इंदौर
बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते प्रदेश सरकार ने 31 मार्च तक महाराष्ट्र से आने-जाने वाली बसों पर भले ही प्रतिबंध लगा रखा हो, लेकिन इंदौर से कई वीडियो कोच बस ऑपरेटर बसों का संचालन कर रहे हैं। इंदौर से मुंबई, पुणे, नासिक सहित महाराष्ट्र के कई रूटों पर बसें चल रही हैं। बसों से यात्री जा भी रहे हैं और महाराष्ट्र से आ भी रहे हैं।
इसके बावजूद इसकी न परिवहन विभाग को जानकारी है और न प्रशासन को। ट्रेवल्स ऑपरेटर बुकिंग ऑनलाइन भी कर रहे हैं। इधर, वीडियो कोच बस एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है हमने समझाइश भी दी, लेकिन ऑपरेटर नहीं माने। उधर, परिवहन अधिकारियों का कहना है बसों का संचालन हो रहा है उन्हें कोई जानकारी ही नहीं है।
भास्कर लाइव : ट्रेवलर से यात्रियों को लाकर बस में बैठाते
चोइथराम मंडी के पास राजरतन ट्रेवल्स का ऑफिस। यहां पर मुंबई सहित अन्य महाराष्ट्र के लिए बुकिंग भी हो रही। मुंबई के लिए दो बसें (एक शाम 7 बजे, एक नौ बजे) बस संचालित भी हो रही है। मुंबई के लिए बुकिंग के लिए बात की तो नॉन एसी के लिए 800, एसी के लिए 1010 रुपए का किराया यात्रियों से लिया जा रहा है। बसों का संचालन बंद है फिर बसें कैसे चल रही है? इस पर ऑपरेटरों ने कहा दूसरी बसों का संचालन बंद होगा, हमारी तो चल रही है। कोई रोकटोक नहीं। वहीं, रात 9 बजे की बस के लिए अंदर से यात्रियों को बैठाया गया। हालांकि बस पर किसी तरह का बोर्ड नहीं था कि बस कहां जा रही है कहां नहीं।
एसोसिएशन ने कहा- रोकने केे बाद भी नहीं मान रहे हैं
वीडियो कोच बस एसोसिएशन के सचिव हरि दुबे के अनुसार 20 से 31 मार्च तक महाराष्ट्र आने-जाने वाली बसों का संचालन बंद है। कुछ ट्रेवल्स संचालक बसों का संचालन कर रहे हैं। समझाइश के बाद भी वे नहीं मान रहे हैं।
आरटीओ बोले- कार्रवाई करेंगे
एआरटीओ हृदयेश यादव ने कहा महाराष्ट्र आने-जाने वाली बसों का संचालन 31 मार्च तक पूरी तरह से बंद है। बसों का संचालन होने पर कार्रवाई करेंगे। इस मामले में आरटीओ की चेकिंग टीम जांच करेगी। संचालन होते पाया तो बस को जब्त किया जाएगा।
पार्सल भी भेज रहे, रोक नहीं
इंदौर से हंस ट्रेवल्स की भी कुछेक बसें मुंबई, पुणे रूट पर चल रही है। यात्रियों ने कहा इसकी बुकिंग भी हो रही है। यहां से विजयनगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने पुणे बस से पार्सल भी भेजा। बसों का संचालन हो रहा है।




