मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र में मौसम विभाग ने भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में 12 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट है.
मध्य प्रदेश में शनिवार को नए सिस्टम के चलते प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर देखा गया. इस दौरान भोपाल, रायसेन, जबलपुर, इंदौर, उज्जैन, बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, दमोह, खजुराहो, मंडला, सागर, सतना, सिवनी, शाजापुर, देवास, सीहोर, रतलाम, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन समेत 21 जिलों में मध्यम से तेज बारिश हुई. इस दौरान रायसेन में सबसे ज्यादा करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई. वहीं जबलपुर में भी 1 इंच से ज्यादा पानी गिरा है.
मौसम विभाग के अनुसार, 17 अगस्त को भी कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. इसके बाद 18 अगस्त से बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होगा. जिससे कई जिलों में अति भारी या भारी बारिश होगी. इससे पहले अगले 24 घंटे के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के मालवा-निमाड़ संभाग के 12 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान यहां भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
बता दें, प्रदेश में अब तक औसत से मौसम वैज्ञानिक अमित शर्मा के अनुसार, वर्तमान समय में एक ट्रफ लाइन प्रदेश के गुना और मंडला जिले से होते हुए गुजर रही है. साथ ही प्रदेश में एक साइक्लोनिक सरकुलेशन सिस्टम भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है. एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन पंजाब के ऊपर व एक अन्य उत्तर पूर्वी अरब सागर क्षेत्र में बना हुआ है. अगले 5 दिनों तक पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन और पांढुर्णा जिले में वज्रपात के साथ अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है. वहीं भोपाल, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.
जाने अधिकतम/न्यूनतम तापमान
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले जिलों की बात करें तो ग्वालियर में 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा सतना में 34.9 डिग्री, टीकमगढ़ में 34.8 डिग्री, दतिया में 34.5 डिग्री और गुना/श्योपुर में 34.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान खंडवा में 19 डिग्री दर्ज किया गया. पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 19.6 डिग्री, खरगोन में 20 डिग्री, राजगढ़ में 20.6 डिग्री और नरसिंहपुर में 21.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा?
प्रदेश के पांच बड़े शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो ग्वालियर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. यहां पारा 35.3 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा जबलपुर का 31.7 डिग्री, उज्जैन का 31.5 डिग्री, भोपाल का 30.4 डिग्री, इंदौर का 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.





