पटना
केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का देशभर में हिंसक विरोध हो रहा है। बिहार से निकली चिंगारी पूरे देश में फैल गई है। वहीं, इसको लेकर BJP और JDU भी आमने-सामने हो गई है। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर BJP प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने बिहार सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘सिर्फ भाजपा को टारगेट किया जा रहा है। इसे जल्द रोका जाए, नहीं तो फिर किसी के लिए ठीक नहीं होगा।’
जायसवाल के इस बयान पर JDU भड़क गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पलटवार करते हुए कहा, ‘CM नीतीश कुमार सरकार चलाना जानते हैं। संजय जायसवाल मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। अच्छा होगा कि वो युवाओं को समझाएं।’
वहीं, JDU के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, ‘संजय जायसवाल की बातों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। हर घर में एक ऐसा आदमी होता है, जो कुछ भी बोलता है। प्रशासन अपना काम ठीक तरीके से कर रहा है।
विपक्ष साजिश के तहत करवा रहा प्रदर्शन: BJP
संजय जायसवाल ने कहा, ‘हमारे मधेपुरा कार्यालय में जब आग लगाई गई उस वक्त 300 पुलिसकर्मी मौजूद थे। बावजूद उस घटना को अंजाम दिया गया। कई मामलों पर पुलिस ने बातें छिपाने की भी कोशिश की है।’
साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘विपक्ष सोची समझी साजिश के तहत इन घटना को अंजाम दिलवा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में कोई भी छात्र नहीं है। छात्र कभी हिंसा नहीं करते हैं। ये सब उपद्रवी हैं, जो विपक्ष के कहे अनुसार देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं। जो भी छात्र हैं, उन्हें अग्निपथ योजना बहुत अच्छी लगी है। इस योजना में कहीं भी विरोध करने जैसा कुछ नहीं है।’

प्रेस वार्ता करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल।
JDU पर निशाना- ये सब जल्दी रोके, नहीं तो ठीक नहीं होगा
इस दौरान उन्होंने इशारों में JDU पर निशाना साधा। बीते दिनों ललन सिंह और उपेंद्र कुशवाहा की आपत्ति का जवाब देते हुए कहा, ‘हम लोग अलग-अलग दल के हैं तो आपत्ति होना लाजमी है, लेकिन वो आएं और हमें इसका कारण बताए कि इसमें क्या गलती है।’
BJP मामला बिगड़ता देख संतुलन खो चुकी: JDU राष्ट्रीय अध्यक्ष
ललन सिंह ने कहा, ‘JDU को संजय जायसवाल से शिक्षा लेने की जरूरत नहीं है। CM नीतीश कुमार को अच्छे से सरकार चलाना आता है। प्रशासन भी अच्छा काम कर रहा है। मामले को बिगड़ता देख BJP अपना संतुलन खो चुकी है। उनको संतुलन बनाए रखने की जरूरत है। अगर BJP को लगता है कि यहां का प्रशासन लापरवाही बरत रहा है तो BJP शासित प्रदेश में प्रशासन को क्यों नहीं कह रहे उपद्रवी पर गोली चलवा दें।’
तीन दिन में तीन BJP कार्यालय जले, पांच नेता निशाने पर
पिछले तीन दिनों में अग्निवीरों ने भाजपा के तीन जिला कार्यालयों में आग लगा दी है। कल यानी शुक्रवार को सासाराम और मधेपुरा के भाजपा कार्यालयों में आग लगा दी थी। इस पूरे प्रकरण में भाजपा के पांच नेता निशाने पर रहे। पहले बिहार की डिप्टी सीएम रेणु देवी के आवास पर हमला किया था, फिर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल के घर पर।

शुक्रवार को सासाराम में BJP कार्यालय में हुई थी तोड़फोड़ (फाइल फोटो)।
हमले के दौरान डिप्टी सीएम रेणु देवी तो पटना में थी, लेकिन संजय जायसवाल घर में ही थे,वो किसी तरह बचे। वहीं, लौरिया के भाजपा विधायक और भोजपुरी फिल्म के गीतकार विनय बिहारी पर सेना अभ्यर्थियों ने हमला किया था। बिहारी के सुरक्षाकर्मियों की सूझबूझ से उनकी जान बचाई थी।

BJP विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने किया था हमला।
वहीं, गुरुवार को नवादा से विधायक अरुणा देवी और छपरा से विधायक सीएन गुप्ता पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया था। वहीं, नवादा के जिला कार्यालय को भी फूंक दिया था।





