अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

ज्ञान विज्ञान की संस्कृति के सबसे बड़े पक्षधर थे महान वैज्ञानिक प्रोफेसर यशपाल

Share

मुनेश त्यागी 

      प्रोफेसर यशपाल कमाल की शख्सियत थे। उन्होंने 24 जुलाई 2017 को अंतिम अंतिम सांस ली थी। वे हमारे सबके प्यारे और आशावादिता से भरपूर इंसान और वैज्ञानिक थे। जैसे वे सर्वज्ञानी हों। वे ज्ञान विज्ञान के सबसे बड़े समर्थक थे। वे सब के लिए विज्ञान की मुहिम के पक्षधर थे।

       प्रोफेसर यशपाल सबको मुफ्त शिक्षा, सबको अनिवार्य और आधुनिकतम वैज्ञानिक शिक्षा के पैरोकार थे। वे यूजीसी के चेयरमैन, जेएनयू के वाइस चांसलर थे। उन्हें कई सरकारी साम्मानों से नवाजा गया। वे योजना आयोग के सदस्य रहे। वैज्ञानिक और योजना आयोग के चेयरमैन रहे। क्या कमाल का व्यक्तित्व था उनका। उन्होंने विज्ञान को राजनीति, अर्थशास्त्र और नैतिकता से जोड़ा।

      उन्हें पदम भूषण, यूनेस्को के कलिंग सम्मान, मारकोनी इंटरनेशनल फैलोशिप, लाल बहादुर राष्ट्रीय पुरस्कार, इंदिरा गांधी पुरस्कार और पदम विभूषण जैसे अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। उनकी विज्ञान, गणित, भौतिकी और भूगोल में अच्छी खासी रुचि थी। उन्होंने उन सब का गहन अध्ययन किया और बाद में उच्च शिक्षा के लिए भौतिकी को चुना और दुनिया के महान वैज्ञानिकों की कतार में जा बैठे। एक अकेला आदमी और इतनी सारी उपलब्धियां।

       उन्होंने विज्ञान को आम आदमी की भाषा में लाकर जैसे क्रांति ही कर दी हो। उन्होंने जनता में स्वाध्याय की भावना और रुचि पैदा की। वे पाठ को रटने के बजाय, समझने पर विशेष जोर देते थे और यहीं वे दूसरे वैज्ञानिकों से कोसों आगे थे। वे विज्ञान और तकनीक को जन जन तक ले गए। वे तो बिना किसी शक के जनता के वैज्ञानिक थे।

      प्रोफेसर यशपाल अपने समय के बहुत ही मशहूर “टर्निंग प्वाइंट” कार्यक्रम को दूरदर्शन पर ले गए। वे साइंस यानी विज्ञान को जनता के बीच ले गए, सारे देश की जनता के सामने वहां प्रयोग किए, बच्चों और जनता से सवाल आमंत्रित किए और उनके जवाब जनता के सामने, जनता की भाषा में दिए और टीवी को “ईडियट बॉक्स” नहीं, “जनता का दोस्त” बना दिया था। टीवी के माध्यम से साइंस को जनता के बीच ले गए और विज्ञान को जनता के बीच लोकप्रिय बनाया था।

      प्रोफेसर यशपाल अंधविश्वासों, धर्मांधता, अज्ञानतापूर्ण मान्यताओं और परिपार्टियों के जबरदस्त मुखालिफ थे। टर्निंग प्वाइंट कार्यक्रम में उन्होंने अंधविश्वासों और पाखंडों की पोल खोल दी, जादू टोना-टोटकों  का जमकर विरोध किया और जनता का आह्वान किया कि वे भी उनकी मुखालफत करें और अपने जीवन को ज्ञान विज्ञान की रोशनी से सराबोर करें और दुनिया के आधुनिकतम ज्ञानी विज्ञानी इंसान बनें।

