इससे इनकी मांग में 70% तक कमी आ सकती है। चीन, वियतनाम और मेक्सिको जैसे देश सस्ते दाम पर सामान बेचेंगे, जिससे भारतीय कंपनियों की हिस्सेदारी कम होगी।
क्या होता है टैरिफ?
टैरिफ यानी आयात शुल्क। जब कोई देश दूसरे देश से सामान खरीदता है, तो उस पर टैक्स लगाता है। ट्रम्प का कहना है कि भारत अमेरिकी सामानों पर ज्यादा टैरिफ वसूलता है, जबकि अमेरिका भारतीय सामानों पर कम टैक्स लगाता है। इसलिए, उन्होंने ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ पॉलिसी के तहत भारत पर 25% टैरिफ लगाया। ट्रम्प ने भारत के रूस से तेल और सैन्य उपकरण खरीदने पर भी नाराजगी जताई थी।




