मामले की न्यायिक जांच की मांग को लेकर धरना जारी
जौरा –तहसील के पचोखरा गांव राशन लेने गए दलित युवक की दबंग एवं उसके बाद पुलिस द्वारा की गई मारपीट से युवक की मौत के मामले में लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। मामले की न्यायिक जांच की मांग को लेकर अनुभाग अधिकारी कार्यालय जोरा परिसर में चल रहा धरना आज तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान आंदोलनकारियों ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों पर राजनीतिक दवा में काम करने का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि परिस्थितियां साफ जाहिर कर रही हैं कि घटना में दबंग एवं पुलिस की गंभीर मारपीट से युवक पान सिंह की मौत हुई थी। इसके बावजूद पुलिस मामले की जांच नहीं कर रही।
उल्लेखनीय है कि नरसिंहपुरा निवासी दलित युवक पान सिंह जाटव अगस्त माह में राशन लेने के लिए पचोखरा सोसाइटी पर गया था। वहां राशन ले रहे कतिपय दबंग लोगों ने पहले राशन लेने की जिद में ना केवल पान सिंह की मारपीट की अपितु उसका राशन कार्ड फाड़कर वहां से अपमानित कर भगा दिया। इस घटना की रिपोर्ट करने जब मृतक अपनी मां श्रीमती शीला एवं भाई बदन सिंह के साथ चिन्नौनी थाने गया तब वहां मौजूद थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने उसकी सुनवाई करने के बजाए दबंग लोगों से मिलकर उल्टे उन्हीं के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर उसकी गंभीर मारपीट की। हैरानी तो इस बात की है कि मृतक द्वारा पुलिसकर्मियों के इस कृत्य की शिकायत आला पुलिस अधिकारियों को भी की लेकिन उन्होंने भी इसकी कोई सुनवाई नहीं की। मारपीट के दो दिन बाद पान सिंह की गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई। मामले की न्यायिक जांच की मांग को लेकर 12 दिसंबर से पूर्व विधायक महेश दत्त मिश्र, सोनेराम कुशवाह एवं मनीराम धाकड़ के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी जौरा कार्यालय के सामने धरना आंदोलन शुरू किया गया। आंदोलन में भारी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने आगे आ रहे हैं। आंदोलन का संचालन मुरारीलाल अमर ने किया। धरना आंदोलन में आज विद्या राम प्रजापति, गोविंद कुशवाहा सुंदर सिंह कुशवाह, हंसराज शर्मा,रामहेत जाटव,राजू गुप्ता गयिराम सिंह धाकड़,दर्शन लाल,राम लखन, रामेश्वर दयाल, सोनेराम सोलंकी,मुरारीलाल अमर, पार्वती जाटव टीकाराम गौतम नीरज चंसौरिया,फेरन सिंह, सुरेश बदन सिंह शेरा जाटव मांगीलाल जाटव आदि विशेष रुप से शामिल हुए। **बसपा, कांग्रेस एवं माकपा ने दिया समर्थन*धरना आंदोलन को माकपा एवं बसपा जैसे राजनीतिक दलों सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता आन्दोलन को समर्थन देने आगे आ रहे हैं। गत दिवस जहां माकपा नेता रामबाबू जाटव ने ग्वालियर से आकर धरने को समर्थन दिया वही कांग्रेसी नेता पंकज उपाध्याय ने भी पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की। आज सबलगढ़ से आए माकपा नेता गयाराम सिंह धाकड़, राजू गुप्ता,हंसराज शर्मा आदि धरने में शामिल हुए।
**मां ने बताई आंखों देखी*
पुलिस मारपीट के समय मौके पर मौजूद मृतक पान सिंह की मां श्रीमती शीला बाई अपने आंखों में आंसू भर कर बताती है कि किस तरह उसके दोनों बेटों को थानेदार एवं पुलिसकर्मियों ने दीवार पर सर पटक दिया। मां का कहना था कि थानेदार ने उसके सामने ही पान सिंह में लात मारी जिससे वह बेसुध होकर गिर पड़ा। मां ने बताया कि जब वह अपने दोनों बेटों को बचाने के लिए थानेदार से गुहार कर रही थी तो उन्होंने उसे भी धक्का मार कर बाहर कर दिया।