      टर्निंग प्वाइंट कार्यक्रम में प्रोफेसर यशपाल ने जो कमाल किया, वह था विज्ञान के गूढ़ विषयों को आम जन की भाषा में रोचक बनाकर पेश करना। इसी प्रोग्राम में, करोड़ों लोगों को, प्रोफेसर यशपाल के जरिए, इंद्रधनुष, आकाशगंगा, ग्रहण, राहु केतु और सौर ऊर्जा के रहस्यों को जानने समझने में मदद मिली थी। वे शिक्षा को बिना बोझ महसूस किए पढ़ने और पढ़ाने के प्रवक्ता और बहुत बड़े हांमी थे।

     वे शिक्षा को मुनाफाखोरी का धंधा और व्यवसाय बनाये जाने के परम विरोधी थे। शिक्षा को मुनाफाखोरी का धंधा बनाने की सरकार की नीतियों के खिलाफ उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की थी और उस कानून को रद्द करने की मांग की थी। तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश आरसी लाहोटी की तीन सदस्यीय पीठ ने उनकी याचिका की दलीलों में काफी दम पाया और कानून को खारिज कर दिया।

     वे उदारवादी विचारों के प्रबल समर्थक और दावेदार थे। उनके विचार वैज्ञानिक संस्कृति, वैज्ञानिक सोच, अकादमिक स्वाधीनता और हिसाब किताब देयता यानी जिम्मेदारी से ओतप्रोत थे। उन्हें उच्च शिक्षा के पुनर्जीवन के लिए गठित समिति का चेयरमैन बनाया गया। अपनी रिपोर्ट में विश्वविद्यालय के बारे में उनका कहना था कि विश्वविद्यालय वह स्थान है जहां नए विचारों के बीज अंकुरित होते हैं, जड़े पकड़ते हैं और लंबे तगड़े बनते हैं। यह वह अनोखी जगह है, जहां रचनात्मक दिमाग मिलते हैं, एक दूसरे से संवाद करते हैं और नई वास्तविकता के लिए भविष का रास्ता बनाते हैं।

      मगर अफसोस कि आज हमारे विश्वविद्यालयों का गला घोटा जा रहा है, उनमें से कई गुंडागर्दी, हिंसा, जातिवाद और सांप्रदायिकता के गड्ढों में तब्दील कर दिए गए हैं। ऐसे विपरीत समय में प्रोफेसर यशपाल के विचार ही हमारा सही दिशा में और सही मार्गदर्शन सकते हैं।

       प्रोफेसर यशपाल की सबसे बड़ी खूबी यह थी कि उन्होंने नौजवान पीढ़ी में नई समझ और ज्ञान का चस्का यानी वैज्ञानिक सोच और रुचि पैदा की। सभी विद्यार्थियों से सवाल आमंत्रित करने का आह्वान किया और कहा कि बच्चों को सवाल पूछने की बुनियादी आजादी होनी चाहिए। उनकी दृढ़ मान्यता थी कि जीवन के सभी क्षेत्रों में तार्किकता हो, विवेक पूर्णता हो, ज्ञान विज्ञान से परिपूर्णता हों और सारा जीवन ज्ञान विज्ञान की आधुनिकतम जानकारियों से परिपूर्ण और भरी पुरी हो।

     पिछली सदी के अंतिम दशक में एक बार सुबह सुबह सूर्य ग्रहण पड़ा था। पूर्व कार्यक्रम के अनुसार जनता को इस सूर्य ग्रहण की जानकारी देने के लिए वे सुबह सुबह दूरदर्शन पर आ डटे और सूर्य ग्रहण के बारे में जानकारी देने लगे। उन्होंने यहां जोर देकर बताया कि सूर्य ग्रहण में राहु केतु का कोई काम नहीं है। उन्होंने बताया कि अपनी आंखों से देखिए कि वे दोनों यहां कहां है? राहु केतु का सूर्य या चंद्र ग्रहण से कोई लेना देना या रिश्ता नाता नहीं है।

    उन्होंने बताया कि जब चांद घूमते घूमते सूर्य और पृथ्वी के बीच में आ जाता है तो वह पृथ्वी के कुछ हिस्से पर सूर्य के प्रकाश को आने से रोक लेता है जिस कारण उस भाग पर अंधेरा छा जाता है, इस स्थिति को सूर्यग्रहण कहते हैं। यह कभी आंशिक हो सकता होता है तो कभी पूर्ण ग्रहण हो सकता है और सूर्य ग्रहण अमावस्या के दिन ही होता है। इसमें राहू केतु का कोई रोल नहीं है। राहु और केतु सब काल्पनिक गपोड है और अज्ञान के अलावा और कुछ भी नहीं है। हां इसे कुछ अंधविश्वासी, धर्मांध, अज्ञानी, स्वार्थी और लालची लोगों का पेटभरू कारनामा जरूर कहा जा सकता है।

       दूसरी दफा का वाकया है कि सारे भारत में कुछ शरारती और साम्प्रदायिक ताकतों द्वारा जान पूछकर और एक सोची-समझी साजिश के तहत और भोली भाली जनता को मूर्ख बनाने के लिए, गणेश की पत्थर की मूर्ति को दूध पिलाये जाने का अभियान जा रहा था और मंदिरों के सामने भक्त गणों की लंबी-लंबी लाइनें लग गई थी और हर कोई कहने लगा था कि पत्थर की गणेश की मूर्ति दूध पीने लगी है, गणेश की मूर्ति दूध पी रही है, तभी प्रोफेसर यशपाल टीवी पर आते हैं और गणेश की मूर्ति द्वारा दूध पीने की हरकतों का जोरदार विरोध करने लगते हैं और बताते हैं कि जब तक दूध से भरे गिलास या चम्मच को, गणेश की मूर्ति की गीली सतह से नहीं मिलाओगे, तब तक दूध नीचे जा ही नहीं सकता और इसे साइफन और सतह के दबाव का सिद्धांत बताया और सारी दुनिया को यह सब टीवी पर ही करके दिखाया दिया। इस प्रकार प्रोफेसर यशपाल ने इसके दैवीय उपक्रम होने की बात और प्रयासों की हवा ही निकाल दी थी और उन्होंने पूरी दुनिया को प्रत्यक्ष रूप से दिखा दिया था कि पत्थर की कोई भी मूर्ति दूध नहीं पी सकती।

      प्रोफेसर यशपाल ने खासतौर से जोर दिया कि हमें बच्चों से खूब बातें करनी चाहिए, उन्हें सवाल पूछने देना चाहिए और उनके सवालों का जवाब जरूर ही देना चाहिए। हम सवाल पूछने की संस्कृति पैदा करें, बच्चों को सवाल पूछने से न रोकें, सवाल पूछना बच्चों का और मनुष्य का जन्मजात और बुनियादी अधिकार होना चाहिए। उनका मानना था कि अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, नैतिकता और विज्ञान का संगम होना चाहिए, तभी हमारा समाज और देश, सही मायनों में सही प्रगति और समुचित रूप से विकास कर पाएगा, वरना हम विज्ञान और विकास की दौड़ में पिछड़ जाएंगे।

      मगर जब हम आज अपने चारों ओर नजर डालते हैं तो पाते हैं कि यहां तो चारों और अंधविश्वास और पाखंड के पहाड़ उगा दिए गए हैं, मानव को श्रद्धेय नही, श्रध्दांध और अंधविश्वासी बना दिया गया है, उसे ज्ञान विज्ञान से कोसों दूर कर दिया गया है और यहां अंधविश्वासों और अवैज्ञानिकता का घनघोर अंधेरा छा गया है और जैसे सारी की सारी व्यवस्था ही इसी जनविरोधी और ज्ञान विज्ञान विरोधी उपक्रम में लगी हुई है और जनता के बड़े हिस्से को विज्ञान विरोधी और ज्ञान विरोधी उपक्रम में बनाए रखना चाहती है।

       आज प्रोफेसर यशपाल को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बताए रास्ते पर चलें, जो ज्ञान विज्ञान, तार्किकता और विवेक से परिपूर्ण हो। ज्ञान विज्ञान और तकनीक के संगम से ही हमारा देश और समाज इस अज्ञानता, अंधविश्वास, पाखंडों,  धर्मांधता और अविवेकशीलता की वैतरणी को पार कर सकता है और तभी हम अपने संवैधानिक अधिकार और कर्तव्यों का अनुसरण और पालन कर सकते हैं और एक नई वैज्ञानिक संस्कृति और सोच विचार वाले आधुनिक समाज का निर्माण कर सकते हैं, तभी हम एक विकसित देश, विकसित समाज और विकसित मनुष्य होने के अधिकारी कहला सकते हैं।

