इंदौर
प्रशासनिक संकुल में एक नजारा था 18 जून को, जब कोई साफा बांधे तो कोई हार पहने ढोल-ढमाकों के साथ पहुंचा था, वहीं एक नजारा था 22 जून को नाम वापसी के दिन, जब दावेदार आए तो सही लेकिन मजबूरी में। कहीं पार्टी की मजबूरी तो कोई दादा या भाभी के कहने पर पहुंचा नाम वापस लेने।
कांग्रेस हो या भाजपा, दोनों पार्टियों के प्रत्याशियों की ऐसी ही स्थिति थी। नाम वापसी के बाद कोई खुलकर बोला तो किसी के आंसू निकल गए। किसी ने यह कहकर खुद को दिलासा दे दिया कि पार्टी का फैसला ही अंतिम फैसला है। नाम वापस तो लिए लेकिन दिल पर पत्थर रखकर यह फैसला प्रत्याशी ले सके।
नामांकन वापसी का दिन : भाजपा-कांग्रेस ने ऐनवक्त पर मनाया
- वार्ड 43 : पूर्व एमआईसी सदस्य दिलीप शर्मा पूर्व सभापति अजयसिंह नरूका के साथ फॉर्म वापस लेने पहुंचे। शर्मा ने कहा मेरा नुकसान व्यक्ति ने किया है, पार्टी ने नहीं, इसलिए पार्टी का काम करता रहूंगा।
- वार्ड 49 : भाजपा से बागी प्रत्याशी राजा कोठारी ने लगातार तीसरे चुनाव में नाम वापस लिया है। कोठारी ने बताया कैलाशजी, दादा (रमेश मेंदोला) का फोन आया था, इसलिए नाम वापस लिया।
- वार्ड 73 : कांग्रेस के प्रवक्ता जौहर मानपुरवाला ने नाम वापस लिया। मानपुरवाला नाराज थे, क्योंकि बोहरा समाज से किसी को टिकट नहीं दिया।
- वार्ड 52 : पूर्व पार्षद दिलीप कौशल व रवि गुरनानी की पत्नियों ने फॉर्म जमा किया था। दोनों ने फॉर्म वापस लिया। उनका कहना था पार्टी का मामला है, इसलिए नाम वापस लिया।
- वार्ड 69 : लोधीपुरा से भाजपा की बागी संगीता अनिल लालावत भी पहुंचीं। संगीता ने बताया कि भाभी ने कहा तो फॉर्म वापस ले लिया।
- वार्ड 82 : कांग्रेस के बागी प्रवीण नीखरा ने नाम वापस लिया। यहां अधिकृत प्रत्याशी मितेश रावल हैं, जो कांग्रेस विधायक रवि जोशी समर्थक हैं। अंतिम समय में पहुंचे नीखरा ने कहा- मतलब नहीं है अब, इसलिए नाम वापस ले रहा हूं।
- वार्ड 66 : बड़े नेताओं की समझाइश के चलते कलेक्टर कार्यालय पहुंचे नरेश फुंदवानी का मन बदल रहा था। 2.45 पर विधायक मालिनी गौड़ का फोन उनके पास आया। बात मानकर उन्होंने 2.55 पर नाम वापस लिया।
- वार्ड 68 : पूर्व पार्षद अयाज बेग को कांग्रेस ने टिकट दिया। इसी वार्ड में अनस अहमद, आरिफ राईन, अरबाज मंसूरी, जफर मंसूरी, शकील अता ने निर्दलीय फॉर्म जमा किया। ये मानने को तैयार नहीं थे। बुधवार दोपहर 1 बजे सुरजीतसिंह चड्ढा, आफताब खान और पार्षद प्रत्याशी बेग पिंजारा बाखल पर मंसूरी के घर पहुंचे। पांचों को मनाया।
- वार्ड 46 : तीन बागी थे। स्वप्निल कोठारी ने तीनों को समझाया। इसके बाद अनीता कुन्हारे, कांतिलाल लोधवाल, भरत जिनवाल मान गए। उनके फॉर्म वापस करवाए।
- वार्ड 37 : अनिता शुक्ला को बैठाया। 44 के एक बागी को बैठाया। 45 में रचना नागवंशी को समझाकर फॉर्म वापस करवाया। वार्ड 38 में गोलू पठान को समझाया। वे भी मान गए।
बरसते पानी में नाम वापस करने पहुंचे मिश्रा, पर नहीं हुआ
वार्ड 85 : प्रत्याशी रविकांत मिश्रा का टिकट ऐन वक्त पर बदलकर सचिन चौहान को दिया गया। दोपहर में मिश्रा प्रचार में जुटे थे। उन्हें सूचना देकर बुलाया गया। प्रचार छोड़ा बरसते पानी में मिश्रा करीब 3 बजे कलेक्टर ऑफिस पहुंचे। समय निकल जाने पर नामांकन वापस लेने से अफसरों ने इनकार कर दिया।





