बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के 189 सांसद करोड़पति हैं, जो पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों का 90.87 फीसदी है, जबकि जमात-ए-इस्लामी के 38 सदस्य करोड़पति हैं, जो इसकी संसदीय ताकत का 55.07 प्रतिशत है. बांग्लादेश के जाने-माने बंगाली डेली बोनिक बार्ता ने इसे रिपोर्ट किया है. चल संपत्ति के आधार पर करोड़पति सदस्यों की संख्या 184 है, जिनकी कुल घोषित चल संपत्ति 9 करोड़ टका है.
बांग्लादेश में 13वीं संसद के लिए चुने गए जनप्रतिनिधियों की कुंडली सामने आ गई है और आंकड़े चौंकाने वाले हैं. ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल बांग्लादेश (TIB) की रिपोर्ट के मुताबिक, नवनिर्वाचित संसद में धनकुबेरों का बोलबाला है. 236 सांसद ऐसे हैं जो करोड़पति (Crorepati) हैं, जिनमें से 13 तो अरबपति (Billionaire) की श्रेणी में आते हैं. लेकिन सिक्के का दूसरा पहलू यह है कि इनमें से आधे सांसद भारी-भरकम कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं.
सोमवार को ढाका में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीआईबी ने ‘तेरहवीं राष्ट्रीय चुनाव प्रक्रिया एवं शपथ पत्र आधारित अवलोकन’ नाम की रिपोर्ट पेश की. रिपोर्ट के अनुसार, कुल सांसदों में से 79.46% (236) करोड़पति हैं. सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के 189 सांसद करोड़पति हैं, जो पार्टी के कुल सांसदों का 90.87% है. जमात-ए-इस्लामी के 38 सांसद (55.07%) करोड़पति क्लब में शामिल हैं. चल संपत्ति के आधार पर 184 सांसद करोड़पति हैं, जबकि अचल संपत्ति (जमीन, फ्लैट, बागान) के मामले में 167 सांसद इस लिस्ट में आते हैं.
11,356 करोड़ टका का कर्ज: रिकॉर्ड टूटा
अमीरी के साथ-साथ उधारी के आंकड़े भी हैरान करने वाले हैं. नवनिर्वाचित सांसदों पर कुल मिलाकर 11,356 करोड़ टका (बांग्लादेशी मुद्रा) का कर्ज है. यह पिछले चार संसदीय कार्यकालों में सबसे ज्यादा है. संसद में बैठने वाले 49.83% जनप्रतिनिधि कर्जदार हैं. सबसे ज्यादा कर्ज लेने वाले शीर्ष 10 सांसदों की लिस्ट में सभी 10 सांसद बीएनपी के हैं. बीएनपी के कुल 62.02% सांसद कर्ज के बोझ तले हैं, जबकि जमात में यह आंकड़ा 15.94% है.
कमाई में कौन सबसे आगे?
सांसदों की सालाना कमाई के आंकड़े भी रिपोर्ट में उजागर किए गए हैं. कोमिला-8 सीट से बीएनपी सांसद जकारिया ताहिर की सालाना कमाई सबसे ज्यादा 59 करोड़ 16 लाख टका घोषित की गई है. संसद के 48 सदस्यों की सालाना कमाई 1 करोड़ टका से ज्यादा है. सबसे ज्यादा कमाई करने वाले टॉप-10 में 9 बीएनपी से और 1 जमात से है.






Add comment