महू
बुधवार को नगर परिषद चुनाव की नाम वापसी का आखरी दिन था। इस दौरान महूगांव और मानपुर में कई प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस भी लिए हैं। वहीं महूगांव परिषद में शुरू से प्रत्याशियों को लेकर खींचतान जारी थी। जहां भाजपा ने कुछ प्रत्याशियों को मनाने में जुटी रही, वहीं कांग्रेस ने दो प्रत्याशियों को बदल दिया है।
दोपहर 3 बजे तक 14 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए हैं। महूगांव परिषद चुनाव के लिए कुल 83 उम्मीदवारों ने फार्म जमा किए थे। जिनमें से तीन के फार्म रिजेक्ट हो गए थे। कुल मिलाकर अब परिषद के 15 वार्ड के लिए 66 प्रत्याशी मैदान में हैं।
बुधवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का दौर चलता रहा। शाम 7 बजे के बाद अधिकारियों ने फाइनल सूची जारी कर चुनाव चिन्ह आंवटित किए। इस बार परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस ने शुरू से ही बगावत उठ रही थी। तीन दिन पहले ही तीन पार्षद प्रत्याशियों ने पार्टी पर आरोप लगाते हुए नाम वापसी को लेकर वीडियो जारी किए थे। इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इन प्रत्याशियों को मनाने में लगे रहे। वहीं दो प्रत्याशी तो मान गए लेकिन वार्ड 10 से प्रत्याशी सपना शैलेंद्र ने अपना नाम वापस ले लिया। जिसके चलते कांग्रेस ने चंदन आलोक पांडे को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं वार्ड 5 से कांग्रेस प्रत्याशी संबल सिंह का फार्म रिजेक्ट होने के बाद यहां से अरूण उदय सिंघारे का नाम फाइनल किया है।





