डायरेक्टर मोजर ने कहा- खून खराब बंद हो यह किसी के लिए फायदेमंद नहीं
लॉस् एजेलिस। डॉक्यूमेंट्री फिल्म वी विल डांस अगेन को अमेरिका के 46वें एनुअल न्यूज एंड डॉक्यूमेंट्री एमी अवार्ड्स में आउटस्टैडिंग करंट अफेयर्स डॉक्यूमेंट्री का पुस्कार मिला है। इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म में 7 अक्टूबर 2023 को हुए इजराइल पर हमास हमले के बारे बताया गया है। यह हमला नोवा म्यूजिक फेस्टिवल में हुआ था। इस हमले में सैकड़ों लोग मारे गए थे और कई लोग घायल हुए थे। यह फिल्म उस दर्दनाक घटना को याद दिलाती है। वी विल डांस अगेन 90 मिनट की फिल्म है। इसे पैरामाउंट प्लस और हॉट 8 नाम की कंपनियों ने मिलकर तैयार किया है। इस फिल्म के डायरेक्टर यारीव मोजर हैं। उन्होंने यह सम्मान स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने हमास में बंधक बनाए गए लोगों के समर्थन में अपने कपड़ों पर पीले रंग का होस्टेज पिन बैज लगाया हुआ था। यारीव मोजर ने अवॉर्ड लेने के बाद कहा कि आज रात तक 620 दिन हो चुके हैं जब से इजराइलियों और गाजा के फिलिस्तीनियों को भयानक दर्द और तकलीफ झेलनी पड़ रही है। यह सब 7 अक्टूबर को हमास के हमले से शुरू हुआ था। वी विल डांस अगेन डॉक्यूमेंट्री दिखाती है कि उस दिन क्या हुआ था। मोजर ने कहा कि इस फिल्म की निर्माता, मिशल वीट्स, इस हफ्ते घायल हो गईं जब उनके तेल अवीव शहर स्थित घर पर ईरान द्वारा दागी मिसाइल गिरी। वह अस्पताल में भर्ती हैं। हम उनके जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं। अवॉर्ड समारोह में मोजर के साथ फिल्म टीम के अन्य लोग भी मौजूद थे। इस दौरान एक मां भी आईं, जिनकी बेटी उस हमले में मारी गई थी। नतालिया कैसरोटी की 21 साल की बेटी केशेत कैसरोटी नोवा म्यूजिक फेस्टिवल में हुए हमले का शिकार हुई थीं। साथ ही, दो ऐसे लोग भी मंच पर आए जो उस हमले से बच गए थे और फिल्म में दिखाए गए हैं। मोजर ने कहा कि हम यह अवॉर्ड उन सभी बंदियों को समर्पित करते हैं जो अभी भी गाजा में हमास के कब्जे में हैं, जिन्हें सुरक्षित और घर जल्दी वापस लाना चाहिए। हम चाहते हैं कि यह खूनखराबा खत्म हो। यह युद्ध खत्म होना चाहिए। यह युद्ध न तो इजराइली के लिए फायदेमंद है और न ही हमास के लिए। सभी जगह शांति होनी चाहिए इस लड़ाई में हजारों फलस्तीनी भी मारे गए हैं वह भी हमारी तरह ही दुख झेल रहे हैं।





