ऑल इंडिया पीस एंड सॉलिडैरिटी ऑर्गनाइजेशन, मध्य प्रदेश राज्य इकाई, वेनेजुएला के आंतरिक मामलों में संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा की जा रही खुलेआम दखलअंदाजी, दबाव और हस्तक्षेप की कड़े शब्दों में निंदा करती है। अमेरिका की यह साम्राज्यवादी नीति न केवल वेनेजुएला की संप्रभुता और आत्मनिर्णय के अधिकार का घोर उल्लंघन है, बल्कि विश्व शांति के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है।
एप्सो का स्पष्ट मत है कि किसी भी संप्रभु देश की सरकार और उसके नेतृत्व के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध, राजनीतिक साजिशें, कूटनीतिक दबाव अथवा सैन्य हस्तक्षेप, अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के मूल सिद्धांतों के विपरीत हैं। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी के खिलाफ अपनाया गया दमनकारी रवैया अस्वीकार्य है। संगठन राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी के विरुद्ध सभी प्रकार की जबरन कार्रवाई तत्काल समाप्त करने तथा उन्हें पूर्ण स्वतंत्रता और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग करता है।
विश्व शांति परिषद की विचारधारा के अनुरूप एप्सो यह मानता है कि विश्व की समस्याओं का समाधान संवाद, सहयोग और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व से ही संभव है, न कि युद्ध, प्रतिबंधों और सत्ता-परिवर्तन की नीतियों से।
अमेरिका को वेनेजुएला के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप तुरंत बंद करना चाहिए, सभी प्रकार के प्रतिबंध और दबाव वापस लेने चाहिए तथा वेनेजुएला की संप्रभुता और जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
एप्सो, मध्य प्रदेश राज्य इकाई, भारत की शांति-प्रिय जनता, लोकतांत्रिक संगठनों और प्रगतिशील शक्तियों से अपील करती है कि वे साम्राज्यवादी हस्तक्षेप के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद करें और वेनेजुएला की जनता के साथ एकजुटता प्रकट करें, ताकि विश्व में शांति, न्याय और राष्ट्रों के बीच समानता के सिद्धांतों की रक्षा की जा सके।
— जारीकर्ता
अरविंद पोरवाल,
महासचिव,
ऑल इंडिया पीस एंड सॉलिडैरिटी ऑर्गनाइजेशन
मध्य प्रदेश राज्य इकाई
9425314405





