अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

होर्डिंग !

Share

चंद्रशेखर शर्मा

अखबार में खबर पढ़ी कि ब्लैकमेलिंग करने वाले फर्जी पत्रकार गिरफ्तार। एक पर रासुका लगाई। पढ़कर हंसी आई और रोमांच भी हुआ कि इंदौर के वो लोग कितने बेवकूफ या भोले हैं, जो फर्जी पत्रकारों से ब्लैकमेल हो जाते हैं ! ये भी कोई बात हुई ? फर्जी से होने में तो आपकी इज्जत (यदि हो तो) दो कौड़ी की हो जाती है। होना ही है तो असली पत्रकार से होइए। अलबत्ता ब्लैकमेल करते पकड़े जाने वाले पत्रकारों को फर्जी लिखा जाता है तो इसका एक आशय ये है कि असली पत्रकार किसी को ब्लैकमेल नहीं करते ! कितना ‘भोला’ आशय है न ये ?
बहरहाल आज अलसुबह अपन ने राजबाड़ा पर एक विशाल होर्डिंग देखा। सुबह के धुंधलके में वो चार हेलोजन की लाइट से जगमगा रहा था। देखा तो उस पर बहुत बड़े अक्षरों में लिखा था खबरदार ! चौंकाने वाली बात ये कि उसके नीचे खुद अपना फोटो था ! सनाका खा गए अपन तो। यों नीचे और भी बहुत कुछ लिखा था। 
लिखा था-इन्हें ठीक से पहचान लीजिए। ये हैं शहर के ब्लेकमेलर और कथित पत्रकार चंद्रशेखर शर्मा उर्फ चंदू काका। ये खुद को पत्रकार बताकर कालोनाइजरों, ठेकेदारों, व्यापारियों, कारखाना मालिकों, बिल्डरों और खदान वालों से लेकर तमाम तरह के लोगों को ब्लैकमेल और उनसे अवैध वसूली करते हैं। यहीं नहीं, जगह-जगह बोरिंग करवाने वालों से लेकर आरटीआई लगाकर इसी तरीके से वसूली में तो ये महामाहिर हैं। इनके इतने कारनामे और करतूतें हैं कि सबका यहां बखान संभव नहीं। इनके खिलाफ अनेक शिकायतें मिली हैं और उनकी जांच के बाद इन्हें छह माह के लिए रासुका में निरुध्द किया गया है। इसके अलावा इनके घर का बिजली कनेक्शन भी इतनी अवधि के लिए काटने के साथ इनके घर झाड़ू-पोंछा करने वाली बाई, बर्तन मांजने वाली बाई तथा यदि इनके घर यदि नौकर हैं तो सब नौकरों और अखबार व दूध की बंदी वाले की सेवाएं भी प्रतिबंधित रहेगी और जो कोई भी इनको ये सेवाएं देगा या देगी उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इनके परिवार को छह माह की इस अवधि के दौरान अपना निवास सहित इंदौर छोड़ने की मनाही रहेगी और जो भी रिश्तेदार, होटल, धर्मशाला, लाज या सराय आदि वाला किसी भी कारण से इनको पनाह देगा तो उस पर सख्त पुलिस कार्रवाई की जाएगी। आज्ञा से-कलेक्टर इंदौर। पूरा पढ़कर अपन तो पसीने-पसीने हो गए। तभी कानों में आवाज आयी, “अब उठ भी जाइए, आज से दीवाली की सफाई में भिड़ना है ! जाहिर है नींद तुरंत रफूचक्कर थी।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें