इंदौर. भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने धर्मांतरण और विदेशी फंडिंग के आरोपों में घिरे अनवर कादरी पर तीखा हमला बोला है. रविवार को मीडिया से बातचीत में ठाकुर ने दावा किया कि कादरी के खिलाफ जल्द बड़ी कार्रवाई होगी. उनके मुताबिक, कादरी के घर पर बुलडोजर चलेगा और उसकी संपत्ति कुर्क की जाएगी. ठाकुर ने कहा कि अनवर कादरी का नाम कई वीडियो और बयानों में सामने आया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि वह हिंदू बेटियों को प्रेम जाल में फंसाकर शोषण और धर्मांतरण करने में शामिल है. उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा, कानून के तहत कठोर दंड दिया जाएगा.”
रक्षाबंधन के अवसर पर उन्होंने एक अनोखी अपील की. ठाकुर ने कहा, “इस बार बहनें भाइयों से कपड़े, नकद या अन्य उपहार न लें, बल्कि उनसे तलवार, शंख और शस्त्र लें, ताकि सनातन की रक्षा में योगदान दे सकें.” धर्मांतरण को उन्होंने ‘अंतरराष्ट्रीय मुद्दा’ बताया और दावा किया कि इसके लिए विदेशों से फंडिंग हो रही है. “ये लोग मानवता और नैतिकता के खिलाफ काम कर रहे हैं. ऐसे लोगों की संपत्ति जब्त होनी चाहिए और इन्हें कठोर दंड मिलना चाहिए.”
झांगुर, अनवर कादरी, यासीन मछली- सब एक ही गिरोह का हिस्सा
ठाकुर ने झांगुर उर्फ छांगुर बाबा और यासीन मछली जैसे आरोपियों का जिक्र करते हुए कहा, “इनके पूरे नेटवर्क को खत्म करना जरूरी है. भोपाल में यासीन मछली का मकान गिराया गया था. अनवर कादरी, यासीन मछली- सब एक ही गिरोह का हिस्सा हैं.” दरअसल झांगुर, अनवर और यासीन मछली पर आरोप है कि इन लोगों ने हिंदू लड़कियों को टारगेट करते हुए अपना गिरोह बनाया हुआ था. ये लोग तरह-तरह की साजिश करते हुए हिंदू लड़कियों का धर्मांतरण करा रहे थे. इसके लिए लाखों रुपए और अन्य हथकंडे अपनाते थे. यासीन मछली ड्रग्स और ब्लैकमेलिंग के आरोप में भोपाल में पकड़ाया है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित अपराध, कार्रवाई होनी चाहिए
विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि धर्मांतरण और ब्लैकमेलिंग के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा न जाए. साथ ही उन्होंने चेताया कि यह केवल स्थानीय नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठित अपराध है. फिलहाल, प्रशासन की ओर से अनवर कादरी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई या संपत्ति कुर्की को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है. लेकिन उषा ठाकुर के इस बयान ने इंदौर में राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है और इस मामले पर बहस तेज हो गई है.





