भोपाल. 7 अगस्त को होने जा रहे अन्न महोत्सव की सरकार ने नई टैगलाइन दी है. इसे नाम दिया गया है भोजन भी जीवन भी और सम्मान भी. इस सिलसिले में सीएम शिवराज ने शुक्रवार को एक अहम बैठक की. इसमें असम, उत्तराखंड, त्रिपुरा, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और गोवा जैसे 7 राज्यों के खाद्यान मंत्री भी जुड़े. बैठक में सभी कलेक्टर, जिला प्रशासन के अधिकारी और प्रदेश शासन के मंत्री भी वर्चुअल शामिल हुए.

बैठक में ये तय किया गया कि 7 अगस्त को प्रदेश के 52 जिलों के लिए 52 वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नियुक्त किये जाएंगे और प्रदेश की 25435 राशन दुकानों में जनप्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि बनाया जाएगा. सभी दुकानों में सतर्कता समिति होगी और एक नोडल अधिकारी रहेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अन्न उत्सव को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम 7 अगस्त को सुबह 11 बजे शुरू होगा.
अन्न उत्सव कार्यक्रम
7 अगस्त से गरीबों को उचित मूल्य की दुकानों से थैलों में राशन मिलेगा. पात्र हितग्राहियों को 10-10 किलो राशन थैलों में दिया जाएगा. प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति व्यक्ति 5-5 किलो नि:शुल्क राशन और मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के अंतर्गत 5-5 किलो राशन 1 रूपये किलो की दर पर दिया जाएगा. 7 अगस्त को सभी उचित मूल्य दुकान पर समारोहपूर्वक राशन का वितरण शुरू किया जाएगा. इस दिन उचित मूल्य दुकानों पर मंत्री, सांसद, विधायक समेत कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे.
कितने लोगों को मिलेगा लाभ
राशन वितरण में प्रदेश के 1 करोड़ 15 लाख 46 हजार 59 परिवारों को शामिल किया गया है. इसका लाभ 4 करोड़ 89 लाख 89 हजार 855 हितग्राहियों को लाभ मिलेगा. इन्हें प्रदेश की 25 हजार 423 उचित मूल्य दुकानों से राशन थैलों में दिया जाएगा।