      हम प्रोफेसर यशपाल के बहुत आभारी हैं। हमने प्रोफेसर यशपाल के टेलीविजन पर आयोजित प्रोग्राम  टर्निंग प्वाइंट के बारे में अपनी बेटी, बेटे और पत्नी को देखने के लिए प्रेरित किया। वे धीरे-धीरे प्रोफेसर यशपाल का ट्रेनिंग पॉइंट प्रोग्राम देखने लगे और धीरे-धीरे उनके ज्ञान विज्ञान की बातों से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने तमाम तरह के अंधविश्वासों और पाखंडों में विश्वास करना छोड़ दिया और वे विज्ञान विज्ञान की संस्कृति में रच बस गए वे। वे आज भी प्रोफेसर यशपाल के अमूल्य योगदान का जिक्र करते रहते हैं और अपने को प्रोफेसर यशपाल का ऋणी मानते हैं।

     यहीं पर बड़े अफसोस की बात है कि जैसे हमारी सरकार और समाज के बड़े हिस्से ने प्रोफेसर यशपाल जैसे वैज्ञानिकों के बारे में बातचीत करनी छोड़ दी है, उनके बारे में, उनकी उपलब्धियों के बारे में जनता को बताना और जानकारी देना या उनके बारे में कोई कार्यक्रम करना ही छोड़ दिया है। यह सरकार और समस्त सांप्रदायिक ताकतें यह सब जान पूछ कर कर रही हैं। वे नहीं चाहते कि हमारी जनता ज्ञान विज्ञान की संस्कृति में रचे बसे। उनमें से अधिकांश का मानना है कि हमारी जनता अंधविश्वास और पाखंडों में ही लिप्त रहे, ताकि जनता उनकी जन विरोधी, देश विरोधी और संविधान विरोधी और वैज्ञानिक संस्कृति विरोधी नीतियों के बारे में न जान पाएं।

      आज यह हम सब की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन गई है कि भारत के संविधानिक मूल्यों को और ज्ञान विज्ञान की संस्कृति को, आगे ले जाने के लिए प्रोफेसर यशपाल के मिशन को आगे बढ़ाएं, उनके जन्मदिन और पुण्यतिथि पर और विज्ञान दिवस पर विज्ञान को आगे बढ़ाने वाले और धर्मांधता, अंधविश्वास और पाखंडों को खत्म करने के कार्यक्रम आयोजित करें और जनता को आधुनिकतम ज्ञान विज्ञान की संस्कृति से  अवगत करायें।

    प्रोफेसर यशपाल भारत के ज्ञान विज्ञान के अभियान की सबसे बड़ी हस्ती थे। 1990 में उन्हें अपनी इसी प्रतिबद्धता के कारण जन विज्ञान समिति का अध्यक्ष बनाया गया था ताकि भारत के गांव गांव शहर शहर में ज्ञान विज्ञान के प्रचार प्रसार को बढ़ावा मिल सके। उनके इसी विराट व्यक्तित्व के कारण प्रोफेसर यशपाल को भारत में शिक्षा की स्थिति सुधारने के लिए यशपाल कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। आज भारत के ज्ञान विज्ञान प्रचार प्रसार से जुड़े लोगों की यह सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन गई है कि वे प्रोफेसर यशपाल की ज्ञान विज्ञान के प्रचार-प्रसार की विरासत को जनता के बीच ले जाएं। वर्तमान सरकारी संस्थान इस काम को नहीं करेंगे। यह काम भी जनता के ज्ञानी वैज्ञानी प्रबुद्ध प्रतिनिधियों को आगे ले जाना होगा।

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

Follow us

Don't be shy, get in touch. We love meeting interesting people and making new friends.

चर्चित खबरें