भोपाल
मध्यप्रदेश में पिछले दो महीने में हुई 11 अमानवीय घटनाओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या लोगों में अब कानून का खौफ खत्म हो गया है? ये सवाल पिछले दो महीने में हुई घटनाएं खड़ी कर रही हैं। अलीराजपुर, धार, सतना, नीमच और अब रीवा में बदमाशों ने पीड़ितों को तालिबानी सजा दे डाली। कुछ जगह बेरहमी से मारा, तो कुछ जगह तो बर्बरता की सारी हदें पार कर दी गई।
हरदा में युवक की कब्रिस्तान में पिटाई
31 अगस्त को हरदा में रंगदारी मांग रहे 5 युवकों ने कब्रिस्तान के पास एक युवक को घेर कर लात-घूंसों से पीटा। खुद ही पिटाई का वीडियो बनाया और गाने की मिक्सिंग कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होने के बाद गांव में माहौल गरमा गया। सूचना मिलते ही हरदा कोतवाली थाने से फोर्स गांव पहुंची। पुलिस ने मारपीट करने वाले पांचों युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया। फिलहाल, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
होशंगाबाद में किन्नर और युवक के साथ मारपीट
होशंगाबाद में 31 अगस्त को किन्नर और युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। आदतन बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक किन्नर को लात-घूसों से पीटा। दूसरी जगह पर एक युवक की जूतों से बेहरमी से पिटाई की। मारपीट के वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद देहात पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने संबंधित आरोपी को पकड़ने के लिए टीम भेज दी है। हालांकि, किसी ने भी इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। .
उज्जैन में युवकों ने कबाड़ी से नारे लगवाए
30 अगस्त को उज्जैन में कबाड़ का काम करने वाले एक व्यक्ति से जबर्दस्ती जय श्री राम का नारा लगवाने की घटना सामने आई। इस घटना का VIDEO भी वायरल हो रहा है। इसमें कुछ युवक एक समुदाय विशेष के व्यक्ति से जबर्दस्ती नारा लगवाते दिख रहे हैं। साथ ही उसे गांव में दोबारा न आने की धमकी देते हुए भी नजर आ रहे हैं। पुलिस ने VIDEO और फरियादी की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रीवा में बैटरी चोरी के शक में बेरहमी से पीटा
29 अगस्त को रीवा में क्रूरता से पिटाई का वीडियो सामने आया। वीडियो में बैटरी चोरी के शक में कुछ लोग एक युवक की बेल्ट से पिटाई कर रहे हैं। युवक रो रहा था। चिल्ला रहा था और पैर पकड़कर जान की गुहार लगा रहा है, लेकिन आरोपी उसे पीटते जा रहे हैं। युवक को उसके पेट पर चढ़कर पीटते रहे। मौके पर भीड़ भी जुटी, लेकिन बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया।
चोरी के शक में नीमच में हैवानियत
28 अगस्त को नीमच में तालिबानियों जैसी हैवानियत का मामला सामने आया। यहां कुछ दबंगों ने एक भील आदिवासी को मामूली सी बात पर बेदम पीटा। इसके बाद उसे पिकअप से बांधकर 100 मीटर तक घसीटा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां मौत हो गई। इस क्रूरता का वीडियो भी सामने आया था।
इंदौर में छेड़छाड़ के शक में चूड़ीवाले की पिटाई
23 अगस्त को इंदौर के बाणगंगा इलाके में रविवार को एक वायरल वीडियो को लेकर जमकर हंगामा हुआ। वीडियो में एक युवक को कुछ लोग पीट रहे थे। दिनभर वायरल हुए इस वीडियो का पता पुलिस को रात करीब 10 बजे चला। लोगों का कहना था कि युवक नाम बदलकर चूड़ी बेच रहा था और महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहा था। इसके बाद उसकी पिटाई कर दी गई।
सतना में युवक से थूक चटवाया
सतना के नागौद में 17 अगस्त को एक युवक को सरेराह बदमाशों ने बेरहमी से पीटा फिर उसे अपना थूक चटवाया। मामले का वीडियो सामने आया है। सतना से विधानसभा का चुनाव लड़ चुका शशांक सिंह अपने एक साथी के साथ युवक की डंडे से पिटाई करता दिख रहा है। युवक को लात और घूंसों से भी पीटा जा रहा है। सपाक्स पार्टी का पूर्व प्रत्याशी रहा दबंग युवक पीड़ित को थूक कर चाटने पर मजबूर करता है। वह धमकी देता है कि घर में घुस कर गोली मार देगा।

अमानवीय घटनाओं ने पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सतना में ट्रक क्लीनर का मर्डर
2 अगस्त को सतना में डीजल चोरी के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP ने न्यायिक मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिए। शव को जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक का नाम जितेंद्र केवट (25) पिता रामकरण केवट बताया जा रहा है। जो कृपालपुर थाना रामपुर बघेलान का रहने वाला था।
धार में युवतियों को पीटा, जुलूस निकाला
आलीराजपुर के बाद 3 जुलाई को धार जिले में समाज का क्रूर चेहरा सामने आया है। दो युवतियों को उनके परिवार वालों ने लाठी-डंडे से पीटते हुए गांव में घुमाया। दोनों का कसूर सिर्फ इतना था कि वे मोबाइल पर अपने मामा के लड़कों से बातें करती थीं। ये बात उनके चचेरे भाइयों और परिवार के लोगों को अच्छी नहीं लगी। दोनों पीड़ित युवतियां चचेरी बहनें हैं। मामला धार जिले के टांडा थाना के पीपलवा गांव का है। घटना 22 जून को हुई थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस गांव पहुंची, जबकि FIR 26 जून को दर्ज की गई।
अलीराजपुर में युवती को पेड़ से लटकाकर पीटा
2 जुलाई को अलीराजपुर से शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवती को उसके ही भाई और पिता ने बेरहमी से पीटा। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि वह बिना बताए मामा के यहां चली गई थी। घरवालों को शक हुआ कि वह भाग गई है। इसके बाद आरोपियों ने युवती को पेड़ से लटकाकर और जमीन पर पटक कर डंडों से बुरी तरह पीटा। युवती मिन्नतें करती रही, लेकिन उनका दिल नहीं पसीजा। आसपास के लोग भी तमाशबीन बनकर देखते रहे। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों पर महज जमानती धाराएं लगाकर पल्ला झाड़ लिया।
देवास में राशन लेने गए युवक को मारे लात-घूंसे
एक महीने पहले बागली थाना क्षेत्र के ग्राम मालीपुरा में दिनेश पिता मांगीलाल निवासी मालीपुरा के साथ सेल्समैन समेत कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। वह उचित मूल्य की दुकान पर राशन व केरोसिन लेने गया था। पहले तो सेल्समैन राधेश्याम चौधरी ने काफी देर तक इंतजार करवाया। इसके बाद राशन नहीं होने की बात कहकर भगा दिया। दिनेश ने आपत्ति जताई, तो उसकी लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी।





